फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   World ›   Pakistan Political crisis Live all updates: Voting on No Confidence Motion Against Imran Khan government

Pakistan Political Crisis : विपक्ष को मिले 174 वोट, क्लीन बोल्ड हुए इमरान खान, गिरी सरकार

Sun, 10 Apr 2022 02:13 AM IST
प्रांजुल श्रीवास्तव वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला, इस्लामाबाद
वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला, इस्लामाबाद Published by: प्रांजुल श्रीवास्तव Updated Sun, 10 Apr 2022 02:13 AM IST
सार

पाकिस्तान में इमरान सरकार आखिरकार गिर गई। अविश्वास प्रस्ताव पर वोटिंग के दौरान इमरान के खिलाफ 174 वोट मिले।इसी के साथ विपक्ष के नेता शहबाज शरीफ अब पाकिस्तान के नए प्रधानमंत्री होंगे। पीएमएल-एन के सांसद अयाज सादिक के स्पीकर का चार्ज संभालने के बाद अविश्वास प्रस्ताव पर वोटिंग कराई गई। वोटिंग के दौरान इमरान खान की पार्टी के सांसद सदन से बाहर चले गए। इससे पहले नेशनल असेंबली के स्पीकर असद कैसर और डिप्टी स्पीकर कासिम सूरी ने इस्तीफा दे दिया।

विज्ञापन
Pakistan Political crisis Live all updates: Voting on No Confidence Motion Against Imran Khan government
नए स्पीकर अयाज सादिक, नेशनल असेंबली में अविश्वास प्रस्ताव पर वोटिंग। - फोटो : ANI

विस्तार

पाकिस्तान में प्रधानमंत्री इमरान खान अविश्वास प्रस्ताव हार चुके हैं। इसी के साथ इमरान सरकार गिर गई है। अविश्वास प्रस्ताव के खिलाफ वोटिंग में इमरान के खिलाफ 174 वोट पड़े और शहबाज शरीफ के प्रधानमंत्री बनने का रास्ता साफ हो गया। अविश्वास प्रस्ताव पर वोटिंग से पहले इमरान ने देश को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि हमारे देश के लिए मेरा संदेश है कि मैं आखिरी गेंद तक पाकिस्तान के लिए हमेशा लड़ता रहा हूं। जानिए अब तक का अपडेट- 

विज्ञापन

 

शाहबाज शरीफ बनेंगे पाकिस्तान के नए पीएम
शाहबाज शरीफ का पाकिस्तान का नया प्रधानमंत्री बनना तय माना जा रहा है। शाहबाज शरीफ फिलहाल पाकिस्तान की नेशनल असेंबली में विपक्ष के नेता हैं। वो पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज के मौजूदा अध्यक्ष हैं और पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री नवाज शरीफ के भाई हैं। शहबाज शरीफ 1998-99 और फिर 2008 से 2018 तक पाकिस्तान के पंजाब प्रांत के मुख्यमंत्री रह चुके हैं।

विज्ञापन

नामुमकिन कुछ भी नहीं: बिलावल भुट्टो
विपक्ष की जीत के बाद पीपीपी नेता बिलावल भुट्टो जरदारी ने कहा, "पूरे पाकिस्तान को मुबारकबाद। तीन साल से बोझ उठा रहा था मुल्क।" उन्होंने कहा कि "जुर्म है, बढ़ता है, मिट जाता है। तीन-चार साल में सब सीख लिया जो पूरी जिंदगी में नहीं सीखा।"
विज्ञापन
विज्ञापन


जीत पर मरियम नवाज ने ट्वीट किया
नवाज शरीफ की बेटी मरियम नवाज ने जीत के बाद ट्वीट कर कहा कि "आज पाकिस्तान का दु:स्वपन खत्म हुआ।"

पाकिस्तान में आज नई सुबह होगी: शहबाज शरीफ
अविश्वास प्रस्ताव जीतने के बाद शहबाज शरीफ ने नेशनल असेंबली में कहा कि आज अल्लाह ने पाकिस्तान की आवाम की दुआएं कुबूल की हैं। पाकिस्तान में ऐसी मिसालें कम देखने को मिलती हैं। उन्होंने कहा कि "हम बेकसूर लोगों को जेल में नहीं डालेंगे। हम किसी से बदला नहीं लेंगे। पाकिस्तान का बुरा सपना खत्म हुआ। पाकिस्तान में मुस्कुराने के दिन लौटे। "

