हाफिज सईद पर पाक ने कसा शिकंजा, 44 हथियारों के लाइसेंस रद्द
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
जैश ए मोहम्मद का सरगना और पाकिस्तान में आतंक का दूसरा नाम बन चुका हाफिज सईद अब भारत के साथ साथ पडोसी मुल्क के लिए भी नासूर बन गया है।
एक दिन पहले ही पाकिस्तान के रक्षामंत्री ख्वाजा आसिफ ने पहली बार अंतरराष्ट्रीय मंच पर स्वीकार किया था कि यह खुंखार आतंकी भारत ही नहीं पाकिस्तान के लिए भी दहशत का पर्याय बन गया था। वह समाज के लिए खतरा बनता जा रहा था इसलिए राष्ट्रहित में उस पर लगाम कसी गई है।
ख्वाजा का यह बयान आते ही पाकिस्तान में बवाल मच गया और कई राजनीतिक दल खुलकर इस आतंकी के समर्थन में उतर आए। हालांकि इस सबसे इतर पाकिस्तान सरकार ने आतंकी सरगना के खिलाफ कार्रवाई तेज करते हुए उसके हथियारों के सारे लाइसेंस कैंसिल कर दिए हैं।
पाकिस्तान में नजरबंद किया गया है आतंकी सरगना
बता दें कि कुछ दिन पहले ही पाकिस्तान सरकार ने जैश ए मोहम्मद के प्रमुख हाफिज सईद को उसके घर में नजरबंद कर दिया था। उस समय भी कुछ राजनीतिक दलों ने पाकिस्तान सरकार की इस कार्रवाई को भारत के दबाव में होना बताया था।
सोमवार को पाकिस्तान के रक्षामंत्री ख्वाजा आसिफ ने भी संयुक्त राष्ट्र में एक कार्यक्रम के दौरान सईद पर की गई कार्रवाई को जायज ठहराते हुए कहा था कि वह समाज के लिए आतंक बन गया था इसलिए उस पर कार्रवाई करना जरूरी था। लेकिन पाक रक्षामंत्री का यह बयान खुद उनके ही देश के कुछ धार्मिक और राजनीतिक नेताओं के गले नहीं उतरा और उन्होंने ख्वाजा को भारत का मुखपत्र कहकर उनकी आलोचना शुरू कर दी।
पाकिस्तानी मीडिया में चल रही खबरों के अनुसार विपक्ष के कुछ नेताओं ने उन्हें पाकिस्तान नहीं भारत का रक्षामंत्री कहकर आलोचना की है। पाकिस्तान के प्रमुख विपक्षी दल तहरीक ए इंसाफ (पीटीआई) के नेता महमूदूर रशीद ने ख्वाजा के बयान की आलोचना करते हुए कहा कि भारत के खिलाफ पाकिस्तान बहुत ज्यादा रक्षात्मक रुख अपना रहा है। पाकिस्तान उसी नीति पर चल रहा है जो भारत और अमेरिका तय कर रहे हैं।
पाक नेताओं ने अपने रक्षामंत्री को बताया भारत का मुखपत्र
वहीं गुलाम कश्मीर के पूर्व प्रधानमंत्री सरदार मोहम्मद अतीक के अनुसार पाकिस्तानी विदेश मंत्री का यह बयान भारत को खुश करने के लिए है। वहीं जमात ए इस्लामी के नेता लियाकत बलोच के अनुसार रक्षामंत्री ने अपनी जुबान पर नियंत्रण खो दिया है।
दूसरी ओर आतंकी हाफिज के संगठन जमात उद दावा ने पाक रक्षामंत्री के बयान के खिलाफ देशभर में रैली निकालने का आह्वान किया है। संगठन के प्रवक्ता के अनुसार पाकिस्तानी प्रधानमंत्री नवाज शरीफ को इस मुद्दे पर रक्षामंत्री को नोटिस जारी करना चाहिए।
इससे इतर पाकिस्तान सरकार हाफिज सईद के खिलाफ शिकंजा और कसती जा रही है, जानकारी के अनुसार पाक सरकार ने आतंकी और उसके संगठन के सदस्यों के कुल 44 हथियारों के लाइसेंस कैंसिल कर दिए हैं। पंजाब प्रांत के गृह मंत्रालय के अनुसार सरकार की यह कार्रवाई उसी कड़ी का हिस्सा है जो आतंकी के खिलाफ की जा रही है। उन्होंने बताया कि पंजाब के गृह मंत्रालय ने सुरक्षा कारणों से हाफिज के संगठन के 44 लाइसेंस निरस्त कर दिए हैं।