Tension: भारत की कार्रवाई से बौखलाए पाकिस्तान ने भी भारतीय राजनयिक को घोषित किया अवांछित; देश छोड़ने को कहा
भारत सरकार ने नई दिल्ली में पाकिस्तान के उच्चायोग में काम कर रहे एक पाकिस्तानी अधिकारी को 'पर्सोना नॉन ग्राटा' (अवांछित व्यक्ति) घोषित करने के बाद अब पाकिस्तान ने भी जवाबी कार्रवाई की है। पाकिस्तान ने भी इस्लामाबाद में भारतीय उच्चायोग के एक अधिकारी को अवांछित घोषित किया है। उसे पाकिस्तान छोड़ने के लिए 24 घंटे का समय दिया है।
विस्तार
पाकिस्तान उच्चायोग में कार्यरत एक पाकिस्तानी अधिकारी को जासूसी में कथित रूप से शामिल होने के आरोप में निष्कासित करने की भारत की कार्रवाई से पाकिस्तान बौखला गया है। पाकिस्तान ने भी मंगलवार को इस्लामाबाद में भारतीय उच्चायोग के एक अधिकारी को 'पर्सोना नॉन ग्राटा' (अवांछित व्यक्ति) घोषित किया। पाकिस्तान का आरोप है कि संबंधित अधिकारी अपनी राजनयिक जिम्मेदारियों के खिलाफ काम कर रहा था। संबंधित अधिकारी को 24 घंटे में पाकिस्तान छोड़ने का निर्देश दिया गया है।
पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय द्वारा एक बयान जारी किया गया है, जिसमें कहा गया, 'पाकिस्तान सरकार ने इस्लामाबाद स्थित भारतीय उच्चायोग के एक अधिकारी को उसकी विशेषाधिकार प्राप्त स्थिति के साथ 'असंगत' गतिविधियों में शामिल होने के लिए 'अवांछित व्यक्ति' घोषित किया है।' बयान में आगे कहा कि भारतीय प्रभारी को मंगलवार को विदेश मंत्रालय में बुलाया गया था। इस दौरान उसे पाकिस्तानी सरकार के इस निर्णय के बारे में जानकारी दी गई।
ये भी पढ़ें: MEA: भारत ने पाकिस्तानी उच्चायोग के अधिकारी को घोषित किया 'अवांछित', 24 घंटे के भीतर देश छोड़ने को कहा
भारत ने भी पाकिस्तानी अधिकारी को किया निष्कासित
इससे पहले, भारत सरकार ने नई दिल्ली में पाकिस्तान के उच्चायोग में काम कर रहे एक पाकिस्तानी अधिकारी को 'पर्सोना नॉन ग्राटा' (अवांछित व्यक्ति) घोषित किया था। भारत ने पाकिस्तानी अधिकारी को जासूसी में कथित रूप से शामिल होने के आरोप में निष्कासित कर दिया था। विदेश मंत्रालय (MEA) ने कहा कि अधिकारी भारत में अपनी आधिकारिक स्थिति के अनुरूप गतिविधियों में शामिल नहीं था। संबंधित अधिकारी को देश छोड़ने के लिए 24 घंटे का समय दिया गया है।
पहलगाम हमले के बाद आमने-सामने आए दोनों देश
दक्षिण कश्मीर के पहलगाम में 22 अप्रैल को आतंकी हमले के बाद से दोनों देशों के बीच तनाव है। इस हमले में 26 लोगों की नृशंस तरीके से हत्या कर दी गई थी। जिनमें अधिकांश पर्यटक शामिल थे। इसके बाद भारत ने हाल में पाकिस्तान में आतंकी ठिकानों को निशाना बनाने के लिए 'ऑपरेशन सिंदूर' शुरू किया। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के मुताबिक, इस मिशन के तहत पाकिस्तान में सौ से ज्यादा आतंकवादियों को मौत के घाट उतारा गया। भारतीय सशस्त्र बलों ने पाकिस्तान के कई आतंकी और सैन्य अड्डों को ध्वस्त किया। यही नहीं, भारत की सैन्य कार्रवाई को पाकिस्तान की वायु रक्षा प्रणाली भी नहीं रोक पाई और उसे नष्ट किया गया।
ये भी पढ़ें: Shashi Tharoor: शशि थरूर ने फिर की ऑपरेशन सिंदूर की तारीफ, कहा- हमने बता दिया आतंकवाद बर्दाश्त नहीं करेंगे
भारत की सैन्य कार्रवाई से संघर्ष विराम के लिए गिड़गिड़ाया पाकिस्तान
पाकिस्तान की ओर से भी मिसाइल और गोलीबारी से हमले की कोशिश की गई, लेकिन भारत की एस-400 और आकाश जैसी वायु रक्षा प्रणाली ने अधिकांश को हवा में ही नाकाम कर दिया। बाद में पाकिस्तान की ओर से संघर्ष विराम की गुजारिश की गई। जिसके बाद दोनों देशों ने संघर्ष विराम पर सहमति जताई। इसके बाद दोनों देशों के बीच डीजीएमओ स्तर की वार्ता हुई। जिसमें सीमा पार गोलीबारी और सैन्य आक्रामकता को रोकने पर सहमति बनी।
संबंधित वीडियो
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get latest World News headlines in Hindi related political news, sports news, Business news all breaking news and live updates. Stay updated with us for all latest Hindi news.