पाकिस्तानी सुरक्षा बलों ने 11 अफगान आतंकियों को मार गिराया
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पाकिस्तान के अशांत उत्तर पश्चिम कबायली क्षेत्र में रविवार को सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में कम से कम 11 अफगान आतंकवादी मारे गए। यह घटना खुर्रम एजेंसी के सपारकोट और पारा चमकानी इलाके की है।
अधिकारियों ने कहा कि मुठभेड़ में कम से कम दो सैनिक घायल हुए हैं। ये आतंकी अफगानिस्तान से खैबर एजेंसी होते हुए खुर्रम एजेंसी में दाखिल होने की कोशिश में थे। सुरक्षा बलों ने इन्हें रोका और फिर गोलीबारी शुरू हो गई। गोलीबारी के दौरान 11 अफगान आतंकवादी मारे गए और कई घायल हो गए। सुरक्षा बलों ने कहा कि मारे गए आतंकवादियों के शव राजनीतिक प्राधिकार को सौंपे जाएंगे। सिंध प्रांत की सूफी लाल शाहबाज कलंदर की दरगाह पर आत्मघाती विस्फोट के बाद पाकिस्तान ने आतंकवादियों के खिलाफ बड़े पैमाने पर कार्रवाई शुरू की है।
गौरतलब है कि पाकिस्तान हमेशा से देश में होने वाले हमलों के लिए अफगानी आतंकियों को जिम्मेदार ठहराता रहा है। पिछले एक सप्ताह में पाकिस्तान सेना 100 से अधिक आतंकियों को ढेर कर चुकी है। साथ ही पाकिस्तान ने अफगानिस्तान को 76 आतंकियों की सूची सौंपी है जो वहां छिपे हुए हैं।
पाकिस्तान के पंजाब में जेयूए के पांच आतंकी ढेर
पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में एक आतंकवाद रोधी अभियान में पुलिस और सुरक्षा बलों ने पांच आतंकियों को मार गिराया है। पुलिस का दावा है कि इस महीने की शुरुआत में लाहौर में एक आत्मघाती घमाके में इन संदिग्ध आतंकियों का हाथ था। इस धमाके में 15 लोगों की मौत हो गई थी।
पंजाब पुलिस के अपराध आतंकवाद विभाग का कहना है कि ये आतंकी तकरीक ए तालिबान पाकिस्तान (टीटीपी) और इससे अलग हुए गुट जमात उल अहरार (जेयूए) से जुड़े थे। सीटीडी के प्रवक्ता ने कहा कि विभाग को सूचना मिली थी कि जमात उल अहरार के आठ आतंकी मुल्तान में एक दरगाह की हमले की योजना बना रहे हैं।
लाहौर से 350 किलोमीटर दूर लायाह जिले में इन आतंकियों के छिपे होने की खबर मिली थी और वे हमले के लिए जमात उल अहरार के प्रमुख उमर खालिद खोरसानी के आदेश का इंतजार कर रहे थे। उन्होंने कहा कि सीटीडी टीम के साथ गोलीबारी में पांच आतंकी मारे गए।
आतंकियों के आत्मसमर्पण से इनकार के बाद यह कार्रवाई की गई। तीन आतंकी फरार होने में सफल रहे। इस दौरान उनके पास से चार हैंड ग्रेनेड, एक राइफल, दो पिस्टल बरामद हुए हैं। 13 फरवरी को लाहौर में हुए आत्मघाती हमले के बाद से सीटीडी ने जमात उल अहरार के 11 आतंकियों को मार गिराया है। हमले में सीनियर पुलिस अधिकारी समेत 15 लोग मारे गए थे।