पाकिस्तान के अटॉर्नी जनरल ने दिया इस्तीफा
इमरान सरकार के अविश्वास प्रस्ताव हारने के साथ ही पाकिस्तान के अटॉर्नी जनरल ने इस्तीफा दे दिया है।

विपक्ष को मिले 174 वोट, गिरी इमरान की सरकार
वोटिंग की गिनती पूरी हो गई है। विपक्ष को 174 वोट मिले हैं। इसी के साथ इमरान खान की सरकार गिर गई है। गौरतलब है कि 342 सदस्यीय असेंबली में सरकार बनाने के लिए 172 सदस्यों की आवश्यकता होती है। विपक्ष को 174 वोट मिलने के साथ ही शहबाज शरीफ के प्रधानमंत्री बनने का रास्ता साफ हो गया है। शहबाज शरीफ पंजाब प्रांत के तीन बार मुख्यमंत्री रह चुके हैं।

नेशनल असेंबली में वोटिंग की प्रक्रिया पूरी
इमरान खान के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पर वोटिंग की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। अभी वोटों की गिनती की जा रही है।

पाकिस्तान नेशनल असेंबली के बाहर इमरान समर्थकों का प्रदर्शन
इमरान खान की पार्टी पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) के कार्यकर्ता पाकिस्तान के पीएम के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पर मतदान जारी होने के बीच नेशनल असेंबली के बाहर जमा हो गए हैं और प्रदर्शन कर रहे हैं।

पाकिस्तान के नए पीएम की घोषणा आज दोपहर दो बजे होगी
अभी नेशनल असेंबली में इमरान खान के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पर मतदान चल रहा है। पाकिस्तान की नेशनल असेंबली का सत्र आज दोपहर दो बजे (पाकिस्तानी समयानुसार) नए प्रधानमंत्री को नामित करने के लिए बुलाया जाएगा। 

इमरान खान के सचिव का तबादला, अधिसूचना जारी
जियो टीवी के मुताबिक, पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान के सचिव आजम खान का तबादला कर दिया गया है। इस संबध में अधिसूचना जारी की गई है।

शहबाज शरीफ के पीएम बनने का रास्ता साफ
कुछ ही देर में वोटिंग का फैसला आने वाला है। नवाज शरीफ के भाई शहबाज शरीफ के पीएम बनने का रास्ता लगभग साफ हो गया है। इसी बीच खबर है कि इस्लामाबाद हाईकोर्ट में इमरान खान के खिलाफ याचिका दायर की गई है। 11 अप्रैल को इस मामले में सुनवाई होगी।इमरान खान के देश छोड़ने पर रोक लगाने की मांग की गई है। इमरान खान, शाह महमूद कुरैशी और फवाद चौधरी को ईसीएल (ECL) में डालने के लिए इस्लामाबाद हाईकोर्ट में एक याचिका दायर किया गया है।

असेंबली की कार्यवाही शुरू हुई
नेशनल असेंबली की कार्यवाही फिर से शुरू हो गई है। इस वक्त सदन में दुआ पढ़ी जा रही है।

कुछ देर के लिए सदन की कार्यवाही स्थगित
दो मिनट के लिए सदन की कार्यवाही स्थगित की गई है। इसी बीच खबर आई है कि इमरान खान ने प्रधानमंत्री आवास छोड़ दिया है।

इमरान खान नजरबंद किए गए
पाक मीडिया के हवाले से खबर है कि इमरान खान को नजरबंद कर दिया गया है।

अविश्वास प्रस्ताव पर वोटिंग शुरू
पाकिस्तान नेशनल असेंबली में अविश्वास प्रस्ताव पर वोटिंग शुरू हो गई है। पीटीआई के सभी सांसद असेंबली से बाहर निकल चुके हैं। विपक्षी दलों के सभी सांसद असेंबली में मौजूद हैं।

