Big News: वेस्ट बैंक में इस्राइली सेना ने फलस्तीनी उग्रवादी को गोली मारी, बांग्लादेश में हिंदू शिक्षक की हत्या, पढ़ें खास खबरें
इस्राइली सेना ने दो लोगों को गिरफ्तार करने के लिए छापेमारी की थी जिसके बाद जेनिन के पास हुई झड़प में 25 वर्षीय मोहम्मद मेरई को गोली लग गई और उसकी मौत हो गई।
विस्तार
इस्राइली बलों ने वेस्ट बैंक में छापेमारी के दौरान भड़के संघर्ष में फलस्तीन के एक उग्रवादी को गोली मार दी जिससे उसकी मौत हो गई। फलस्तीनी स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि इस्राइली सेना ने दो लोगों को गिरफ्तार करने के लिए छापेमारी की थी जिसके बाद जेनिन के पास हुई झड़प में 25 वर्षीय मोहम्मद मेरई को गोली लग गई और उसकी मौत हो गई। फलस्तीनी इस्लामी जिहाद कट्टरपंथी समूह ने दावा किया है कि मेरई उसका लड़ाका था।
दक्षिण अफ्रीका में 21 युवाओं की मौत का कारण बनी जहरीली गैस
दक्षिण अफ्रीका के पूर्वी तट स्थित एक शराबखाने में पिछले सप्ताह 21 युवाओं की मौत का कारण जहरीली गैस बनी थी। जांच से जुड़े अधिकारियों के करीबी सूत्रों ने यह जानकारी दी। बाहरी ईस्ट लंदन शहर में जिस स्थान पर युवा मृत मिले, वह रात्रि प्रवास के लिए लोकप्रिय था। स्थानीय लोग इसे बंद करने की मांग कर रहे थे। ऐसे काफी युवा हैं, जो अस्पताल ले जाए जाने के कारण जान बचाने में सफल रहे। कुछ अन्य लोगों पर गैस का कोई असर नहीं हुआ। फॉरेंसिक टीम के प्रवक्ता ने अंतिम रिपोर्ट आने से पहले इस पर कुछ भी कहने से इनकार कर दिया।
पेरिस में 2015 में हुए भीषण आतंकी हमले की सुनवाई पूरी
फ्रांस की राजधानी में हुए सबसे भीषण आतंकी हमले की सुनवाई विशेष अदालत ने पूरी कर ली है। अब सजा सुनाई जानी है। 2015 में हुए इस आतंकी हमले में 130 लोगों की मौत हुई थी। इस वारदात में शामिल 20 आतंकियों में से अब केवल सालेह अब्देस्लाम (32) ही जीवित है। उसे ही हमले का मुख्य साजिशकर्ता माना जा रहा है।
आधुनिक फ्रांस के इतिहास के सबसे लंबे इस मुकदमे की सुनवाई पिछले साल सितंबर में शुरू हुई थी। नौ महीने तक पीड़ित, पत्रकार और मृतकों के परिजन विशेष रूप से बनाई गई अदालत में आते रहे। 13 नवंबर 2015 को नेशनल फुटबॉल स्टेडियम और बाटाक्लेन म्यूजिक वेन्यू में बंदूकों और भारी हथियारों से लैस 10 लोगों ने अंधाधुंध गोलीबारी की।
बंदूकों और बमों से किए हमलों में सैकड़ों लोग घायल भी हुए थे। गवाहों के बयान के दौरान भी कोर्ट में मौजूद लोगों को वह भयावह मंजर याद आया तो वे सिहर गए। बाटाक्लेन के भीतर के ऑडियो भी कोर्ट में चलाए गए। आरोपी अब्देस्लाम विरोधाभासी बयान दे रहा है। एजेंसी
बांग्लादेश में हिंदू स्कूल शिक्षक की दिनदहाड़े हत्या
बांग्लादेश में अल्पसंख्यक हिंदुओं पर लगातार हमला जारी है। ताजा घटना में एक स्कूल के राजनीतिक विज्ञान के शिक्षक उत्पल कुमार सरकार की 19 वर्षीय अशराफुल इस्लाम ने क्रिकेट के विकेट से पीट-पीट कर हत्या कर दी। यह घटना 25 जून की है।
जानकारी के मुताबिक उत्पल ढाका स्थित हाजी यूनुस अली स्कूल एवं कॉलेज में पढ़ाते थे। इस घटना के बाद से उनकी बूढ़ी मां का रो-रोकर बुरा हाल है। बेटे की तस्वीर के साथ बिलखती हुई महिला का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है।
बताया जाता है कि आरोपी अशराफुल उसी स्कूल में 10वीं का छात्र है। उसने वारदात वाले दिन स्कूल के मैदान में दिनदहाड़े शिक्षक उत्पल की पीट-पीट कर हत्या कर दी। इस घटना को लेकर हिंदू समुदाय में गहरा आक्रोश है।
करतारपुर, पाकिस्तान में धार्मिक आजादी की प्रतिबद्धता : बाजवा
