पाकिस्तान: इमरान ने रेप केस बढ़ने के लिए बॉलीवुड को ठहराया जिम्मेदार, तो पत्नियों ने लगाई कड़ी फटकार, जानें पूरा मामला
- इमरान ने पश्चिमी संस्कृति और बॉलीवुड को रेप के लिए बताया जिम्मेदार
- इस बयान पर बुरी तरह घिरे इमरान खान, लोगों ने कहा- माफी मांगो
- पहली और दूसरी पत्नी ने लगाई जमकर लताड़, कहा- मुंह बंद रखो
विस्तार
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान रेप पर बयान देकर बुरी तरह घिर गए हैं। दुनिया भर में हो रही कड़ी आलोचना के बीच इमरान की पहली पत्नी जेमिमा गोल्डस्थिम ने उन्हें कुरान का हवाला देकर जमकर फटकार लगाई है। इमरान खान ने रेप केस बढ़ने के लिए बॉलीवुड, महिलाओं के छोटे कपड़ों और पश्चिमी संस्कृति को जिम्मेदार ठहराया था। इस पर उनकी पहली पत्नी जेमिमा ने खरी-खोटी सुनाते हुए कहा कि पुरुषों के आंख पर पर्दा करने की सीख दी गई है न कि महिलाओं को पर्दा करने के लिए। वहीं इमरान की दूसरी पूर्व पत्नी ने पीएम को मुंह बंद रखने की नसीहत दे डाली।
इमरान के रेप वाले बयान को लेकर पहली पत्नी जेमिमा ने ट्वीट कर हमला बोला। जेमिमा ने कुरान की एक आयत का हवाला देकर लिखा, ''पर्दा करने की जिम्मेदारी पुरुषों पर है। अपने मानने वालों से कहो कि वे अपनी आंखों पर संयम बरतें और अपने प्राइवेट पार्ट को पर्दे में रखें।'' उन्होंने यह भी कहा कि जिस इमरान खान को वह जानती थीं, वह मर्दों की आंख पर पर्दा करने की बात कहता था।
I'm hoping this is a misquote/ mistranslation. The Imran I knew used to say, "Put a veil on the man's eyes not on the woman." https://t.co/NekU0QklnL
विज्ञापन विज्ञापन— Jemima Goldsmith (@Jemima_Khan) April 7, 2021
दूसरी पत्नी ने इमरान को मुंह बंद रखने की दी नसीहत
इमरान खान की दूसरी पूर्व पत्नी रेहम खान ने पीएम को मुंह बंद रखने की नसीहत दी। रेहम खान ने कहा कि वह जितना कम बोलेंगे, वह सबके लिए उतना ही अच्छा होगा। साथ ही रेहम खान ने जेमिमा पर भी तंज कसा, जो पाकिस्तान में रहने के दौरान सिर से लेकर पांव तक कपड़ों में नजर आती थीं।
इमरान बोले- अश्लीलता के लिए भारत और यूरोप जिम्मेदार
बता दें कि इमरान खान ने पाकिस्तान में बढ़ती अश्लीलता के लिए भारत और यूरोप को जिम्मेदार ठहराया था। इमरान खान ने जनता के साथ सीधे संवाद के दौरान एक सवाल के जवाब में कहा कि देश में बढ़ती रेप की घटनाओं को रोकने के लिए उन्हें जनता के सहयोग की जरूरत है। इमरान खान ने कहा था कि रेप से बचने के लिए पाकिस्तानी महिलाओं को पर्दा करना चाहिए ताकि प्रलोभन से बचा जा सके।
इमरान ने कहा- बॉलीवुड की वजह से दिल्ली बनी रेप कैपिटल
इमरान खान ने कहा, ''भारत में बॉलीवुड के चलते ही इतने रेप हो रहे हैं कि दिल्ली को रेप कैपिटल कहा जाता है और यूरोप में अश्लीलता ने उनकी पारिवारिक व्यवस्था को तबाह कर दिया है। इसलिए पाकिस्तान के लोगों को अश्लीलता पर काबू पाने के लिए मदद करनी चाहिए।''
लोगों ने कहा- माफी मांगो इमरान
इमरान खान के इस बयान के बाद अब वह सोशल मीडिया में जमकर ट्रोल हो रहे हैं। कई जानीमानी हस्तियों इमरान को इस बयान के लिए लताड़ लगाई है। इतना ही नहीं पाकिस्तान में मानवाधिकार ने प्रधानमंत्री इमरान से माफी मांगने को कहा है। मानवाधिकार वकील रीमा ओमर ने इमरान के बयान को लेकर कहा कि पीएम इमरान की दुष्कर्म को अश्लीलता से जोड़ने वाली टिप्पणी अज्ञानी, खतरनाक और निंदनीय है। उनके इस बयान से पता चलता है कि उन्हें इस मुद्दे की कोई समझ नहीं है। उन्होंने अपराधियों को आपराधिक कृत्य से बाहर रखते हुए पीड़ितों को ही दोषी ठहरा दिया है।