PM Modi: बिम्सटेक सम्मेलन के लिए मोदी थाईलैंड रवाना; पीएम शिनावात्रा से भी करेंगे मुलाकात
पीएम मोदी आज से 6 अप्रैल तक विदेश यात्रा पर रहेंगे। इस दौरान पीएम मोदी थाईलैंड और श्रीलंका का दौरा करेंगे। थाईलैंड में वह छठे बिम्सटेक शिखर सम्मेलन में शिरकत करेंगे।
विस्तार
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दो दिवसीय यात्रा पर थाईलैंड रवाना हो गए हैं। अपनी इस यात्रा के दौरान बैंकॉक में वह थाईलैंड की प्रधानमंत्री पैतोंगतार्न शिनावात्रा के साथ वार्ता करेंगे और शुक्रवार को छठे बिम्सटेक शिखर सम्मेलन में शिरकत करेंगे। पीएम मोदी का बृहस्पतिवार को शिनावात्रा से मुलाकात का कार्यक्रम है। उसी दिन शाम को वह समुद्री सहयोग समझौते के लिए बिम्सटेक नेताओं के साथ बातचीत करेंगे। शुक्रवार को बिम्सटेक सम्मेलन में पीएम मोदी की नेपाल के पीएम केपी शर्मा ओली व बांग्लादेश के मुख्य सलाहकार मोहम्मद यूनुस से भी मुलाकात की संभावना है।
पीएम मोदी व प्रधानमंत्री शिनावात्रा वाट फो का दौरा करेंगे, जो थाईलैंड के शीर्ष छह मंदिरों में से एक है। यह जगह लेटे हुए बुद्ध की विशाल प्रतिमा के लिए प्रसिद्ध है। बिम्सटेक सम्मेलन में थाईलैंड, बांग्लादेश, श्रीलंका, नेपाल, म्यांमार और भूटान के नेता शिरकत करेंगे।
तीन दिवसीय दौरों पर पीएम मोदी ने किया ट्वीट
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, अगले तीन दिनों में मैं थाईलैंड और श्रीलंका की यात्रा पर रहूंगा, जहां भारत और इन देशों के बीच सहयोग बढ़ाने के लिए कई कार्यक्रमों में हिस्सा लूंगा। आज बैंकॉक में मैं प्रधानमंत्री पैतोंगतार्न शिनावात्रा से मुलाकात करूंगा और भारत-थाईलैंड दोस्ती पर चर्चा करूंगा। कल मैं बिम्सटेक सम्मेलन में भाग लूंगा और थाईलैंड के राजा महा वजिरालोंगकोर्न से मुलाकात करूंगा।
एक अन्य पोस्ट में उन्होंने कहा, मेरी श्रीलंका यात्रा 4 से 6 अप्रैल तक होगी। यह दौरा श्रीलंका के राष्ट्रपति अनुरा कुमारा दिसानायके की भारत यात्रा के बाद हो रही है। हम भारत-श्रीलंका के बहुआयामी संबंधों की समीक्षा करेंगे और सहयोग के नए तरीकों पर चर्चा करेंगे। मैं इन बैठकों को लेकर उत्साहित हूं।
2015 के बाद से मोदी की द्वीप राष्ट्र की चौथी यात्रा
2015 के बाद से यह प्रधानमंत्री मोदी की द्वीप राष्ट्र की चौथी यात्रा होगी। इससे पहले पीएम मोदी ने 2015, 2017 और 2019 में श्रीलंका का दौरा किया था। यह यात्रा ऐसे वक्त हो रही है, जब भारत और श्रींलका के बीच मछुआरों की गिरफ्तारी का मुद्दा गरम है। इस कारण से दोनों देशों के बीच तनातनी चल रही है। तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन कई बार विदेश मत्री एस. जयशंकर को पत्र लिखकर मुद्दे के स्थायी हल निकालने के लिए काम करने को कह चुके हैं।
इस साल करीब 150 से अधिक भारतीय मछुआरों को गिरफ्तार किया गया
इससे पहले श्रीलंकाई नौसेना ने दावा किया था कि उन्होंने 2024 में श्रीलंकाई जलक्षेत्र में मछली पकड़ने के लिए घुसे 550 से अधिक भारतीय मछुआरों को गिरफ्तार किया है। इस साल अब तक करीब 150 से अधिक भारतीय मछुआरों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
बिम्सटेक सम्मेलन में मोदी से मिल सकते हैं यूनुस : बांग्लादेश
बांग्लादेश के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि बैंकॉक में होने वाले बिम्सटेक शिखर सम्मेलन के दौरान बांग्लादेश के मुख्य सलाहकार मुहम्मद यूनुस और भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बीच मुलाकात होने की प्रबल संभावना है। इधर नई दिल्ली में सूत्रों ने भी दोनों नेताओं की मुलाकात की बात से इन्कार नहीं किया है।
पीएम मोदी बृहस्पतिवार को दो दिवसीय यात्रा पर थाईलैंड जाएंगे। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच रोहिंग्या सहित अन्य मुद्दे और प्राथमिकताओं पर चर्चा होने की संभावना है। बांग्लादेश सरकार के मुख्य सलाहकार प्रतिनिधि खलीलुर रहमान ने ढाका ट्रिब्यून अखबार से कहा कि बांग्लादेश ने दोनों नेताओं के बीच बैठक का अनुरोध किया है।
इसे भी पढ़ें- US Tariffs: ट्रंप ने भारत पर लगाया 26% पारस्परिक टैरिफ; PM मोदी को बताया अच्छा दोस्त, कहा- निर्णय मुश्किल रहा
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get latest World News headlines in Hindi related political news, sports news, Business news all breaking news and live updates. Stay updated with us for all latest Hindi news.