Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   World ›   Jensen Huang Resigns as Nvidia CEO Amid China Spy Allegations and Affairs Controversy

जासूसी का शक: दो महिलाओं से रिश्तों का विवाद, 33 साल बाद एनवीडिया से हुआंग की विदाई, क्यों छोड़ी कुर्सी?

Fri, 13 Nov 2026 02:51 AM IST
राकेश कुमार पीटीआई, वाशिंगटन।
पीटीआई, वाशिंगटन। Published by: राकेश कुमार Updated Fri, 13 Nov 2026 02:51 AM IST
सार

एनवीडिया के सह-संस्थापक और सीईओ जेंसन हुआंग ने दो महिलाओं के साथ विवाहेतर संबंधों की खबरों के बीच तत्काल प्रभाव से इस्तीफा दे दिया है। इनमें से एक महिला एलिस हुआंग पर अमेरिकी खुफिया एजेंसियों को चीन के लिए जासूसी करने का संदेह है। मेगास्पीड से जुड़े चिप निर्यात के आरोपों ने इस मामले को राष्ट्रीय सुरक्षा से भी जोड़ दिया है। अब कोलेट क्रेस अंतरिम सीईओ की जिम्मेदारी संभालेंगी, जबकि कंपनी स्थायी उत्तराधिकारी की तलाश करेगी।
 

विज्ञापन
Jensen Huang Resigns as Nvidia CEO Amid China Spy Allegations and Affairs Controversy
जेन्सन हुआंग - फोटो : amarujala.com

विस्तार

दुनिया की दिग्गज टेक्नोलॉजी कंपनियों में शुमार एनवीडिया के लिए 12 नवंबर का दिन बड़ा झटका लेकर आया। कंपनी के सह-संस्थापक और सीईओ जेंसन हुआंग ने तत्काल प्रभाव से अपने पद से इस्तीफा दे दिया। करीब 33 साल पहले जिस कंपनी को उन्होंने अपने साथियों के साथ मिलकर शुरू किया था, उसे अब वह नहीं संभालेंगे। उनका इस्तीफा ऐसे समय आया है, जब निजी जिंदगी से जुड़े दो अलग-अलग रिश्तों की खबरें सार्वजनिक होने के बाद कंपनी मुश्किल में घिर गई थी। इनमें एक महिला को अमेरिकी खुफिया एजेंसियां चीन के लिए जासूसी करने के संदेह में देख रही थीं। वहीं, दूसरी महिला एनवीडिया की ही एक अधिकारी बताई गईं, जो सीधे हुआंग को रिपोर्ट करती थीं। इस पूरे घटनाक्रम ने कंपनी के नेतृत्व, कारोबारी विश्वसनीयता और अमेरिकी राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
विज्ञापन


जेंसन हुआंग कौन हैं और एनवीडिया में क्या बदलाव हुआ?
जेंसन हुआंग ने 1993 में क्रिस मालाचोवस्की और कर्टिस प्रीम के साथ मिलकर एनवीडिया की स्थापना की थी। तब से लेकर 12 नवंबर 2026 तक वह लगातार कंपनी का नेतृत्व कर रहे थे। एनवीडिया आज आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी एआई की दुनिया की सबसे अहम कंपनियों में शामिल है। उसके बनाए उन्नत कंप्यूटर चिप का इस्तेमाल एआई तकनीक विकसित करने में बड़े पैमाने पर होता है। 
विज्ञापन


हुआंग भी इस तकनीकी दौड़ का प्रमुख चेहरा बन चुके थे। उनके इस्तीफे के बाद कंपनी ने अपनी मुख्य वित्तीय अधिकारी (सीएफओ) और कार्यकारी उपाध्यक्ष कोलेट क्रेस को अंतरिम सीईओ नियुक्त किया है। क्रेस सितंबर 2013 से कंपनी में हैं। इससे पहले वह सिस्को, माइक्रोसॉफ्ट और टेक्सास इंस्ट्रूमेंट्स जैसी कंपनियों में अलग-अलग जिम्मेदारियां संभाल चुकी हैं। कंपनी के बोर्ड ने अब स्थायी सीईओ की तलाश शुरू कर दी है। इसके लिए कंपनी के भीतर और बाहर, दोनों जगह से उम्मीदवारों पर विचार किया जाएगा। साथ ही, बोर्ड ने उद्यमी और निवेशक हार्वे सी. जोन्स को अपना पहला चेयरमैन नियुक्त किया है।
विज्ञापन
विज्ञापन