पाकिस्तानी सेना प्रमुख जनरल कमर जावेद बाजवा ने ब्रिटिश सिख सैनिकों के 12 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल को बताया कि ऐतिहासिक करतारपुर गलियारा धार्मिक आजादी और सद्भाव के प्रति पाकिस्तान की अटूट प्रतिबद्धता की व्यावहारिक अभिव्यक्ति है। ब्रिटिश फील्ड आर्मी के उप कमांडर मेजर जनरल सेलिया जे हार्वे, के नेतृत्व में एक समूह ने रावलपिंडी में सेना मुख्यालय में जनरल बाजवा से मुलाकात की।
बैठक के दौरान बाजवा ने प्रतिनिधिमंडल से कहा कि पाकिस्तान सभी धर्मों का सम्मान करता है और सेना के अनुसार देश में धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने की जरूरत को भी मानता है। बता दें, करतारपुर गलियारा धार्मिक प्रतिनिधिमंडल ने लाहौर का दौरा किया जहां गणमान्य व्यक्तियों ने वाघा बॉर्डर पर ध्वज समारोह देखा। ब्रिटिश सिख सैनिकों ने देश के कई धार्मिक स्थलों का दौरा किया और वे ओरकजई जिले में भी गए। उन्होंने लॉकहार्ट किला और सारागढ़ी स्मारक भी देखा।
भारत दौरे पर बांग्लादेश पीएम हसीना करेंगी रोहिंग्याओं की वापसी पर चर्चा
बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना इस साल नवंबर में भारत आने वाली हैं। वह यहां पर रोहिंग्याओं के मुद्दे पर भी विचार करेंगी। बांग्लादेश के विदेश सचिव मसूद बिन मोमेन ने बुधवार को इस संबंध में जानकारी दी। मोमेन ने कहा, प्रधानमंत्री हसीना म्यांमार से बांग्लादेश आए रोहिंग्या शरणार्थियों से नशा तस्करी जैसी बढ़ने वाली समस्याओं का मुद्दा भी उठाएंगी।
बता दें, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बांग्लादेशी पीएम को भारत आने का न्योता दिया है। मोमेन ने कहा, हमारे लिए एकमात्र सुविधाजनक समाधान रोहिंग्याओं को उनके प्रांत रखाइन वापस भेजना है। उन्होंने कहा, मैं आश्वस्त हूं कि शेख हसीना जब पीएम मोदी से मिलेंगी तब इस बात पर भी विचार करेंगी कि रोहिंग्याओं की वापसी पर भारत किस तरह मदद देगा।
मकानों की कीमतें 9% तक बढ़ीं, बिक्री पर असर नहीं
पिछले एक साल में देश के प्रमुख शहरों में मकानों की कीमतों में 5 से 9 फीसदी का इजाफा हुआ है। बावजूद इसके बिक्री में तेजी रही है। सालाना आधार पर शीर्ष 8 शहरों में अप्रैल-जून तिमाही में 74,330 मकानों की बिक्री हुई। यह एक साल पहले समान तिमाही में 15,968 की तुलना में 4.5 गुना ज्यादा है।
हालांकि, पिछली तिमाही से मांग केवल 5 फीसदी बढ़ी है। उस तिमाही में 70,623 मकानों की बिक्री हुई थी। प्रॉपटाइगर के अनुसार, इस दौरान दिल्ली और एनसीआर में मकानों की बिक्री में 60% की तेजी रही। इस साल अप्रैल-जून में 4,520 मकान बिके, जबकि एक साल पहले 2,830 मकान बिके थे। दिल्ली में मकानों के दाम 6 फीसदी बढ़े हैं। बंगलूरू में अप्रैल-जून के दौरान कुल 8,350 मकानों की बिक्री हुई। एजेंसी
संदीप गुप्ता गेल के नए चेयरमैन होंगे
नई दिल्ली। इंडियन ऑयल में वित्त विभाग के निदेशक संदीप कुमार गुप्ता गेल इंडिया के नए चेयरमैन होंगे। पब्लिक एंटरप्राइजेज सिलेक्शन बोर्ड (पीईएसबी) ने 10 उम्मीदवारों के साक्षात्कार के बाद 56 वर्षीय गुप्ता के नाम को चुना है। इंडियन ऑयल में उन्हें 31 साल का अनुभव है। वर्तमान चेयरमैन मनोज जैन 31 अगस्त को रिटायर होंगे। एजेंसी
बायजू ने 2,500 कर्मियों को नौकरी से निकाला, पिछले साल 1,690 करोड़ था घाटा
नई दिल्ली। 22 अरब डॉलर के मूल्यांकन वाली एडटेक कंपनी बायजू ने लागत घटाने के लिए अपनी कई कंपनियों में से 2,500 कर्मचारियों को निकाल दिया है। निकाले गए कर्मचारियों में कुछ ठेके वाले हैं और कुछ नियमित हैं। 27 और 28 जून को इसने अपनी दो कंपनियों टापर और व्हाइट हैट जूनियर में से 1,500 लोगों को निकाला था। इन दोनों कंपनियों को इसने 45 करोड़ डॉलर में खरीदा था। बुधवार को कंपनी ने 1,000 और कर्मचारियों को बाहर का रास्ता दिखा दिया। जिन लोगों को निकाला गया है, उनका कार्यकाल अक्तूबर- नवंबर में पूरा होगा। बायजू को 2021 में 1,690 करोड़ रुपये का घाटा हुआ था। ब्यूरो
