Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   World ›   Peace Talks: Putin Firm on Opposing Deployment of Foreign Troops in Ukraine; What Did He Tell US Envoys?

शांति वार्ता: यूक्रेन में विदेशी सैनिकों की तैनाती पर पुतिन की दो टूक, अमेरिकी दूतों से मुलाकात में क्या कहा?

Thu, 12 Nov 2026 10:19 PM IST
हिमांशु सिंह चंदेल वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला, मॉस्को
वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला, मॉस्को Published by: हिमांशु सिंह चंदेल Updated Thu, 12 Nov 2026 10:19 PM IST
सार

रूस के राष्ट्रपति पुतिन ने अमेरिकी दूतों से बातचीत में चेतावनी दी कि यूक्रेन में तैनात विदेशी सैनिक रूस के वैध निशाने होंगे। वहीं, जेलेंस्की ने स्टारशील्ड की गति सीमा दोबारा लागू होने से रूसी ड्रोन रोकने में परेशानी बताई। आखिर पुतिन विदेशी सैनिकों की तैनाती का विरोध क्यों कर रहे हैं? स्टारशील्ड की पाबंदी से यूक्रेन की सुरक्षा पर कितना असर पड़ेगा? यूरोप की भूमिका क्या होगी? आइए, इस पूरे मामले को विस्तार से जानते हैं...

विज्ञापन
Peace Talks: Putin Firm on Opposing Deployment of Foreign Troops in Ukraine; What Did He Tell US Envoys?
पुतिन ने अमेरिकी दूतों से मुलाकात में क्या चेतावनी दी? - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स

विस्तार

रूस और यूक्रेन के बीच युद्ध खत्म कराने की कोशिशों के बीच तनाव एक बार फिर बढ़ता दिखाई दे रहा है। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने मॉस्को में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दूत स्टीव विटकॉफ और जेरेड कुशनर से बातचीत के दौरान साफ कहा कि यूक्रेन में तैनात किए जाने वाले विदेशी सैनिक रूस के लिए वैध सैन्य निशाना होंगे। दूसरी ओर, यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने अमेरिका के स्टारशील्ड उपग्रह नेटवर्क पर फिर से गति सीमा लगाए जाने को लेकर चिंता जताई है। उनका कहना है कि इससे रूसी ड्रोन को रोकना मुश्किल हो रहा है और यूक्रेनी शहरों पर हमलों का खतरा बढ़ गया है।

विज्ञापन


पुतिन ने अमेरिकी दूतों से मुलाकात में क्या चेतावनी दी?
मॉस्को में हुई इस बैठक में पुतिन के साथ रूसी राष्ट्रपति के सहयोगी व्लादिमीर मेदिंस्की और यूरी उशाकोव तथा निवेश दूत किरिल दिमित्रिएव भी मौजूद थे। यह बातचीत अबू धाबी में रूस, यूक्रेन और अमेरिका के बीच दो दिन तक चली त्रिपक्षीय वार्ता के बाद हुई। पुतिन ने कहा कि वह चाहते हैं कि यूक्रेन में शांति स्थायी हो, लेकिन इसके लिए रूस की सुरक्षा से जुड़ी चिंताओं को ध्यान में रखना होगा। उन्होंने विदेशी सैन्यकर्मियों की यूक्रेन में तैनाती को सिरे से खारिज कर दिया। उन्होंने यह भी कहा कि रूस यूक्रेन के साथ अपनी राष्ट्रीय सीमा को ही विभाजन की एकमात्र रेखा मानता है। यूक्रेन की ओर से चर्चा में उठाए गए तथाकथित ग्रे जोन के मुद्दे का भी जिक्र हुआ।
विज्ञापन


क्या युद्ध के बीच नागरिकों को निकालने का प्रस्ताव भी दिया गया?

  • पुतिन ने मानवीय मुद्दों पर हुई प्रगति का जिक्र करते हुए ट्रंप को सीधे संपर्क की पहल के लिए धन्यवाद देने को कहा। अमेरिकी दूत विटकॉफ ने भी प्रस्तावित कैदियों की अदला-बदली को समाधान की दिशा में आगे बढ़ने का संकेत बताया। पुतिन ने यूक्रेन के कोन्स्टेंटिनोव्का इलाके से नागरिकों को निकालने के लिए अभियान चलाने का प्रस्ताव दिया। उन्होंने इसे अल्योश्की में हुए हालिया अभियान की तरह आयोजित करने की बात कही।
  • विज्ञापन
    विज्ञापन
  • इसके लिए रूस और यूक्रेन के मानवाधिकार आयुक्तों को मिलकर काम करने का सुझाव दिया गया। पुतिन के मुताबिक, रूसी सेना इस इलाके पर नियंत्रण रखती है और नागरिकों की सुरक्षित निकासी सुनिश्चित कर सकती है। हालांकि, वहां बिछी बारूदी सुरंगों को हटाने के लिए पांच दिन का समय चाहिए। उन्होंने कहा कि अगर यूक्रेन इस शहर पर अपना नियंत्रण बताता है तो उसे भी अपनी तरफ से सुरक्षा की गारंटी देनी चाहिए।