हुआंग के किन दो महिलाओं से संबंधों की बात सामने आई?
इस विवाद में सबसे पहले पूर्व मेगास्पीड अधिकारी एलिस हुआंग का नाम सामने आया। वह हुआंग ले नाम से भी जानी जाती हैं। द न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिकी खुफिया एजेंसियों को संदेह था कि जेंसन हुआंग और एलिस के बीच करीबी संबंध थे और एलिस चीन को सीधे जानकारी पहुंचा रही थीं। यहां यह स्पष्ट करना जरूरी है कि दोनों का सरनेम हुआंग जरूर है, लेकिन वे आपस में रिश्तेदार नहीं हैं। इस रिपोर्ट के सामने आने के बाद एनवीडिया ने जांच शुरू करने की बात कही थी। इसी बीच रविवार को जेंसन हुआंग ने कंपनी के कर्मचारियों को ईमेल भेजा। इसमें उन्होंने अपनी पत्नी के प्रति बेवफाई स्वीकार की और कहा कि उनके इस कदम से पत्नी और बच्चों को चोट पहुंची है।

उन्होंने अपने सहकर्मियों से भी माफी मांगी। हालांकि, उन्होंने ईमेल में महिला का नाम नहीं बताया। विवाद उस समय और बढ़ गया, जब बुधवार देर रात मीडिया रिपोर्टों में हुआंग के एक दूसरी महिला के साथ संबंध होने का दावा किया गया। बताया गया कि यह महिला एनवीडिया की अधिकारी थीं और सीधे हुआंग को रिपोर्ट करती थीं। इसके कुछ ही समय बाद उनके इस्तीफे की घोषणा हो गई। कंपनी ने इस्तीफे के बयान में इन दोनों संबंधों पर कोई टिप्पणी नहीं की।

एलिस हुआंग और मेगास्पीड का मामला अमेरिकी सुरक्षा के लिए चिंता क्यों बना?
इस पूरे विवाद का सबसे संवेदनशील पहलू चीन से जुड़ी जासूसी की आशंका है। एलिस हुआंग का नाम सिंगापुर की कंपनी मेगास्पीड इंटरनेशनल से जुड़ा रहा है। यह कंपनी एनवीडिया के साथ अपनी कारोबारी साझेदारी का प्रचार करती रही है। पिछले साल मेगास्पीड पर आरोप लगा था कि उसने एनवीडिया के उन्नत कंप्यूटर चिप अवैध तरीके से चीन पहुंचाए। हालांकि, कंपनी ने दिसंबर में कहा था कि ऐसे निर्यात का कोई सबूत नहीं है। सिंगापुर के अधिकारियों ने पिछले साल एलिस हुआंग से पूछताछ की थी और उनका पासपोर्ट जब्त कर लिया था। जांच के बाद अधिकारियों को उनके खिलाफ अपराध का आरोप लगाने के लिए पर्याप्त सबूत नहीं मिले।

हालांकि, उन्हें संदेह था कि एलिस ने मेगास्पीड में अपनी भूमिका को कम करके दिखाने के लिए गलत जानकारी दी थी। इसके बाद उन पर सिंगापुर लौटने पर रोक लगा दी गई। दूसरी ओर, मेगास्पीड ने गुरुवार को कहा कि वह अमेरिका के निर्यात नियंत्रण कानूनों का पालन करने को गंभीरता से लेती है और अमेरिकी सरकार के साथ पारदर्शी तरीके से सहयोग करने के लिए प्रतिबद्ध है। चीन के विदेश मंत्रालय ने भी जासूसी के आरोपों को खारिज किया है। उसने इन्हें बेबुनियाद बताते हुए बीजिंग के खिलाफ दुष्प्रचार करार दिया।

एनवीडिया की जांच में अब तक क्या सामने आया?
एनवीडिया ने रविवार को अपनी आंतरिक जांच की घोषणा की थी। कंपनी का कहना था कि फिलहाल उसके पास ऐसा मानने की कोई वजह नहीं है कि अमेरिकी राष्ट्रीय सुरक्षा या एनवीडिया की गोपनीय जानकारियों से समझौता हुआ है। हालांकि, कंपनी ने कहा था कि मामले की जांच में सभी उपलब्ध जानकारियों को शामिल किया जाएगा। इस बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को भी हुआंग से जुड़े खुफिया निष्कर्षों के बारे में पहले ही जानकारी दिए जाने की खबरें सामने आईं।

