Bangladesh: शहाबुद्दीन चुप्पू बांग्लादेश के नए राष्ट्रपति चुने गए, जानें जज से शीर्ष पद तक पहुंचने का सफर
बांग्लादेश की संसद में पूर्ण बहुमत रखने वाली अवामी लीग पार्टी ने शहाबुद्दीन चुप्पू को राष्ट्रपति पद के लिए नामित किया था। जबकि संसद में विपक्षी पार्टी ने किसी को देश के सर्वोच्च पद के लिए नामित नहीं किया था। ऐसे में चुप्पू का रास्ता साफ हो गया था।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पूर्व न्यायाधीश मोहम्मद शहाबुद्दीन चुप्पू को बांग्लादेश का नया राष्ट्रपति चुन लिया गया है। वह बांग्लादेश के 22वें राष्ट्रपति होंगे। 74 वर्षीय शहाबुद्दीन चुप्पू निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं। वह वर्तमान राष्ट्रपति मोहम्मद अब्दुल हामिद की जगह लेंगे। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, बांग्लादेश के मुख्य निर्वाचन आयुक्त काजी हबीबुल अवल ने रविवार को जमा किए गए उनके नामांकन पत्रों की जांच के बाद चुप्पू के निर्विरोध राष्ट्रपति चुने जाने की घोषणा की। मुख्य निर्वाचन आयुक्त ने नए राष्ट्रपति की नियुक्ति को लेकर सोमवार को गजट भी जारी कर दिया।
इससे पहले, संसद में पूर्ण बहुमत रखने वाली अवामी लीग पार्टी ने शहाबुद्दीन चुप्पू को शीर्ष पद के लिए नामित किया था। वहीं, संसद में विपक्षी पार्टी ने किसी को देश के सर्वोच्च पद के लिए नामित नहीं किया था। ऐसे में चुप्पू का रास्ता साफ हो गया था। गौरतलब है कि वर्तमान राष्ट्रपति मोहम्मद अब्दुल हामिद का कार्यकाल इस साल 24 अप्रैल को समाप्त हो रहा है। बता दें कि वर्तमान में अवामी लीग के पास 350 सदस्यीय सदन में 305 सीटें हैं। इस बहुमत को देखते हुए मोहम्मद शहाबुद्दीन चुप्पू का राष्ट्रपति बनना पहले से ही तय माना जा रहा था।
कौन हैं मोहम्मद शहाबुद्दीन चुप्पू
मोहम्मद शहाबुद्दीन चुप्पू का जन्म पश्चिमोत्तर पबना जिले में हुआ था। वे 1960 के दशक के अंत और 1970 के दशक की शुरुआत में अवामी लीग के छात्र और युवा विंग के नेता थे। इतना ही नहीं, चप्पू ने 1971 के मुक्ति संग्राम में भी भाग लिया था और 15 अगस्त, 1975 को बांग्लादेश के संस्थापक बंगबंधु शेख मुजीबुर रहमान की उनके परिवार के सदस्यों के साथ एक सैन्य तख्तापलट में हत्या के बाद विरोध प्रदर्शन करने के लिए उन्हें कैद भी किया गया था। उस तख्तापलट के कारण अवामी लीग सरकार भी गिर गई थी। बाद में 1982 में वे देश की न्यायिक सेवा से जुड़े। बाद में जब साल 1996 के चुनावों में अवामी लीग वापस सत्ता में लौटी तो चुप्पू ने बंगबंधु हत्याकांड की जांच दल के समन्वयक के रूप में कार्य किया। बाद में उन्होंने राजनीति में पदार्पण किया। राजनीति में आने के बाद वे अवामी लीग सलाहकार परिषद के सदस्य बने। अब देश के राष्ट्रपति बनने के बाद उन्हें पार्टी में अपनी जिम्मेदारियों को त्यागना पड़ेगा।
कौन है परिवार में
पूर्व न्यायाधीश मोहम्मद शहाबुद्दीन चुप्पू के परिवार में पत्नी रेबेका और एक बेटा है। पत्नी रेबेका सुल्ताना सरकार की पूर्व संयुक्त सचिव हैं।