{"_id":"5c69477fbdec22738a474ee5","slug":"pakistan-denied-allegations-of-india-about-pulwama-terror-attack","type":"story","status":"publish","title_hn":"पुलवामा हमला : पाक ने भारत के आरोपों को बताया बेबुनियाद, कहा- आक्रामक रुख साबित होगा खतरनाक","category":{"title":"Pakistan","title_hn":"पाकिस्तान","slug":"pakistan"}}
पुलवामा हमला : पाक ने भारत के आरोपों को बताया बेबुनियाद, कहा- आक्रामक रुख साबित होगा खतरनाक
Mon, 18 Feb 2019 05:49 AM IST
Avdhesh Kumar
वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला
वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला
Published by: Avdhesh Kumar
Updated Mon, 18 Feb 2019 05:49 AM IST
विज्ञापन
पाकिस्तान ने जम्मू कश्मीर के पुलवामा में हुए आतंकी हमले के बाद की स्थिति के बारे में रविवार को अफ्रीकी और शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) देशों के राजदूतों को जानकारी दी। उल्लेखनीय है कि बृहस्पतिवार को हुए इस हमले में सीआरपीएफ के 40 जवान शहीद हो गए थे।
विज्ञापन
दरअसल, आतंकवाद को एक राजकीय नीति के तौर पर इस्तेमाल करने में पाकिस्तान की भूमिका को उजागर करने के लिए भारत ने शुक्रवार को दिल्ली में ‘पी 5’ राष्ट्रों समेत 25 देशों के राजदूतों को इस बारे में जानकारी दी थी। 'पी 5' देशों में अमेरिका, चीन, रूस, ब्रिटेन और फ्रांस शामिल हैं।
विज्ञापन
पाकिस्तान के विदेश कार्यालय के प्रवक्ता मोहम्मद फैसल ने रविवार को कहा कि विदेश सचिव तहमीना जनजुआ ने पुलवामा हमले के बारे में विदेश मंत्रालय में राजदूतों को जानकारी दे रही हैं। फैसल ने कहा कि भारत के आरोप बेबुनियाद हैं और नयी दिल्ली का ‘आक्रामक रूख उसके लिए ही नुकसानदेह साबित होगा और क्षेत्रीय शांति के लिए खतरा पैदा करेगा।’
विज्ञापन
उन्होंने कहा कि एससीओ राष्ट्रों को पुलवामा हमले के बारे में जानकारी देने के दौरान विदेश सचिव ने ऐसी घटनाओं पर बगैर जांच के फौरन पाकिस्तान पर दोष मढ़ने की भारत की प्रवृत्ति की याद दिलाई। बता दें कि भारत और पाकिस्तान 2017 में एससीओ के सदस्य बने थे।
पाकिस्तानी अधिकारियों ने बताया कि पुलवामा हमले की वैश्विक स्तर पर आलोचना होने के फौरन बाद राजदूतों को जानकारी देने की कवायद शुरू कर दी गई थी क्योंकि भारत ने हमले के लिए पाकिस्तानी तत्वों को जिम्मेदार ठहराया था। उन्होंने बताया कि अब तक 'पी 5' देशों के राजदूतों, संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के अस्थायी सदस्यों, यूरोपीय संघ के सदस्यों और अन्य यूरोपीय देशों को जानकारी दी गई है।