नेशनल अंसेबली की कार्यवाही शुरू
पाकिस्तान के नेशनल असेंबली में कार्यवाही शुरू हो गई है। स्पीकर असद कैसर और डिप्टी स्पीकर कासिम सूरी ने नेशनल असेंबली में इस्तीफा की घोषणा की। स्पीकर ने कहा कि मैं इमरान खान के खिलाफ नहीं जाऊंगा। इमरान खान नो जो फैसला किया है वह मुल्क की खुद्दारी के लिए किया है। संसद में स्पीकर ने इमरान खान का सीक्रेट लेटर रखा। अयाज सादिक को स्पीकर का चार्ज दिया गया है। पीएमएल-एन के सांसद हैं सादिक।

पाकिस्तान के स्पीकर और डिप्टी स्पीकर ने दिया इस्तीफा
पाकिस्तान के स्पीकर और डिप्टी स्पीकर ने वोटिंग की मियाद खत्म होने से 25 मिनट पहले ही इस्तीफा दे दिया है। ऐसे में बड़ा सवाल उठ रहा है कि अब वोटिंग कौन कराएगा।

इस्लामाबाद के सभी रास्ते बंद किए गए
कंटेनर लगाकर इस्लामाबाद के सभी रास्ते बंद किए गए हैं। नेशनल असेंबली के बाहर कैदी वैन मौजूद है। पाक मीडिया के हवाले से खबर है कि नेशनल असेंबली के स्पीकर इस्तीफा दे सकते हैं। इसी बीच इमरान खान पाक आर्मी चीफ कमर जावेद बाजवा से मुलाकात की है।

स्पीकर ने इमरान खान को समन भेजा
नेशनल असेंबली के स्पीकर ने इमरान खान को समन किया है। यानी कुछ ही देर में वोटिंग हो सकती है।

12.35 बजे तक वोटिंग की मियाद
नेशनल असेंबली में स्पीकर पहुंच चुके हैं। अगर वोटिंग नहीं हुई तो 12.35 बजे सुप्रीम कोर्ट में होगी सुनवाई। 12.35 बजे तक वोटिंग की मियाद खत्म हो जाएगी। पाकिस्तान के सुप्रीम कोर्ट में अवमानना की याचिका दाखिल की गई है।

रात 12 बजे सुप्रीम कोर्ट के दरवाजे खुलेंगे
पाकिस्तान के मुख्य न्यायाधीश ने रात 12 बजे सुप्रीम कोर्ट के दरवाजे खोलने का फैसला किया है, क्योंकि नेशनल असेंबली के अध्यक्ष असद कैसर ने अभी तक प्रधानमंत्री इमरान खान के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पर मतदान की अनुमति नहीं दी है। पाकिस्तान के जियो न्यूज ने सूत्रों के हवाले से यह बताया है। बताया जा रहा है कि इमरान नेशनल असेंबली में मौजूद हैं और किसी भी वक्त वोटिंग हो सकती है। इस बीच इमरान ने फिर दोहराया कि वह हार नहीं मानेंगे। 

सुप्रीम कोर्ट के चीफ जस्टिस को दिखाई जाएगी धमकी भरी चिट्ठी 
इमरान सरकार ने कथित धमकी भरी चिट्ठी सुप्रीम कोर्ट के चीफ जस्टिस और सीनेट चेयरमैन के साथ साझा करने का फैसला किया है। इमरान का दावा है कि अमेरिका के अधिकारियों की इसी चिट्ठी की वजह से उनकी सरकार गिराई जा रही है। 

सियासी ड्रामा जारी 
अविश्वास प्रस्ताव पर वोटिंग को लेकर सियासी ड्रामा जारी, इमरान खान ने की स्पीकर के साथ अहम बैठक की है। बताया जा रहा है कि स्पीकर मान गए हैं और आज रात वोटिंग हो सकती है। 