जब ट्रंप से पूछा गया कि क्या उन्हें इस मामले में पहले कार्रवाई करनी चाहिए थी, तो उन्होंने इससे इनकार किया और हुआंग को एक सम्मानित व्यक्ति बताया। बाद में ट्रंप ने कहा कि एफबीआई एलिस हुआंग से जुड़े मामले की जांच कर रही है। हालांकि, जांच किस स्तर पर पहुंची है, यह स्पष्ट नहीं है। अमेरिकी संसद के दोनों दलों के कई सांसदों ने भी इस मामले की आगे जांच कराने की मांग की है। यानी फिलहाल यह विवाद सिर्फ एनवीडिया की आंतरिक जांच तक सीमित नहीं है, बल्कि अमेरिकी सरकारी एजेंसियों और सांसदों की नजर भी इस पर बनी हुई है।

इस विवाद में क्यों चर्चा में हैं ट्रंप और हुआंग के रिश्ते?
जेंसन हुआंग और डोनाल्ड ट्रंप के बीच पिछले कुछ समय से करीबी संबंध रहे हैं। ट्रंप अपने दूसरे कार्यकाल में कई बार हुआंग की तारीफ कर चुके हैं। हुआंग ने अमेरिका में एआई से जुड़े नियमों को कम सख्त करने और चीन को एनवीडिया की चिप बेचने पर लगी पाबंदियों में ढील देने के लिए पैरवी की थी। वह उन टेक कंपनियों के प्रमुखों में शामिल रहे हैं, जिन्हें ट्रंप ने व्हाइट हाउस में रात्रिभोज के लिए बुलाया और अपने विदेश दौरों में भी साथ रखा। हुआंग के इस्तीफे के बाद भी ट्रंप ने उनकी तारीफ करते हुए कहा कि उन्होंने शानदार काम किया है। इतना ही नहीं, उन्होंने एनवीडिया के अगले सीईओ के लिए एपल के पूर्व प्रमुख टिम कुक का नाम भी सुझाया।

ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर लिखा कि उनकी जगह लेने के लिए सिर्फ एक ही व्यक्ति है और एक दिग्गज की जगह दूसरा दिग्गज आएगा। हालांकि, ट्रंप के इस बयान पर अमेरिकी राजनीति में विरोध भी हुआ। प्रतिनिधि सभा में डेमोक्रेटिक पार्टी के नेता हकीम जेफ्रीज ने आरोप लगाया कि ट्रंप प्रशासन बार-बार मुक्त बाजार व्यवस्था को कमजोर कर रहा है। उनके मुताबिक, राष्ट्रपति को कॉरपोरेट जगत के मामलों में अपनी पसंद जाहिर करने के बजाय आम कामकाजी लोगों पर ध्यान देना चाहिए।

हुआंग के इस्तीफे से एआई उद्योग और एनवीडिया पर क्या असर पड़ेगा?
हुआंग का जाना एनवीडिया के लिए इसलिए भी बड़ा झटका है, क्योंकि कंपनी की पहचान लंबे समय से उनके नेतृत्व से जुड़ी रही है। एआई तकनीक के तेजी से बढ़ते बाजार में एनवीडिया के उन्नत चिप बेहद महत्वपूर्ण हैं। दुनिया की कई बड़ी टेक कंपनियां एआई सिस्टम तैयार करने के लिए इन चिप पर निर्भर हैं। ऐसे में कंपनी के शीर्ष नेतृत्व में अचानक बदलाव से निवेशकों और कारोबारी साझेदारों के बीच अनिश्चितता बढ़ सकती है।


गुरुवार को एनवीडिया के शेयरों में शुरुआती कारोबार के दौरान तेज गिरावट आई और दोपहर तक इनमें करीब पांच फीसदी की कमी दर्ज की गई। कुछ विश्लेषकों का मानना है कि जासूसी से जुड़े आरोपों के बाद अमेरिका में चीन को उन्नत चिप निर्यात करने पर और सख्त पाबंदियों की मांग बढ़ सकती है। इससे अमेरिका और चीन के बीच व्यापारिक तनाव भी बढ़ने की आशंका है। रिसर्च कंपनी फॉरेस्टर की ग्रुप रिसर्च डायरेक्टर स्टेफनी बालौरस ने कहा कि हुआंग का इस्तीफा सिर्फ एनवीडिया के लिए नहीं, बल्कि पूरे एआई उद्योग के लिए एक बड़ी परीक्षा है। अगर नए नेतृत्व में कंपनी जल्द स्थिर हो जाती है तो इससे एआई उद्योग की मजबूती साबित होगी। लेकिन शेयरों, वित्तीय साझेदारियों और कारोबारी नेटवर्क पर लंबे समय तक दबाव बना रहा तो एआई बाजार में तेजी के पीछे छिपे जोखिम भी सामने आ सकते हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get latest World News headlines in Hindi related political news, sports news, Business news all breaking news and live updates. Stay updated with us for all latest Hindi news.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed