{"_id":"669b00d072228e3f930d33a5","slug":"know-young-republican-leader-jd-vance-childhood-early-life-education-and-political-career-2024-07-20","type":"story","status":"publish","title_hn":"JD Vance: यह 39 वर्षीय दामाद सास के लिए बनाता है भारतीय खाना, टीम ट्रंप के बेहद खास सिपाही जेडी वेंस को जानिए","category":{"title":"World","title_hn":"दुनिया","slug":"world"}}
JD Vance: यह 39 वर्षीय दामाद सास के लिए बनाता है भारतीय खाना, टीम ट्रंप के बेहद खास सिपाही जेडी वेंस को जानिए
Sat, 20 Jul 2024 05:42 AM IST
दीपक कुमार शर्मा
वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला
वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला
Published by: दीपक कुमार शर्मा
Updated Sat, 20 Jul 2024 05:42 AM IST
सार
दर्दनाक बचपन से गुजरे जेडी वेंस के संस्मरण जब करीब नौ वर्ष पहले हॉर्पर कॉलिंस ने प्रकाशित किए, तो कमाई के रिकॉर्ड ध्वस्त हो गए। ट्रंप की आलोचना करते हुए राजनीति में उतरे, लेकिन आज उनके सबसे बड़े अनुयायी बन गए हैं। शायद इसीलिए, डोनाल्ड ट्रंप उन्हें उपराष्ट्रपति पद का उम्मीदवार बनाकर उनमें ट्रंपवाद का भविष्य देख रहे हैं।
विज्ञापन
जेडी वेंस
- फोटो : एक्स@JDVance1
विस्तार
चौंकाने वाले फैसले लेना डोनाल्ड ट्रंप की आदत है, लेकिन इस बार तो उन्होंने कुछ अलग ही कर दिया। अपने रनिंग मेट यानी उपराष्ट्रपति पद के लिए रिपब्लिकंस के प्रत्याशी के तौर पर उन्होंने ऐसे व्यक्ति को चुन लिया है, जो कभी उनका धुर आलोचक हुआ करता था। वह पेशे से वकील, निवेशक और प्रखर वक्ता जेडी वेंस हैं, जिन्होंने 2016 में ट्रंप को हिटलर और सनकी कहा था। हालांकि बाद में डेमोक्रेट्स की नीतियों से उनकी असंतुष्टि बढ़ गई और वह ट्रंप के प्रशंसक बन गए। प्रशंसक भी ऐसे-वैसे नहीं, अब तो ट्रंप के दुश्मनों को वेंस भी अपना दुश्मन मानने लगे हैं।
विज्ञापन
संघर्षों में बीता बचपन
दो अगस्त को 40 वर्ष के होने जा रहे जेडी वेंस का जन्म मिडिलटाउन ओहियो में हुआ। जब वह काफी छोटे थे, तभी उनके माता-पिता का तलाक हो गया था। उनकी मां के तीसरे पति ने वेंस को गोद ले लिया। हालांकि उनका पालन-पोषण उनके नाना-नानी ने ही किया, जिन्हें वह मम्मा-पापा कहते थे। उनकी एक बहन लिंडसे हैं।
विज्ञापन
मां के साथ रिश्ते
वेंस ने अपनी आत्मकथा में बताया है कि उनकी मां को नशे की आदत थी और उन्होंने पांच बार शादी की थी। बचपन में एक बार वह अपनी मां के साथ कार में कहीं जा रहे थे। एकाएक उनकी मां ने कार की गति बहुत तेज कर दी और उनसे कहा कि वह अपने साथ उन्हें भी खत्म कर देंगी। छोटा वेंस उस वक्त बहुत डर गया और उसने किसी तरह से कार से कूद कर अपनी जान बचाई।
विज्ञापन
पत्नी से मुलाकात
हाईस्कूल की पढ़ाई करने के बाद वेंस सेना में भर्ती हो गए। सेना से वापस आने के बाद 2009 में उन्होंने ओहियो स्टेट यूनिवर्सिटी से राजनीतिशास्त्र और दर्शनशास्त्र में स्नातक किया। इसके बाद उन्होंने येल लॉ स्कूल से कानून की पढ़ाई की। यहीं पर 2013 में उनकी मुलाकात ऊषा चिलुकुरी से हुई। 2014 में इन दोनों ने शादी कर ली। 38 वर्षीय ऊषा भारतीय मूल की हैं। उनके पिता राधाकृष्ण सेन डिएगो स्टेट यूनिवर्सिटी में एयरोस्पेस विभाग में लेक्चरर हैं और मां लक्ष्मी बायोकेमिस्ट हैं। ऊषा और वेंस ने हिंदू और ईसाई रीति-रिवाज से शादी की। वेंस ऊषा को अपना आध्यात्मिक गुरु भी मानते हैं। इन दोनों के तीन बच्चे ईवान, विवेक और मीराबेल हैं। ऊषा सुप्रीम कोर्ट के चीफ जस्टिस जॉन रॉबर्ट्स की क्लर्क के तौर पर भी काम कर चुकी हैं।