20 बागी विधायकों का मामला स्पीकर के सामने उठाया
इमरान खान की पार्टी पीटीआई ने पाला बदलने वाले 20 सांसदों के खिलाफ नेशनल असेंबली के अध्यक्ष असद कैसर के सामने मामले को उठाया है। उनका उद्देश्य पार्टी के असंतुष्ट सांसदों को बेदखल करना है। अनुच्छेद 63 (ए) के तहत सदस्यों के खिलाफ संदर्भ दाखिल किया गया है।

शेख रशीद ने मांगी सुरक्षा 
शेख रशीद ने मंत्री पद छोड़ने के बाद सुरक्षा की मांग की। रशीद ने कहा कि लड़ाई अब घरों तक पहुंच चुकी है, इसका हल चुनाव ही है। 

मरियम ने इमरान को बताया मानसिक रूप से बीमार
विपक्षी नेता मरियम नवाज ने इमरान खान को मानसिक रूप से बीमार बताते हुए उन्हें गिरफ्तार करने की मांग की है। मरियम ने कहा कि इमरान अपने डर में सबको जलाना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट इमरान की गिरफ्तारी का आदेश दे। आदेशों के उल्लंघन का कोर्ट संज्ञान ले। 

नेशनल असेंबली की कार्यवाही रात 10 बजे तक स्थगित
नेशनल असेंबली की कार्यवाही रात 10 बजे तक स्थगित कर दी गई है। थोड़ी देर में इमरान खान की ओर से बुलाई गई कैबिनेट की बैठक होगी। 

स्पीकर असद कैसर का वोटिंग कराने से इनकार
नेशनल असेंबली के स्पीकर असद कैसर ने वोटिंग कराने से इनकार किया। कैसर ने कहा कि मैं इमरान खान के साथ धोखा नहीं कर सकता। मैं किसी भी सजा के लिए तैयार हूं।  

इमरान खान ने देर रात कैबिनेट मंत्रियों की बैठक बुलाई
स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान ने शनिवार देर रात अपने कैबिनेट मंत्रियों की एक बैठक बुलाई है। खान ने प्रधानमंत्री आवास में रात नौ बजे कैबिनेट बैठक बुलाई है। जियो न्यूज ने उच्च स्तरीय सूत्रों के हवाले से बताया कि बैठक में अहम फैसले लिए जाने की उम्मीद है। हालांकि, इस बैठक ने कई लोगों को हैरान कर दिया क्योंकि अविश्वास मत के लगभग 8 बजे तक पूरा होने की उम्मीद है और इमरान खान के बचने की बहुत कम संभावना है। आखिरी गेंद तक लड़ने की बात कहने वाले इमरान विपक्षी दलों के अविश्वास मत में देरी कर सकते हैं। 

फवाद चौधरी और शाह महमूद ने ट्विटर प्रोफाइल बदला 
इमरान खान सरकार में सूचना मंत्री फवाद चौधरी ने ट्विटर पर अपना प्रोफाइल बदल लिया है। ट्विटर बायो में उन्होंने खुद को पूर्व मंत्री बताया है। शाह महमूद कुरैशी ने भी ट्विटर पर अपना प्रोफाइल बदलते हुए खुद को पूर्व मंत्री लिखा है। 

इमरान सरकार ने सुप्रीम कोर्ट में समीक्षा याचिका दायर की 
इमरान सरकार ने सुप्रीम कोर्ट के फैसले को लेकर शीर्ष अदालत में समीक्षा याचिका दायर की है। अदालत ने नेशनल असेंबली के स्पीकर द्वारा अविश्वास प्रस्ताव निरस्त करने के फैसले को खारिज कर दिया था। अदालत ने दोबारा अविश्वास प्रस्ताव पर वोटिंग का आदेश सुनाया था। इस फैसले पर इमरान ने निराशा जाहिर की थी। 

बिलावल बोले, लोकतंत्र का खात्मा करने की साजिश 
बिलावल भुट्टो ने कहा कि इमरान खान को गलत सलाह दी जा रही है। बहुमत जाने के बाद इनको साजिश की याद आ रही है। जब साजिश हो रही थी तभी बोलते। 7 मार्च को इन्होंने कुछ क्यों नहीं बोला। ये लोकतंत्र का खात्मा करना चाहते हैं। ये सियासी शहीद बनना चाहते हैं। संविधान और लोकतंत्र को खत्म करने की साजिश हो रही है। इमरान कुर्सी से चिपके रहने की साजिश कर रहे हैं। स्पीकर को बलि का बकरा बनाया जा रहा है। इमरान खान ने पाकिस्तान को बांट दिया है, हमें पाकिस्तान को जोड़ना है। जाते-जाते तो खेल भावना दिखाते इमरान, मैच हारने के डर से कप्तान विकेट उठाकर भाग रहा है। 

