भारत के डर से सैन्य छावनी में भेजे गए हाफिज सईद, सलाउद्दीन
भारत के पीओके में सर्जिकल स्ट्राइक के बाद पाकिस्तानी सेना ने टेरर लांच पैड्स और आतंकी कैंप का ठिकाना बदल दिया है। सूत्रों के अनुसार, एलओसी के डेढ़ से दो किलोमीटर में बने कैंपों को 8-10 किलोमीटर अंदर शिफ्ट कर दिया गया है।
यही नहीं लश्कर-ए-तैयबा के सरगना हाफिज सईद और आतंकी सैयद सलाउद्दीन को भी सेना संरक्षण दे रही है। उन्हें कैंट एरिया में पहुंचाया गया है। पाक सेना के कमांडो सादी वर्दी में उनकी सुरक्षा कर रहे हैं। दोनों को लाहौर बस में रखा गया है।
इस बीच, जमात-उद-दावा ने मुंबई हमले के मास्टरमाइंड हाफिज सईद और हिजबुल मुजाहिदीन सरगना सैयद सलाउद्दीन के पाक अधिकृत कश्मीर के सैन्य कैंपों के निरीक्षण करने की खबरों को नकारा है।
राहिल ने भी किया एलओसी का दौरा
जमात-उद-दावा के प्रवक्ता के अनुसार, हाफिज या किसी और के किसी भी सैन्य कैंप के निरीक्षण की खबर पूरी तरह से निराधार है। उसने कहा कि भारत के झूठे प्रचार की मशीनें जमात-उद-दावा प्रमुख की छवि को खराब करना चाहती हैं।
इससे पहले कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में खबरें आई थीं कि सईद और सलाउद्दीन दोनों ने पीओके में मुजफ्फराबाद के सैन्य कैंपों का निरीक्षण किया था।
ये खबरें पाकिस्तान के सेना प्रमुख जनरल राहील शरीफ के भारत द्वारा सर्जिकल स्ट्राइक करने के बाद पहली बार नियंत्रण रेखा के निरीक्षण करने के ठीक एक दिन बाद आईं हैं।