यूरोपीय देशों को बातचीत में शामिल करने पर क्या चर्चा हुई?
बैठक में यूक्रेन के पश्चिमी यूरोपीय सहयोगियों को सीधे बातचीत सबाहर रखने का मुद्दा भी उठा। विटकॉफ ने बताया कि अबू धाबी में हुई चर्चा की जानकारी यूरोपीय अधिकारियों को दी गई थी और उन्होंने अमेरिका तथा यूक्रेन के प्रतिनिधियों से अलग बातचीत भी की थी। जेरेड कुशनर ने कहा कि यूरोपीय देश युद्ध खत्म करने की बातचीत में शामिल होना चाहते हैं। उन्होंने सुझाव दिया कि यूरोपीय देश अपना एक प्रतिनिधि चुनें। रूसी अधिकारी यूरी उशाकोव ने कहा कि यूरोप अभी तक किसी एक वार्ताकार के नाम पर सहमत नहीं हुआ है। हालांकि, रूस ने ठोस यूरोपीय शांति प्रस्तावों पर विचार करने की इच्छा जताई है। अभी तक ऐसा कोई प्रस्ताव उसके सामने नहीं आया है।

बातचीत और युद्ध से जुड़े अहम घटनाक्रम क्या?

  • पुतिन की चेतावनी: यूक्रेन में तैनात विदेशी सैनिकों को रूस वैध सैन्य निशाना मानेगा।
  • अमेरिकी प्रतिनिधि: स्टीव विटकॉफ और जेरेड कुशनर ने मॉस्को में पुतिन से मुलाकात की।
  • मानवीय पहल: कैदियों की अदला-बदली और कोन्स्टेंटिनोव्का से नागरिकों की निकासी पर चर्चा हुई।
  • यूरोप की भूमिका: यूरोपीय देशों को बातचीत में शामिल करने और एक प्रतिनिधि चुनने का सुझाव दिया गया।
  • स्टारशील्ड की सीमा: यूक्रेन के कब्जे वाले क्षेत्रों में गति सीमा 161 किलोमीटर प्रति घंटा बताई गई।
  • जेलेंस्की की चिंता: गति सीमा से रूसी शाहेद ड्रोन को रोकना मुश्किल हो रहा है।
  • सुरक्षा का मुद्दा: जेलेंस्की ने यूरोप और रूस के बीच व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की जरूरत बताई।

स्टारशील्ड की गति सीमा से यूक्रेन को क्यों हो रही परेशानी?
दूसरी ओर, जेलेंस्की ने आरोप लगाया कि अमेरिका के स्टारशील्ड उपग्रह नेटवर्क पर यूक्रेन के कब्जे वाले क्षेत्रों में फिर से गति सीमा लगा दी गई है। यह सीमा 161 किलोमीटर प्रति घंटा यानी 100 मील प्रति घंटा कर दी गई है। जेलेंस्की के मुताबिक, इससे यूक्रेन के इंटरसेप्टर ड्रोन रूसी जेट इंजन वाले शाहेद ड्रोन का पीछा नहीं कर पा रहे हैं। उन्होंने कहा कि अग्रिम मोर्चे के पास यूक्रेनी लड़ाकू विमान काम नहीं कर सकते, इसलिए इन इलाकों में दुश्मन के ड्रोन रोकने के लिए इंटरसेप्टर ड्रोन ही प्रमुख विकल्प हैं। गति सीमा के कारण रूसी ड्रोन को समय रहते रोकना मुश्किल हो रहा है और ज्यादा हमले सफल हो सकते हैं। जेलेंस्की ने कहा कि यूक्रेन को अभी यह स्पष्ट जानकारी नहीं है कि अमेरिका की ओर से यह पाबंदी दोबारा क्यों लगाई गई। अक्टूबर में भी ऐसी गति सीमाएं लगाई गई थीं, जिन्हें बाद में हटा दिया गया था।


जेलेंस्की ने अमेरिका और यूरोप को लेकर क्या सवाल उठाए?
जेलेंस्की ने स्टारशील्ड पर लगी पाबंदी को केवल तकनीकी समस्या नहीं, बल्कि राजनीतिक संकेत के तौर पर भी देखा। उन्होंने कहा कि अगर अमेरिका में कोई फैसला यूक्रेन के कब्जे वाले इलाकों को यूक्रेन का हिस्सा नहीं मानने जैसा है तो यह चिंता की बात है। उन्होंने सहयोगी देशों से रूस के कब्जे वाले यूक्रेनी क्षेत्रों को किसी भी तरह मान्यता नहीं देने की अपील की। सुरक्षा गारंटी के मुद्दे पर जेलेंस्की ने कहा कि बातचीत केवल यूक्रेन की सुरक्षा तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि यूरोप और रूस के बीच व्यापक सुरक्षा व्यवस्था पर भी चर्चा होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि सोवियत संघ के टूटने के बाद यूरोप ने रूस के साथ व्यापार और सहयोग बढ़ाने की कोशिश की थी। उनके मुताबिक, पुतिन का युद्ध यूरोप के साथ किसी अपरिहार्य टकराव की वजह से नहीं, बल्कि दूसरों के प्रति उनके रवैये से जुड़ा है।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get latest World News headlines in Hindi related political news, sports news, Business news all breaking news and live updates. Stay updated with us for all latest Hindi news.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed