{"_id":"624c63e8e20bfa4a493fbcbc","slug":"shahbaz-sharif-asks-pakistan-army-chief-and-dg-isi-to-present-evidence-if-opposition-lawmakers-committed-treason-amid-political-crisis-news-in-hindi","type":"story","status":"publish","title_hn":"पाकिस्तान: शहबाज शरीफ की सेना और आईएसआई प्रमुख से मांग, विपक्षी सांसदों ने देशद्रोह किया है तो सबूत पेश करिए","category":{"title":"World","title_hn":"दुनिया","slug":"world"}}
पाकिस्तान: शहबाज शरीफ की सेना और आईएसआई प्रमुख से मांग, विपक्षी सांसदों ने देशद्रोह किया है तो सबूत पेश करिए
Tue, 05 Apr 2022 09:14 PM IST
गौरव पाण्डेय
वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला, इस्लामाबाद
वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला, इस्लामाबाद
Published by: गौरव पाण्डेय
Updated Tue, 05 Apr 2022 09:14 PM IST
सार
इमरान खान के नेतृत्व वाली पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) सरकार ने हाल ही में हुई राष्ट्रीय सुरक्षा समिति (एनएससी) की बैठक में एक कूटनीतिक संदेश (डिप्लोमैटिक केबल) पेश किया था। इमरान सरकार का दावा है कि ये दस्तावेज पीटीआई सरकार के खिलाफ विदेश से रची गई साजिश का ठोस सबूत हैं। उन्होंने विपक्ष पर देशद्रोह का आरोप भी लगाया है।
विज्ञापन
शहबाज शरीफ
- फोटो : facebook/ShehbazSharif
विस्तार
पाकिस्तान में चल रहे राजनीतिक संकट के बीच प्रधानमंत्री इमरान खान ने विपक्षी सांसदों पर देशद्रोह का आरोप लगाया है। इसे लेकर राष्ट्रीय असेंबली में विपक्ष के नेता शहबाज शरीफ ने मंगलवार को प्रधानमंत्री इमरान सेना प्रमुख जनरल कमर जावेद बाजवा और खुफिया एजेंसी आईएसआई के प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल नदीम अहमद अंजुम से कहा कि अगर विपक्षी सांसदों ने देशद्रोह किया है तो इससे संबंधित सबूत सुप्रीम कोर्ट के सामने पेश करें।
विज्ञापन
सुप्रीम कोर्ट के बाहर मीडिया से बात करते हुए पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज (पीएमएल-एन) के अध्यक्ष शहबाज शरीफ ने दोहराया कि किसी भी विपक्षी सांसद ने देशद्रोह नहीं किया है। उन्होंने कहा, 'हमने किसी विदेशी ताकत को आमंत्रित नहीं किया और न ही हम किसी विदेशी साजिश में शामिल हैं।' 70 वर्षीय नेता ने कहा कि मैं सेना प्रमुख और आईएसआई के महानिदेशक से मांग करता हूं कि अगर इसके सबूत हैं तो उन्हें सुप्रीम कोर्ट में पेश किया जाए।
विज्ञापन
इमरान खान बार-बार यह दावा करते आ रहे हैं कि पाकिस्तान में सत्ता परिवर्तन के लिए एक देश के साथ मिलकर साजिश रची जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया है कि देश के विपक्षी नेताओं ने विदेशी ताकतों के साथ हाथ मिलाया है। इमरान का आरोप है कि मुझे अमेरिका की अगुवाई वाली साजिश के तहत सत्ता से बाहर करने के लिए निशाना बनाया गया। उन्होंने कहा है कि इसी के तहत राष्ट्रीय असेंबली में मेरे खिलाफ एक अविश्वास प्रस्ताव लाया गया था।
विज्ञापन
प्रधानमंत्री का कहना है कि रूस और चीन के खिलाफ मुद्दों पर साथ देने से इनकार करने के लिए मेरे खिलाफ यह साजिश रची गई। हालांकि, अमेरिका ने इमरान के इन दावों को खारिज किया है। इमरान खान 24 फरवरी को रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से मिलने मॉस्को गए थे। कहा जा रहा है कि अमेरिका ने रूस न जाने के लिए इमरान खान पर दबाव भी बनाया था, लेकिन इसके बावजूद इमरान खान व्लादिमीर पुतिन से मुलाकात करने गए थे।
इमरान खान ने दावा किया है कि अमेरिका के विदेश विभाग में दक्षिण एशिया के साथ काम कर रहे शीर्ष अमेरिकी अधिकारी डोनाल्ड लू सत्ता परिवर्तन के लिए विदेशी साजिश में शामिल थे। डोनाल्ड लू दक्षिण एवं मध्य एशियाई मामलों के लिए सहायक विदेश सचिव हैं। इसके अलावा 27 मार्च को इमरान खान ने एक पत्र दिखाया था और दावा किया था कि विपक्ष की ओर से लाया गया अविश्वास प्रस्ताव पाकिस्तान में सत्ता परिवर्तन की साजिश का ही एक हिस्सा था।