{"_id":"65779a91c87305494a0fd374","slug":"russian-opposition-leader-and-putin-critic-alexei-navalny-missing-from-prison-report-2023-12-12","type":"story","status":"publish","title_hn":"Alexei Navalny: पुतिन के विरोधी एलेक्सी नवलनी जेल से गायब, रूसी विपक्षी नेता की प्रवक्ता ने दी जानकारी","category":{"title":"World","title_hn":"दुनिया","slug":"world"}}
Alexei Navalny: पुतिन के विरोधी एलेक्सी नवलनी जेल से गायब, रूसी विपक्षी नेता की प्रवक्ता ने दी जानकारी
Tue, 12 Dec 2023 04:56 AM IST
गुलाम अहमद
वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला, मॉस्को
वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला, मॉस्को
Published by: गुलाम अहमद
Updated Tue, 12 Dec 2023 04:56 AM IST
सार
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, 19 साल कैद की सजा काट रहे नवलनी को सोमवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिये कोर्ट में हाजिर होना था, लेकिन जेल से उन्हें वीडियो कॉन्फ्रेंस के लिए उपलब्ध ही नहीं कराया गया।
विज्ञापन
एलेक्सेई नावालनी
- फोटो : सोशल मीडिया
विस्तार
रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के विरोधी एलेक्सी नवलनी करीब एक सप्ताह से गायब हैं। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, नवलनी के वकीलों की एक सप्ताह से उनसे कोई बात नहीं हुई है। कैदियों की सूची से भी उनका नाम गायब है। मॉस्को के पूर्व में एक जेल में कैद नवलनी को चरमपंथ के मामले और अन्य अपराधों में इसी साल अगस्त में 19 साल जेल की सजा सुनाई गई थी। नवलनी को सोमवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिये कोर्ट में हाजिर होना था, लेकिन जेल से उन्हें वीडियो कॉन्फ्रेंस के लिए उपलब्ध ही नहीं कराया गया। जेल अफसरों ने दलील दी कि बिजली की दिक्कत से नवलनी को पेश नहीं किया जा सका।
विज्ञापन
नवलनी की प्रवक्ता कीरा यर्मिश ने सोमवार को कहा कि नवलनी छह दिनों से लापता हैं। बार-बार प्रयास करने के बावजूद वकील जेल में बंद नेता से नहीं मिल पाए हैं और उन्हें बताया गया है कि नवलनी जेल में नहीं हैं। यर्मिश ने कहा कि वकीलों को जानकारी दी गई है कि नवलनी कैदियों की सूची में अब नहीं हैं। अधिकारियों ने यह बताने से इनकार कर दिया कि उन्हें कहां स्थानांतरित किया गया है।
विज्ञापन
इस बीच, नवलनी की टीम के हवाले से मॉस्को टाइम्स की रिपोर्ट में कहा गया है कि जेल में बंद रूस के विपक्षी नेता का स्वास्थ्य काफी खराब है। उनकी करीबी सहयोगी और नवलनी के एंटी-करप्शन फाउंडेशन बोर्ड की अध्यक्ष मारिया पेवचिख ने कहा कि हमें पता चला है कि पिछले हफ्ते उनके साथ स्वास्थ्य संबंधी गंभीर समस्या हुई थी। नवलनी का जीवन खतरे में है। उन्हें अलग-थलग रखा गया है। उनके वकीलों को प्रवेश से मना कर दिया गया है और इंतजार करने के लिए कहा गया है।
विज्ञापन