आत्मकथा बनी न्यूयॉर्क टाइम्स की बेस्ट सेलर
वेंस जब येल यूनिवर्सिटी में प्रथम वर्ष के विद्यार्थी थे, तब ‘बैटल हाईम ऑफ द टाइगर मदर’ पुस्तक की लेखिका एमी चुआ ने वर्ष 2011 में उन्हें खुद की आत्मकथा लिखने के लिए प्रेरित किया। वर्ष 2016 में वेंस के जीवन से जुड़े संस्मरणों पर आधारित ‘हिलबिली एलेजी : ए मेमॉयर ऑफ ए फैमिली एंड कल्चर इन क्राइसिस’ शीर्षक से उनकी किताब प्रकाशित हुई। किताब के प्रकाशक हार्पर कॉलिंस के अनुसार, सबसे पहले दस हजार प्रतियां छपी थीं, लेकिन उसकी इतनी मांग बढ़ी कि 30 लाख प्रतियां छपकर बिक गईं। ‘हिलबिली एलेजी’ किताब न्यूयॉर्क टाइम्स की 2016 व 2017 की सबसे ज्यादा बिकने वाली पुस्तकों की सूची में शामिल रही। इस पुस्तक के आधार पर निर्देशक रॉन हॉवर्ड ने 2020 में एक फिल्म बनाई, जिसकी काफी सराहना हुई। इस फिल्म के अधिकार नेटफ्लिक्स ने 4.50 करोड़ डॉलर में खरीदे थे।
कहानी चुराने का आरोप
वेंस से सीनेट के चुनाव में पिछड़ने वाले उनकी ही पार्टी रिपब्लिकन के जोश मेंडल ने आरोप लगाया कि वेंस ने ‘हिलबिली एलेजी’ में अपने बजाय काल्पनिक कहानी गढ़ी, जिसे बाद में उन्होंने हॉलीवुड को बेच दिया। वहीं, ओहियो डेमोक्रेटिक पार्टी की अध्यक्ष एलिजाबेथ वाल्टर्स ने आरोप लगाया कि वेंस ने कहानी में ‘ओहियोवासियों के दर्द को भुनाने के लिए डील की और नेटफ्लिक्स के जरिये लाखों की कमाई की।
दाढ़ी भी ट्रंप की पसंद से
2016 के चुनाव में भले ही वेंस ने डोनाल्ड ट्रंप को वोट न दिया हो, लेकिन आज वह ट्रंप से इतने प्रभावित हैं कि अपनी दाढ़ी भी उन्होंने ट्रंप की पसंद से ही रखी है। डोनाल्ड ट्रंप कहते हैं कि वेंस दाढ़ी में युवा अब्राहम लिंकन की तरह दिखते हैं। ट्रंप के सबसे बड़े पुत्र डोनाल्ड ट्रंप जूनियर के साथ उनकी ऐसी घनिष्ठता है कि दोनों दिन में एक बार बात जरूर करते हैं।
खुद को समझते थे समलैंगिक
समलैंगिक लोगों के साथ उनकी सहानुभूति इस कदर थी, कि एक वक्त में वह खुद को भी समलैंगिक समझने लगे थे। हालांकि उनकी नानी हमेशा से कहती थीं, ‘तुम समलैंगिक नहीं हो।’ कुछ बड़े होने पर उन्हें भी महसूस हुआ कि यह केवल उनकी भावुकता थी, जिसकी वजह से वह खुद को वैसा मानने लगे थे।
रोचक तथ्य
- फोर्ब्स के अनुसार वेंस की नेटवर्थ एक करोड़ डॉलर है। उनके पास तीन मकान एक वाशिंगटन डीसी, दूसरा सिनसिनाटी और तीसरा एलेक्जांद्रा वर्जीनिया में है।
- उनका नाम हमेशा जेम्स डेविड वेंस नहीं था। जन्म के समय, यह जेम्स डोनाल्ड बोमन था। उनकी मां के पुनर्विवाह के बाद यह बदलकर जेम्स डेविड हैमेल हो गया और फिर यह एक बार और बदला।
- वेंस दक्षिणपंथी विचारों का समर्थन करते हैं। वह गर्भपात, समलैंगिक विवाह और पोर्नोग्राफी के भी खिलाफ हैं।
- वेंस इस्राइल के समर्थक और रूस-यूक्रेन युद्ध में अमेरिका को यूक्रेन भी मदद करने के भी खिलाफ हैं।
- वेंस को भारतीय खाना बनाना भी काफी पसंद है और इसे वह अपनी सास लक्ष्मी के लिए खासतौर पर तैयार करते हैं।