अमेरिकी अर्थव्यवस्था को सुधारेंगे पिचाई, नडेला समेत ये 6 भारतवंशी
- ट्रंप ने किया अरविंद कृष्ण, संजय मेहरोत्रा, एन. मुखर्जी व अजय बंगा को भी शामिल
- आर्थिक पुनरुद्धार उद्योग समूहों का गठन, पटरी पर अर्थव्यवस्था के लिए देंगे सुझाव
विस्तार
कोरोना वायरस महामारी के चलते बुरी तरह से तबाह हो चुकी अमेरिकी अर्थव्यवस्था को पुनर्जीवित करने के लिए अमेरिकी राष्ट्रपति ने ग्रेट अमेरिकन इकॉनोमिक रिवाइवल इंडस्ट्री समूहों का गठन किया है। इसमें ट्रंप ने गूगल के सुंदर पिचाई और माइक्रोसॉफ्ट के सत्या नडेला समेत छह भारतवंशियों को नामित किया है। ये आर्थिक पुनरुद्धार उद्योग समूह अमेरिका की अर्थव्यवस्था पर ट्रंप को सुझाव देंगे।
ट्रंप ने अमेरिकी आर्थिक हालातों को पटरी पर लाने के लिए विभिन्न उद्योगों और वर्गों के 200 से ज्यादा शीर्ष अमेरिकी दिग्गजों को लेकर करीब डेढ़ दर्जन समूहों का गठन किया है। तकनीकी समूह में पिचाई और नडेला के अलावा आईबीएम के अरविंद कृष्ण और माइक्रोन के संजय मेहरोत्रा शामिल हैं।
इसके अलावा पेरनोड रिकार्ड की भारतीय-अमेरिकी एन. मुखर्जी को विनिर्माण समूह में स्थान दिया गया है। मास्टरकार्ड के अजय बंगा को वित्तीय सेवा समूह में स्थान दिया गया है। ट्रंप ने कहा, ‘ये ऐसे नाम हैं जिनके बारे में मुझे लगता है कि वे सबसे अच्छे और सबसे स्मार्ट, सबसे शानदार हैं। और वे हमें कुछ विचार देने जा रहे हैं।’
अन्य समूहों में टिम कुक, जुकरबर्ग जैसे नाम शामिल
एक अन्य समूह में एप्पल के टिम कुक, ओरेकल के लैरी एलिसन और फेसबुक के मार्क जुकरबर्ग शामिल हैं। वहीं मैन्युफैक्चरिंग समूह में कैटरपिल के जिम उम्पलेबी, टेस्ला के एलन मस्क, फिएट क्रिसलर के माइक मैनले, फोर्ड के बिल फोर्ड और जेनरल के मैरी बारा शामिल हैं। वीजा मामलों में अल केली, ब्लैकस्टोन के स्टीफन श्वार्जमैन, फिडेलिटी इंवेस्टमेंट के एबिगेल जॉनसन व इंटुइट के सासन गुडाराजी शामिल हैं।
व्हाइट हाउस के साथ मिलकर काम करेंगे द्विदलीय समूह
अमेरिकी राष्ट्रपति ने जिन समूहों को बनाया है उनमें कृषि, बैंकिंग, निर्माण-श्रम-कार्यबल, रक्षा, ऊर्जा, वित्तीय सेवाएं, खाद्य और पेय पदार्थ, स्वास्थ्य, आतिथ्य, विनिर्माण, अचल संपत्ति, खुदरा, तकनीक, दूरसंचार, परिवहन, खेल और विचारशील नेता शामिल हैं। अमेरिकी नेताओं के ये द्विदलीय समूह व्हाइट हाउस के साथ मिलकर काम करेंगे, ताकि वे अद्वितीय अमेरिकी समृद्धि के भविष्य की ओर अग्रसर हो सकें।