कुरैशी बोले, गलती से गिरी भारतीय मिसाइल से छिड़ सकता था युद्ध
इमरान खान सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पर बोलते हुए विदेश मंत्री शाह महमूद कुरैशी ने मार्च की शुरुआत में पाकिस्तान के इलाके में गलती से जा गिरी भारतीय मिसाइल का मुद्धा उठाया। पाकिस्तान संसद में उन्होंने कहा कि दो परमाणु समृद्ध देशों के बीच गलती से हमारे देश में गिरी मिसाइल के कारण युद्ध हो सकता था।  उन्होंने कहा कि यह एक गलती से गिरी हुई मिसाइल थी। मैंने सुरक्षा परिषद के अध्यक्ष को पत्र लिखा है और संयुक्त राष्ट्र के महासचिव को भी पत्र लिखा है। इसमें कहा कि मिसाइल का इस तरह से गिरना दो पड़ोसी देशों के बीच एक आकस्मिक युद्ध का कारण बन सकता था क्योंकि दोनों ही देश परमाणु शक्तियां हैं।

भारत और पाकिस्तान को अलग-अलग नजरिए से देखता है अमेरिका
पाकिस्तान के विदेश मंत्री शाह महमूद कुरैशी ने कहा, वे (अमेरिका) भारत और पाकिस्तान को अलग-अलग नजरिए से देखना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि वे भारत को चीन के चश्मे से देखते हैं। पीटीआई सरकार सभी के साथ अच्छे रिश्ते चाहती है और अपने कूटनीतिक पहुंच रूस और चीन तक बढ़ाना चाहती है। 

कुरैशी ने अलापा कश्मीर राग
नेशनल असेंबली में पाकिस्तान के विदेश मंत्री शाह महमूद कुरैशी ने कहा कि हमने कभी वार्ता से इंकार नहीं किया है। हमारे PM ने हमेशा कहा है कि अगर वह (भारत) शांति का एक कदम लेगा तो हम दो लेंगे। वहां (भारत में) जो हिंदुत्व की सोच आई हुई है, जो RSS की सोच दिल्ली में काबिज है वह वर्ता नहीं चाहती। उन्होंने कहा कि  वह कश्मीरियों को जकड़े रखना चाहती है। वह जुल्म की चक्की में कश्मीरियों को पीसना चाहती है।

पुनर्विचार याचिका दायर कर सकती है इमरान सरकार 
अविश्वास प्रस्ताव पर कुछ ही देर में वोटिंग होनी है। इससे पहले इमरान सरकार नया दांव चलने की योजना बना रही है। पाकिस्तानी मीडिया के हवाले से सामने आई खबर के मुताबिक, मतदान रुकवाने के लिए पाकिस्तान सरकार आज ही सुप्रीम कोर्ट में पुनर्विचार याचिक दायर कर सकती है। 

संसद की कार्यवाही शुरू करने में हो रही देरी
इमरान खान के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पर आज मतदान होना है, लेकिन 12.30 बजे तक स्थगित की गई संसद अब तक दोबारा शुरू नहीं हो पाई है। विपक्ष का आरोप है कि जानबूझ कर संसद की कार्यवाही शुरू करने में देरी की जा रही है। अब खबर आ रही है कि संसद में रात साढ़े आठ बजे अविश्वास प्रस्ताव पर मतदान हो सकता है। 

