उत्तर कोरिया इस हफ्ते नष्ट करेगा परमाणु केंद्र, टल सकती है ट्रंप-किम की बैठक
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
उत्तर कोरिया ने परमाणु निशस्त्रीकरण की ओर कदम बढ़ाते हुए 12 मई को एक बड़ा बयान दिया था। उसने कहा था कि अगर मौसम अनुकूल रहा तो वह 23 से 25 मई तक देश के मध्य पुंग्ये-री परमाणु परीक्षण स्थल को नष्ट कर देगा।
अब वह अपने इसी वादे को पूरा करने की राह पर चल पड़ा है। इस पहल को कवर करने के लिए विदेशी पत्रकारों ने देश में डेरा जमाना भी शुरु कर दिया है। प्योंगयांग मीडिया कर्मियों के एक छोटे समूह को ही परीक्षण स्थल तक जाने की इजाजत दे रहा है।
शुरुआत में दक्षिण कोरिया की मीडिया को भी यहां आना था लेकिन मंगलवार को उन्हें बीजिंग से चार्टर्ड विमान में सवार होने की इजाजत नहीं दी गई। वह चाहता है कि भूमिगत परीक्षण और अंतर महाद्वीपीय बैलेस्टिक मिसाइल के प्रक्षेपण को रोक देने के उसके वादे का प्रचार हो।
उत्तर कोरिया ने हाल में वादा किया था कि वह विदेशी मीडिया के सामने पुंग्ये-री परीक्षण स्थल को उड़ा देगा। यहां प्योंगयांग ने कई सुरंगों का निर्माण किया है। पुंग्ये-री देश के उत्तरपूर्वी हिस्से में स्थित है और वहीं उत्तर कोरिया के सभी छह परीक्षण हुए थे।
टल सकती है ट्रंप-किम की बैठक
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और उत्तर कोरिया के नेता किम जोंग उन के बीच 12 जून को प्रस्तावित बैठक टल सकती है। ट्रंप ने कहा कि इस मुद्दे पर अभी कई मसले साफ नहीं हैं। ऐसे में बैठक की तिथि आगे बढ़ाई जा सकती है।
व्हाइट हाउस में ट्रंप ने दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति मून जे इन के साथ बैठक में जाने से पहले यह बयान दिया। ट्रंप-मून के बीच बातचीत से ही निर्णय होगा कि उत्तर कोरिया व अमेरिका के बीच बैठक होगी या नहीं। मून इसी मुद्दे पर वार्ता करने अमेरिका पहुंचे हैं।
गौरतलब है कि उत्तर कोरिया ने बीते हफ्ते दक्षिण कोरिया से होने वाली बातचीत को रद्द कर दिया था। दरअसल, ऐसा उसने दक्षिण कोरिया और अमेरिका के संयुक्त सैन्य अभ्यास मैक्स ठंडर से नाराज होकर किया था।
उत्तर कोरिया ने कहा था कि अमेरीका परमाणु हथियारों को लेकर अगर एकतरफा दबाव बनाता है तो वह 12 जून को होने वाली बातचीत भी रद्द कर सकता है। जिसके बाद अमेरिका ने उसे तबाह करने की धमकी दी थी।