122 स्टार्टअप चार साल में बन सकते हैं यूनिकॉर्न
मुंबई। फंडिंग की दिक्कतों के बावजूद अगले चार साल में 122 स्टार्टअप यूनिकॉर्न बन सकते हैं। इनका मूल्यांकन इस समय 20 करोड़ डॉलर का है। इनके पास 82,300 कर्मचारी हैं। इसके साथ ही यूनिकॉर्न की संख्या 200 तक पहुंच जाएगी।
पीएसएलवी-सी 53 मिशन के प्रक्षेपण की उल्टी गिनती शुरू
श्रीहरिकोटा। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) बृहस्पतिवार को अपने ध्रुवीय उपग्रह प्रक्षेपण यान (पीएसएलवी) से तीन उपग्रहों का अंतरिक्ष में प्रक्षेपण करेगा। सिंगापुर से संबंधित तीन उपग्रहों को न्यूस्पेस इंडिया लिमिटेड के साथ एक अनुबंध के तहत लांच किया जा रहा है। यह न्यू इंडिया स्पेस मिशन का दूसरा मिशन है। पीएसएलवी सी- 53 मिशन सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र, श्रीहरिकोटा के दूसरे लांच पैड से शाम 6:00 बजे लांच किया जाएगा। मिशन के लिए उल्टी गिनती 29 जून शाम 5 बजे से ही शुरू हो गई है।
कोलंबिया ने भारत से मांगी अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी में मदद
बंगलूरू। कोलंबिया ने अपने राष्ट्रीय विकास के लिए अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में भारत से सहायता मांगी है। भारत में कोलंबिया की राजदूत मारियाना पाचेको ने अंतरिक्ष विभाग में सचिव व भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के अध्यक्ष एस. सोमनाथ से मंगलवार को इस सिलसिले में मुलाकात की। इसरो ने बैठक के दौरान पाचेको ने सितंबर 2021 में हस्ताक्षरित भारत-कोलंबिया समझौता ज्ञापन के तहत दोनों देशों के बीच अंतरिक्ष विज्ञान के क्षेत्र में जारी सहयोग पर संतोष जताया। सोमनाथ ने पाचेको को कोलंबिया के विभिन्न मंत्रालयों के अधिकारियों के प्रशिक्षण के माध्यम से क्षमता निर्माण में हरसंभव सहायता का भरोसा दिया।
भारत से सहयोग बढ़ाने को पहुंचा ऑस्ट्रेलियाई सैन्य दल
नई दिल्ली। भारत के साथ रक्षा क्षेत्र में सहयोग को व प्रगाढ़ करने के रास्ते तलाशने को लेकर ऑस्ट्रेलियाई सेना का प्रतिनिधिमंडल एक सप्ताह के दौरे पर भारत आया है। 25 जून को पहुंचे दल के अधिकारी दोनों सेनाओं के बीच तालमेल बेहतर करने और रक्षा पर औद्योगिक सहयोग पर बातचीत की। ऑस्ट्रेलियाई विदेश मंत्री रिचर्ड मार्लेस के तीन दिवसीय भारत दौरे के बाद रक्षा दल का यह दौरा हो रहा है। ब्यूरो
सीबीएसई-सीआईएससीई के नतीजे 15 जुलाई तक
नई दिल्ली। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) और काउंसिल फॉर द इंडियन स्कूल सर्टिफिकेट एग्जामिनेशंस (सीआईएससीई) के 10वीं और 12वीं के परिणाम 15 जुलाई तक आ सकते हैं। कोरोना को देखते हुए इस साल परीक्षाएं दो हिस्सों में हुई थीं। सीबीएसई की 10वीं की परीक्षा 24 मई व 12वीं की परीक्षा 15 जून को समाप्त हुई थी। वहीं, सीआईएससीई 10वीं और 12वीं की परीक्षा क्रमश: 20 व 13 जून को संपन्न हुई थी। एजेंसी
आंध्र प्रदेश के 90 हजार कर्मचारियों के करोड़ों रुपये खाते से गायब
अमरावती। आंध्र प्रदेश में 90 हजार से ज्यादा सरकारी कर्मचारियों के खातों से करोड़ों रुपये अचानक निकल गए। बताया जाता है कि ये रकम कर्मचारियों के जीपीएफ खाते में जमा कराने के बाद निकाले गए।
वहीं, राज्य सरकार की ओर से कहा गया है कि महंगाई भत्ते का एरियर गलती से कर्मचारियों के जीपीएफ खाते में जमा हो गया था। राज्य के विशेष मुख्य सचिव (वित्त) एसएस रावत ने बुधवार को कहा कि तकनीकी खामी को ठीक करने के लिए जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं। एजेंसी