बॉलीवुड सितारों के अमेरिका में शो कराकर भारत विरोधी फंड जुटा रहा पाकिस्तानी इवेंट मैनेजर
पाकिस्तानी मूल का एक इवेंट मैनेजर अमेरिका में बॉलीवुड सितारों के शो आयोजित कर जुटाए जा रहे धन से भारत विरोधी गतिविधियों को फंडिंग कर रहा है। भारतीय एजेंसियों ने यह मामला पकड़ में आने के बाद रेहान सिद्दीकी नाम के इस इवेंट मैनेजर को अपने रडार पर ले लिया है।
भारत के इस कदम का अमेरिका में रह रहे भारतीय मूल के लोगों ने स्वागत किया है। भारतीय मूल के लोगों का कहना है कि वे लगातार भारत के गृह और विदेश मंत्रालय से इस बात की शिकायत कर रहे थे। सरकार ने आखिर हमारी सुन ली है।
सरकारी सूत्रों के मुताबिक, इस प्रमोटर की गतिविधियों की लंबे समय से जांच रही है, लेकिन परिणाम आने में समय लग रहा है। सूत्रों का कहना है कि एक रेडियो स्टेशन भी चलाने वाला सिद्दीकी पर कई सालों से कश्मीर विरोधी गतिविधियों के संचालन में वित्तीय मदद देने का आरोप है। उसकी गतिविधियों में जम्मू-कश्मीर के विभाजन के बाद बढ़ोतरी होने की बात भी सामने आई है।
सिद्दीकी पिछले साल उस समय ज्यादा चर्चा में आया था, जब पश्चिम भारत सिने कामगार संघ (एफडब्ल्यूआईसीई) के आग्रह पर गायक-अभिनेता दिलजीत दोसांझ ने अमेरिका में सिद्दीकी की तरफ से आयोजित अपना कार्यक्रम रद्द कर दिया था। एफडब्ल्यूआईसीई ने देशहित में यह कार्यक्रम रद्द करने का आग्रह किया था।
बुधवार को बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान ने भी 10 फरवरी को सिद्दीकी की तरफ से ह्यूस्टन में आयोजित किया जा रहा अपना कार्यक्रम रद्द कर दिया है। हालांकि सलमान ने इसका कारण जाहिर नहीं किया है। सिद्दीकी की तरफ से 13 मार्च को गजल गायक पंकज उधास और 29 मार्च को रैप गायक बादशाह के साथ शो आयोजित किया जा रहा है।
हाऊडी मोदी के खिलाफ रैलियों में की थी मदद
भारतवंशी समुदाय की एक सदस्य नवन डी. कौर ने आरोप लगाया कि सिद्दीकी ने पिछले साल सितंबर में ह्यूस्टन में आयोजित प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘हाऊडी मोदी’ कार्यक्रम के दौरान भी भारत विरोधी रैलियों के आयोजन में मदद की थी।
बॉलीवुड कलाकारों की ‘डार्लिंग’ के तौर पर मशहूर
भारतवंशी समुदाय के एक कार्यकर्ता राजीव वर्मा का कहना है कि भारतीय मीडिया और एंटरटेनमेंट सेक्टर में अपने एकाधिकार के कारण ह्यूस्टन में सिद्दीकी बॉलीवुड कलाकारों की ‘डार्लिंग’ के तौर पर मशहूर है। वह ह्यूस्टन में रह रहे भारतीय समुदाय के बॉलीवुड प्रेम को भुनाकर पैसा कमाता है और उसे देश पर हमला करने के तौर पर वापस लौटाता है।