भारत का कड़ा रुख: अमेरिका ने उमर की पीओके यात्रा से पल्ला झाड़ा, कहा- यह अधिकृत नहीं, पढ़ें कुछ अन्य खबरें
उमर ने कश्मीर में मानवाधिकारों के हालात पर चिंता जताई थी। नेड प्राइस ने कहा, जैसा कि मैं समझता हूं प्रतिनिधि उमर अमेरिकी सरकार द्वारा प्रायोजित यात्रा पर पाकिस्तान नहीं गईं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
अमेरिकी विदेश मंत्रालय ने अपने देश की सांसद इल्हान उमर की पाकिस्तान में पूर्व पीएम इमरान खान से मुलाकात और पीओके दौरे से पल्ला झाड़ लिया है। भारत द्वारा उमर की पीओके यात्रा निंदा करने के कुछ ही घंटे बाद विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता नेड प्राइस ने कहा, उमर की यह यात्रा अमेरिकी सरकार का प्रतिनिधित्व नहीं करती है।
भारत ने अमेरिकी कांग्रेस सांसद इल्हान उमर की यात्रा को क्षेत्रीय अखंडता का उल्लंघन और संकीर्ण दिमाग की राजनीति करार दिया था। मिनेसोटा की सोमाली मूल की सांसद को चकोठी सेक्टर में एलओसी पर ले जाया गया था। उमर ने कश्मीर में मानवाधिकारों के हालात पर चिंता जताई थी।
नेड प्राइस ने कहा, जैसा कि मैं समझता हूं प्रतिनिधि उमर अमेरिकी सरकार द्वारा प्रायोजित यात्रा पर पाकिस्तान नहीं गईं। भारत इस हिस्से पर अपना दावा करता है जिस पर पाक ने अवैध कब्जा कर रखा है। उमर 20 अप्रैल से अपनी चार दिनी पाकिस्तान यात्रा पर हैं।
दूसरी तरफ, अमेरिकी विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकेन के प्रतिनिधि डेरेक चोलेट ने भी कहा कि यह गैर आधिकारिक यात्रा है और अमेरिकी सरकार की तरफ से किसी नीतिगत बदलाव की तरफ इशारा नहीं करती है।
डॉ. निमिशा न्यूजर्सी बोर्ड ऑफ मेडिकल एग्जामिनर्स में नियुक्त
न्यूजर्सी के गवर्नर फिल मर्फी ने जानी-मानी भारतीय-अमेरिकी फिजिशियन डॉ. निमिशा शुक्ला को स्टेट बोर्ड ऑफ मेडिकल एग्जामिनर्स में नियुक्त किया है। मर्फी प्रशासन के तहत बोर्ड में यह किसी भारतीय-अमेरिकी फिजिशियन की पहली नियुक्ति है।
इस बोर्ड का काम आम लोगों के स्वास्थ्य, सुरक्षा और कल्याण की निगरानी हैं। संबद्ध स्वास्थ्य सेवा प्रदाताओं की निगरानी भी इसी के पास है। डॉ. शुक्ला न्यूजर्सी में कई क्लीनिकों की मालिक हैं। वे सनी मेडिकल सेंटर कॉलेज ऑफ मेडिसिन में चीफ रेजिडेंट रही हैं। मिशिगन स्टेट यूनिवर्सिटी में उन्होंने विद्यार्थियों को पढ़ाया है।
चीन में महिला की हत्या के आरोप में अमेरिकी नागरिक को मौत की सजा
चीन में प्रेम संबंध तोड़ने की कोशिश करने वाली महिला की चाकू मारकर हत्या करने के मामले में एक अमेरिकी नागरिक को मौत की सजा सुनाई गई है। चीनी सरकारी समाचार एजेंसी शिन्हुआ के मुताबिक, चीन के पूर्वी तटीय प्रांत झेजियांग के निंगबो शहर की इंटरमीडिएट पीपुल्स कोर्ट में सुनवाई के बाद दोषी पाए गए शदीद अब्दुलमतीन को मौत की सजा सुनाई गई।
अब्दुलमतीन 2019 में चेन नामक महिला से मिला और दोनों में प्यार हो गया। चेन ने जब रिश्ता तोड़ने की कोशिश की तो अब्दुलमतीन ने उसे एक मुलाकात के बहाने 14 जून 2021 बुलाया और चाकू मार कर हत्या कर दी। अमेरिकी दूतावास को सजा और स्थिति के बारे में पता था और वह इसकी निगरानी कर रहे हैं। लेकिन, गोपनीय कारणों से इस संबंध में टिप्पणी नहीं दे सकते।
केन्या के पूर्व राष्ट्रपति किबाकी का निधन
केन्या के पूर्व राष्ट्रपति मवई किबाकी का 90 वर्ष की आयु में निधन हो गया। राष्ट्रपति उहुरु केन्याटा ने यह जानकारी देते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी। उनके निधन का कारण नहीं बताया गया है, लेकिन पिछले कुछ साल में स्वास्थ्य खराब होने के कारण कई बार उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा था। केन्या की राजनीति में किबाकी को सभ्य, शानदार बहस करने वाले और देश को विकास पथ पर ले जाने वाले व्यक्ति के रूप में याद किया जाएगा। पूर्वी अफ्रीकी देश केन्या में किबाकी दो बार राष्ट्रपति रहे।
दूसरी बार 2007 में उनका चुनाव जीतना विवाद में रहा। उनके प्रतिद्वंद्वी रानिला ओडिंगा ने आरोप लगाया था कि चुनाव उन्होंने जीता है और परिणाम में धांधली कर किबाकी को विजेता घोषित किया गया है। इसके बाद हुई जातीय हिंसा में सैकड़ों लोगों की मौत हो गई थी।