एक दूसरे के खिलाफ साजिशें रचना बंद करें भारत और पाकिस्तान: नवाज शरीफ
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
भारत द्वारा लगातार अपनाए जा रहे ठोस रवैये के बाद पाकिस्तान पर पड़ रहे अंतरराष्ट्रीय दबाव से पाक हुक्मरानों ने अपने सुरों की तल्खी कुछ हल्की की है। प्रधानमंत्री नवाज शरीफ ने कहा है कि इस्लामाबाद और नई दिल्ली के बीच दोस्ताना संबंध होना चाहिए। उन्होंने जोर देकर कहा कि हम अपने अच्छे संबंध बरकरार रखेंगे और एक-दूसरे के खिलाफ साजिश करने से बचेंगे।
प्रसिद्ध पाकिस्तानी अखबार ‘डॉन’ के मुताबिक नवाज शरीफ ने कहा कि भारत-पाकिस्तान के बीच दोस्ताना और अच्छे संबंध होने चाहिए और उन्हें एक दूसरे के खिलाफ साजिशें रचने से बचना चाहिए।
उन्होंने अपने साथ तुर्की दौरे पर गए संवाददाताओं से कहा कि पाकिस्तान में चुनावी अभियान के दौरान भी उनकी पार्टी ने ‘भारत पर निशाना साधने’ की नीति नहीं अपनाई और इस नकारात्मक परंपरा को खत्म कर दिया है।
आतंकी हमलों के पीछे वो जो पाक की तरक्की से खुश नहीं
उल्लेखनीय है कि बीते एक वर्ष में भारत और पाकिस्तान के संबंधों में काफी खटास आई है। भारत-पाक रिश्तों में यह खटास उरी हमले के बाद आई जिसमें भारत के 19 जवान शहीद हो गए थे। इसके दस दिन बाद भारत ने सर्जिकल स्ट्राइक की थी।
डॉन की खबर के मुताबिक शरीफ ने कहा कि कश्मीर मुद्दे पर पाकिस्तान का साथ देने के लिए वह तुर्की का आभारी है। परमाणु आपूर्तिकर्ता समूह में पाकिस्तान को शामिल करने के पक्ष में तुर्की के रुख के प्रति उन्होंने आभार जताया। इस समूह में भारत भी शामिल होने की कोशिश में है। देश में हाल ही में हुए आतंकी हमलों के बारे में शरीफ ने कहा कि इनके पीछे वे तत्व हैं जो पाकिस्तान की प्रगति से खुश नहीं हैं।
आतंकवाद को जड़ से उखाड़ने का संकल्प दोहराया
नवाज शरीफ ने पाकिस्तान में आतंकवाद को किसी भी कीमत पर जड़ से उखाड़ने का सरकार का संकल्प दोहराया है। उन्होंने कहा, ‘हमारा दृढ़ संकल्प है कि हम उन लोगों को हरा देंगे जिन्हें पाकिस्तान की सफलता पच नहीं पा रही है।’ डॉन की रिपोर्ट के मुताबिक उन्होंने पाकिस्तान में आतंकी गतिविधियों में विदेशी हाथ होने से इनकार नहीं किया।