{"_id":"6415709c8149711fe70eb91a","slug":"pakistan-imran-khan-toshakhana-case-pti-islamabad-accident-news-and-updates-2023-03-18","type":"story","status":"publish","title_hn":"Pakistan: 'मेरी पत्नी घर पर अकेली है', इमरान का आरोप- इस्लामाबाद रवाना होते ही घर में घुसी पुलिस, चले बुलडोजर","category":{"title":"World","title_hn":"दुनिया","slug":"world"}}
Pakistan: 'मेरी पत्नी घर पर अकेली है', इमरान का आरोप- इस्लामाबाद रवाना होते ही घर में घुसी पुलिस, चले बुलडोजर
Sat, 18 Mar 2023 10:47 PM IST
कीर्तिवर्धन मिश्र
वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला, इस्लामाबाद
वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला, इस्लामाबाद
Published by: कीर्तिवर्धन मिश्र
Updated Sat, 18 Mar 2023 10:47 PM IST
सार
70 वर्षीय इमरान खान पर देश भर में 83 प्राथमिकी दर्ज की गई हैं, इनमें उन पर जनता को भड़काने, एक महिला न्यायाधीश की अवमानना और आधिकारिक काम में हस्तक्षेप से लेकर हत्या, हत्या के लिए उकसाने, आतंकवाद, देशद्रोह और ईशनिंदा तक के कई आरोप हैं।
विज्ञापन
पाकिस्तान में इमरान खान के घर के गेट पर बुलडोजर चला।
- फोटो : Social Media
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पाकिस्तान में इमरान खान की गिरफ्तारी को लेकर सियासी उबाल जारी है। इस बीच पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ पार्टी के प्रमुख और पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान तोशाखाना केस में सुनवाई के लिए शनिवार को इस्लामाबाद पहुंचे। यहां उन्हें कोर्ट से राहत भी मिली और उनके खिलाफ तोशाखाना मामले में जारी हुआ गिरफ्तारी वारंट रद्द कर दिया गया।
विज्ञापन
एक स्थानीय अदालत ने अदालत परिसर के बाहर हाजिरी लगाने के बाद अभ्यारोपण के बिना ही वापस जाने की अनुमति दे दी। पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) पार्टी के 70-वर्षीय प्रमुख इमरान खान को कथित रूप से अपनी संपत्ति घोषणाओं में उपहारों का विवरण छुपाने को लेकर पाकिस्तान चुनाव आयोग की ओर से दायर शिकायत पर कार्यवाही में भाग लेने के लिए अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश (एडीएसजे) जफर इकबाल की अदालत में पेश होना था। इसके बाद जज ने कहा कि इस पर बाद में चर्चा की जाएगी कि इमरान को किस तारीख को फिर से उपस्थित होना है।
विज्ञापन
इस बीच उनके जमान पार्क स्थित घर से निकलने के कुछ देर बाद ही पंजाब पुलिस ने धावा बोल दिया। पाकिस्तानी मीडिया से जो रिपोर्ट्स सामने आ रही हैं, उनमें साफ दिख रहा है कि पंजाब पुलिस इमरान के घर के गेट पर बुलडोजर चला रही है। इस बीच कुछ समर्थकों ने पुलिसकर्मियों से भिड़ने की कोशिश की। हालांकि, पुलिस ने 20 लोगों को गिरफ्तार किया और समर्थकों पर बल का इस्तेमाल किया गया।
विज्ञापन
पुलिस की इस कार्रवाई पर इमरान खान भड़क गए। उन्होंने कहा कि घर पर उनकी पत्नी बुशरा बेगम अकेली हैं। आखिर किस कानून के तहत लाहौर पुलिस यह अभियान चला रही है? यही लंदन प्लान का हिस्सा है, जहां यह प्रतिबद्धता जताई गई थी कि भगोड़े नवाज शरीफ को सत्ता में लाया जाएगा।
इमरान खान के काफिले की कार का हुआ एक्सीडेंट
इससे पहले इस्लामाबाद के रास्ते में ही इमरान के काफिले की एक गाड़ी का एक्सीडेंट हो गया। बताया गया है कि इस घटना में कोई भी हताहत नहीं हुआ है। हालांकि, दो गाड़ियां क्षतिग्रस्त हो गईं।इमरान खान ने इस घटना के बाद ट्वीट कर कहा, "यह साफ है कि सभी मामलों में जमानत मिलने के बाद भी पाकिस्तान डेमेक्रेटिक मूवमेंट (पीडीएम) की गठबंधन वाली सरकार मुझे गिरफ्तार करना चाहती है। उनके इन बदनीयत विचारों के बावजूद, मैं इस्लामाबाद की कोर्ट जा रहा हूं, क्योंकि मैं कानून के शासन पर विश्वास करता हूं।" उन्होंने कहा कि स्पष्ट है कि लाहौर में मेरे घर के पास जो भी घटनाक्रम हुआ, वह इसलिए नहीं था कि मैं किसी मामले में कोर्ट के सामने पेश हो जाऊं, बल्कि मुझे जेल में बंद करने के लिए था, ताकि मैं चुनाव अभियान का नेतृत्व न कर पाऊं।
हथियार, पेट्रोल बम बरामद
पंजाब पुलिस के 10,000 से अधिक सशस्त्र जवानों ने इमरान खान के आवास पर एक बड़ा अभियान चलाया। इस दौरान उनकी पार्टी के दर्जनों कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया गया। आवास से हथियार तथा पेट्रोल बम जब्त करने का दावा भी किया जा रहा है। ऑपरेशन के बाद इंस्पेक्टर जनरल पुलिस पंजाब डॉ. उस्मान अनवर ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि इमरान खान के आवास से कलाशनिकोव सहित 20 राइफल और पेट्रोल बम की बोतलें बरामद की गई हैं।
इमरान समर्थकों, पुलिस के बीच झड़प
पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की भ्रष्टाचार के एक मामले में अदालत में पेशी से पहले शनिवार को यहां न्यायिक परिसर के बाहर सुरक्षा बलों और खान के समर्थकों के बीच झड़प हो गई। इस्लामाबाद के पुलिस प्रमुख अकबर नासिर खान ने मीडिया को बताया कि खान के समर्थकों ने पुलिस पर पथराव किया और पुलिस पिकेट में आग लगा दी।