Pakistan: खैबर पख्तूनख्वा में विस्फोट में एक बच्चे की मौत, 25 पुलिसकर्मी घायल; लाहौर में स्कूल की छत गिरी
उत्तर-पश्चिमी पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में बृहस्पतिवार को एक पुलिस थाने में जबर्दस्त विस्फोट हुआ, जिसमें एक बच्चे की मौत हो गई और 25 लोग घायल हो गए। घायलों में अधिकतर पुलिसकर्मी हैं।
यह घटना पेशावर से लगभग 70 किलोमीटर दूर स्वाबी पुलिस थाने में हुई। केंद्रीय पुलिस कार्यालय द्वारा मिली जानकारी के अनुसार, विस्फोट पुलिस थाने की पहली मंजिल पर स्थित डिपो के अंदर ‘शॉर्ट सर्किट के कारण’ हुआ। बचाव और अग्निशमन दल तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और घायल पुलिसकर्मियों को बाचा खान मेडिकल अस्पताल में ले जाया गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि कई लोग घायल हुए हैं और इमारत का ऊपरी हिस्सा ढह गया है।
इमरान खान का पार्टी नेताओं को निर्देश- सरकार के साथ न करें बातचीत
अदियाला जेल में बंद पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान ने अपने पार्टी नेतृत्व को निर्देश दिया कि वह सरकार के साथ सभी तरह की बातचीत तुरंत बंद करे। उन्होंने कहा कि ऐसी बातचीत केवल उनके विरोधियों को मजबूत करती है। खान ने यह बात बुधवार को जेल में मीडिया से बात करते हुए कही। उन्होंने कहा कि सरकार के साथ बातचीत करने का मतलब ही नहीं है। जितना हम पीछे हटेंगे, उतने ही हम कुचले जाएंगे। यह नीति किसी संस्थान की नहीं, बल्कि थर्ड अंपायर की है।
जब उनसे पीटीआई के नेता अली अमीन गंडापुर के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि गंडापुर सहित पार्टी के नेतृत्व सरकार सरकार के साथ बातचीत न करने के लिए कहा गया है। उन्होंने कहा, बाजवा के समय में हमें कहा गया कि मध्यस्थ (न्यूट्रल) के बारे में बात न करें जितना ही हम पीछे हटेंगे, वे हमें कुचलेंगे। यह थर्ड अंपायर की नीति है, न कि किसी संस्थान की।
खान ने अपने विरोधियों पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें लगता था कि मैं (जेल के अंदर) टूट जाऊंगा और एकांत में नहीं रह पाऊंग। मैंने 21 से 22 घंटे एकांत में बिताए हैं। गर्मी में इतना पसीना बहता है कि मेरे कपड़े खराब हो जाते हैं। वे नहीं जानते कि एक खेल के खिलाड़ी की ट्रेनिंग कैसी होती है। हम दबाव में खेलने के लिए तैयार रहते हैं।
लाहौर: स्कूल की छत गिरने से एक की मौत, 10 घायल
पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में एक स्कूल की छत गिरने से एक 14 वर्षीय छात्र की मौत हो गई और दस अन्य घायल हो गोए। घटना मुजफ्फरगढ़ जिले में हुई, जो लाहौर से करीब 350 किलोमीटर दूर है। पुलिस के मुताबिक, यह दुर्घटना उस समय हुई, जब वेसंदीवाली गांव के अलीगढ़ पब्लिक स्कूल में 11वीं कक्षा के छात्र अपनी क्लास में मौजूद थे। अचानक छत गिरने से 11 छात्र मलबे में दब गए। घटना की सूचना मिलते ही बचाव कर्मी मौके पर पहुंचे और घायल छात्रों को पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया। अस्पताल पहुंचने पर एक छात्र मोहम्मद अहमद ने अपनी चोटों के कारण दम तोड़ दिया।