विदेशी साजिश मामले की जांच से पूर्व सैन्य अधिकारी ने किया इंकार
इमरान खान के खिलाफ आए अविश्वास प्रस्ताव में विदेशी साजिश मामले की जांच से पूर्व सैन्य अधिकारी ने इंकार कर दिया है। दरअसल, इस पूरे मामले की जांच के लिए एक कमेटी गठित की गई थी, जिसकी जांच पूर्व सैन्य अधिकारी को सौंपी गई थी। सूचना मंत्री फवाद चौधरी ने कहा था कि, कैबिनेट ने लेफ्टिनेंट-जनरल (सेवानिवृत्त) तारिक खान की अध्यक्षता में एक आयोग का गठन किया है। जो विदेशी साजिश की जांच करेगी। 

12:30 बजे तक कार्यवाही स्थगित 
अविश्वास प्रस्ताव की कार्यवाही के बीच जबरदस्त हंगामा चल रहा है। इसके चलते 12:30 बजे तक (एक बजे भारतीय समयानुसार) संसद की कार्यवाही स्थगित कर दी गई है। इमरान खान की तरफ से पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ पार्टी के नेता शाह महमूद कुरैशी ने कहा कि, हमारे नेता ने कहा है वह सुप्रीम कोर्ट के फैसले मायूस हैं, लेकिन उसका सम्मान करते हैं। उन्होंने कहा कि, कोर्ट के फैसले के मुताबिक ही संसद की कार्यवाही आगे बढ़ाई जा रही है। हालांकि, अविश्वास प्रस्ताव का विरोध कहना हमारा हक है। उन्होंने एक बार फिर विदेशी साजिश का आरोप दोहराया और कहा कि, इसकी जांच जरूरी है। 

वोटिंग से पहले संसद में हंगामा 
इमरान खान के खिलाफ वोटिंग से पहले हंगामा शुरू हो गया है। इस दौरान स्पीकर ने कहा कि, विदेशी साजिश पर भी बात हो। हालांकि, विपक्षी नेता शाहबाज शरीफ इस पर भड़क गए। उन्होंने कहा कि, सिर्फ सुप्रीम कोर्ट के फैसले के मुताबिक ही कार्यवाही की जाए। उन्होंने कहा कि, जो हो गया वह हो गया, लेकिन अब आप संविधान व लोकतंत्र के साथ खड़े हों। 

इमरान खान की पार्टी के कुछ ही सदस्य मौजूद 
अविश्वास प्रस्ताव पर संसद की कार्यवाही शुरू हो चुकी है। इमरान खान की पार्टी पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ के कुछ ही सांसद नेशनल असेंबली में मौजूद हैं। जबकि, विपक्ष की सीटें भरी हुई हैं। 

विपक्ष ने किया 196 सांसदों के समर्थन का दावा 
नेशनल असेंबली में मतदान से पहले पाकिस्तान के विपक्ष की ओर से बड़ा दावा किया गया है। विपक्ष का दावा है कि, उनके पास 196 सांसदों का समर्थन है। इस बीच विपक्ष के नेता शाहबाज शरीफ ने कहा है कि, उन्हें आज की कार्यवाही से बड़ी उम्मीद है। 

विपक्षी नेता पहुंचने लगे संसद
इमरान खान के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पर थोड़ी देर में मतदान होना है। पाकिस्तानी मीडिया के मुताबिक, मतदान के लिए विपक्षी पार्टी के नेता संसद पहुंचना शुरू हो गए हैं। 

वोटिंग से पहले विपक्ष की बैठक
अविश्वास प्रस्ताव पर वोटिंग से पहले विपक्ष की बैठक भी चल रही है। इसमें बिलावल भुट्टो, मरियम नवाज जैसे कई नेता शामिल हुए हैं। खबरों के मुताबिक, यह बैठक पाकिस्तान के अगले प्रधानमंत्री को लेकर बुलाई गई है। 


10:30 बजे से होगी वोटिंग
पाकिस्तान की नेशनल असेंबली में इमरान खान के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पर आज मतदान होना है। पाकिस्तानी मीडिया की जानकारी के मुताबिक, नेशनल असेंबली का सत्र आज सुबह 10:30 बजे बुलाया गया है। इसी दौरान उनके खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पर मतदान होगा। 

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get latest World News headlines in Hindi related political news, sports news, Business news all breaking news and live updates. Stay updated with us for all latest Hindi news.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed