फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   World ›   Pakistan: now pakistan using drones for smuggling in afghanistan, violation afghan airspace

Pakistan: अफगानिस्तान के आकाश में क्या कर रहे 'पाकिस्तानी ड्रोन', पंजाब बॉर्डर से है इनका सीधा नाता

Thu, 14 Dec 2023 01:59 PM IST
Ashish Tiwari आशीष तिवारी
Updated Thu, 14 Dec 2023 01:59 PM IST
विज्ञापन
सार
सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक पाकिस्तान ने अफगानिस्तान के एयरस्पेस में कानून को दरकिनार कर ड्रोन उनकी सीमा के अंदर भेज दिया। खुफिया एजेंसियों को मिले इनपुट बताते हैं कि यह ड्रोन अफगानिस्तान के खोस्त प्रांत में पाकिस्तान की ओर से भेजा गया था...
loader
Pakistan: now pakistan using drones for smuggling in afghanistan, violation afghan airspace
Pakistan: Drone - फोटो : Amar Ujala/Rahul Bisht

विस्तार

बीते कुछ दिनों से अफगानिस्तान के आकाश में कुछ पाकिस्तान ड्रोन दिखने की कई घटनाएं सामने आईं हैं। अफगानिस्तान के आकाश में उड़ने वाले ड्रोन को लेकर तालिबानी सरकार ने पाकिस्तान से शिकायत दर्ज की है। बताया जा रहा है कि पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच खराब हो रहे रिश्तों के चलते आपस में तकरार बढ़ रही है। वहीं खुफिया एजेंसियों के सूत्रों का कहना है कि जिन ड्रोन का इस्तेमाल पाकिस्तान अफगानिस्तान के बॉर्डर पर कर रहा है, ठीक वही ड्रोन पाकिस्तान भारत में पंजाब और राजस्थान के बॉर्डर पर तस्करी में इस्तेमाल करता है। ये वही ड्रोन हैं जो चीन पाकिस्तान को मुहैया करता है।

बीते कुछ समय से पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच रिश्तों की कड़वाहट लगातार बढ़ रही है। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक पाकिस्तान ने अफगानिस्तान के एयरस्पेस में कानून को दरकिनार कर ड्रोन उनकी सीमा के अंदर भेज दिया। खुफिया एजेंसियों को मिले इनपुट बताते हैं कि यह ड्रोन अफगानिस्तान के खोस्त प्रांत में पाकिस्तान की ओर से भेजा गया था। बीते कुछ दिनों से पाकिस्तान में रह रहे अफगानी शरणार्थियों को वापस भेजा जा रहा है। उसी के चलते लगातार माहौल तल्ख बना हुआ है। इसी दौरान बीते कुछ दिनों में पाकिस्तान की ओर से अफगानिस्तान के अलग-अलग बॉर्डर इलाकों में ड्रोन भेजे जाने की घटनाएं सामने आई हैं। सूत्रों के मुताबिक पिछले एक सप्ताह के भीतर तीन बार पाकिस्तान की ओर से खोस्त प्रांत में ड्रोन के माध्यम से घुसपैठ की गई।

इस घुसपैठ को लेकर अफगानिस्तान की इंटीरियर मिनिस्ट्री ने पाकिस्तान से आपत्ति भी जताई है। सूत्रों के मुताबिक दरअसल पाकिस्तान इस तरीके से घुसपैठ कर अफगानिस्तान के इलाकों में उन टीटीपी के आतंकियों को ढूंढने की एक कोशिश कर रहा है, जो लगातार पाकिस्तान पर हमलावर है। इसके अलावा बताया यह भी जा रहा है कि पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बॉर्डर पर स्थितियां इतनी नाजुक हो चुकी हैं कि दोनों मुल्कों से आने जाने वालों पर कड़े सख्त प्रतिबंध लगाए गए हैं। रक्षा मामलों के विशेषज्ञ और इस इलाके को करीब से समझने वाले रिटायर्ड लेफ्टिनेंट कर्नल मनदीप पुरी कहते हैं कि दोनों देशों के तल्ख रिश्तों में ड्रोन उड़ाने की घटनाओं से हालात और बिगड़ रहे हैं। वह कहते हैं कि पाकिस्तान हमेशा से अफगानिस्तान में अपना आधिपत्य चाहता था। लेकिन तालिबानी सरकार के बनने के बाद से यह मौका उसके हाथ से फिसलता गया।

अब जब दोनों देशों के बॉर्डर पर हालात तंग हैं, तो पाकिस्तान ने वही काम शुरू किया, जो वह भारत के बॉर्डर पर करता आया है। सूत्रों के मुताबिक पाकिस्तान ने अफगानिस्तान के आकाश में जो ड्रोन उड़ाया है, उसका पंजाब और राजस्थान के बॉर्डर इलाकों में उड़ाए जाने वाले ड्रोन से सीधा वास्ता है। खुफिया एजेंसी से जुड़े सूत्रों की मानें तो पाकिस्तान पंजाब और राजस्थान के बॉर्डर इलाकों में इन्हीं ड्रोन के माध्यम से अवैध तस्करी को बढ़ावा देता आया है। अफगानिस्तान की ओर से आपत्ति दर्ज किए जाने के बाद शुरुआती दौर में पता यही चला है कि पाकिस्तान ने अफगानिस्तान के इलाके में उन्हें ड्रोन का इस्तेमाल किया है जो पंजाब और राजस्थान के इलाके में करता आया है।

रक्षा मामलों के जानकार लेफ्टिनेंट कर्नल मनदीप पुरी कहते हैं कि पाकिस्तान के पास अधिकतर ड्रोन चीन से मिले हैं। यह वही ड्रोन हैं जिनसे वह हथियारों से लेकर ड्रग्स को बॉर्डर के उस पार पहुंचाने का काम करता है। वह कहते हैं कि अब पाकिस्तान की ओर से अफगानिस्तान के बॉर्डर इलाके में ड्रोन क्यों उड़ाए गए, यह तो उन दो देशों का आपस का मसला है। लेकिन पाकिस्तान हमेशा से पड़ोसी मुल्कों में माहौल खराब करने के लिए ड्रोन के माध्यम से अवैध ड्रग्स और हथियारों के तस्करी तो करता ही आया है। वह कहते हैं कि भारत में अवैध रूप से नशे की तस्करी के लिए अफगानिस्तान हमेशा से पाकिस्तान के लिए एक बड़ा जरिया रहा है। ऐसे में यह कहना मुश्किल नहीं होगा कि पाकिस्तान वहां पर सख्ती के चलते अपने इसी तस्करी वाले नेटवर्क को सक्रिय करना चाहेगा।

दरअसल पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच बदहाल हो रहे रिश्तों के चलते अफगानिस्तान ने पाकिस्तान से आने वाले हजारों ट्रकों को तोरखाम बॉर्डर पर रोक दिया था। अफगानिस्तान ने पाकिस्तान के साथ यह कड़ा रुख उनकी ओर से शरण पाए हुए अफगानी नागरिकों को देश से बाहर निकाले जाने के बाद अपनाया है। अफगानिस्तान के इस कड़े रुख पर पाकिस्तान न सिर्फ सकपकाया हुआ है, बल्कि अफगानिस्तान के पाकिस्तान के साथ व्यापार बंद कर देने से वह भौंचक्का है। विदेशी मामलों के जानकारों का कहना है कि पाकिस्तान इस खुले बॉर्डर से व्यापार कर भारत में नशे की बड़ी खेप पहुंचाता था। अनुमान यही लगाया जा रहा है कि बंद हुए इस व्यापारिक समझौते से भारत में अब पाकिस्तान की ओर से नशे की तस्करी और अवैध कारोबार पर लगाम लग सकेगी। रक्षा मामलों के जानकारों का मानना है कि ऐसी ही कई अन्य गतिविधियों से बौखलाए पाकिस्तान ने अफगानिस्तान के आकाश में अपने ड्रोन भेजने शुरू कर दिए हैं, ताकि नशे और हथियारों की तस्करी में वह फिर से अपनी सक्रियता को बढ़ा सके।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get latest World News headlines in Hindi related political news, sports news, Business news all breaking news and live updates. Stay updated with us for all latest Hindi news.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

Next Article

Followed