फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   World ›   Israel Hamas War Blinken meet Turkey FM Hakan Fidan unconditional ceasefire demand

Gaza Ceasefire: ब्लिंकन और तुर्किये के विदेश मंत्री की मुलाकात, हाकन फिदान इस्राइल-हमास युद्ध रोकने के हिमायती

Mon, 06 Nov 2023 07:54 PM IST
ज्योति भास्कर वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला, अंकारा (तुर्किये)
वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला, अंकारा (तुर्किये) Published by: ज्योति भास्कर Updated Mon, 06 Nov 2023 07:54 PM IST
सार

इस्राइल और हमास के हिंसक संघर्ष पर अमेरिका करीबी नजरें रख रहा है। ताजा घटनाक्रम में अमेरिकी विदेश मंत्री ब्लिंकन ने तुर्किये में अपने समकक्ष हाकन फिदान से मुलाकात की।नेतन्याहू युद्धविराम से इनकार कर रहे हैं, लेकिन फिदान संघर्ष रोकने की मांग कर रहे हैं।

विज्ञापन
Israel Hamas War Blinken meet Turkey FM Hakan Fidan unconditional ceasefire demand
इस्राइल और हमास के संघर्ष के बीच अमेरिका और तुर्किये के विदेश मंत्रियों की मुलाकात - फोटो : ANI

विस्तार

गाजा पट्टी में इस्राइल और हमास के हिंसक संघर्ष के बीच अमेरिका और तुर्किये के विदेश मंत्रियों की मुलाकात सुर्खियों में है। इस्राइल को सैन्य मदद मुहैया कराने वाला अमेरिका हर हाल में इस्राइल के साथ खड़ा होने की बातें कह रहा है। इस्राइल के प्रधानमंत्री नेतन्याहू हमास के कब्जे से बंधकों के रिहा होने तक युद्धविराम की किसी भी संभावना को खारिज कर चुके हैं। उनके रूख से इतर तुर्किये के विदेश मंत्री हाकन फिदान तत्काल युद्धविराम की मांग कर रहे हैं। अमेरिकी विदेश मंत्री से उनकी मुलाकात काफी अहम मानी जा रही है।
विज्ञापन


ढाई घंटे चली बैठक, कोई संयुक्त बयान नहीं
खबरों के अनुसार, अमेरिकी विदेश सचिव एंटनी ब्लिंकन इस्राइल-हमास युद्ध पर क्षेत्रीय तनाव को कम करने का प्रयास कर रहे हैं। चुनौतीपूर्ण हालात के बीच मध्य पूर्व (पश्चिम एशिया) का दौरा कर रहे ब्लिंकन ने सोमवार सुबह अंकारा में अपने तुर्किये समकक्ष हाकन फिदान से लगभग ढाई घंटे तक मुलाकात की। हालांकि, दोनों का कोई संयुक्त बयान नहीं आया। अल जजीरा की रिपोर्ट के अनुसार, तुर्किये ने बिना शर्त युद्धविराम के लिए कहा है।
विज्ञापन


तुर्किये की दो टूक- कैदियों की रिहाई पारस्परिक तौर पर हो
ब्लिंकन और हाकन फिदान की मुलाकात पर अल जज़ीरा की रिपोर्ट के अनुसार तुर्किये और अमेरिका के बड़े नेताओं ने कई मुद्दों पर चर्चा की। विशेष रूप से गाजा में युद्ध और हमास और इस्राइल के बीच कैदियों की अदला-बदली के मुद्दे पर बातें हुईं। खबर के अनुसार, अमेरिका ने तुर्किये को हमास पर अधिक दबाव डालने और बंदियों को रिहा करने के लिए मनाने की कोशिश की। लेकिन तुर्किये अपने रुख पर अड़ा रहा और उसने कहा कि कैदियों की रिहाई पारस्परिक होनी चाहिए।
विज्ञापन
विज्ञापन


हाकन फिदान के साथ "बहुत अच्छी" बातचीत
तुर्किये का कहना है कि हमास की तरफ से बंधकों को रिहा करने पर इस्राइल को भी फलस्तीनी कैदियों को रिहा करना चाहिए। तुर्किये ने बिना शर्त युद्धविराम की मांग भी की। विदेश मंत्री हाकन फिदान के अनुसार, युद्धविराम का पालन करने के लिए एक अंतरराष्ट्रीय तंत्र होना चाहिए, जिसका गारंटर अंकारा होगा। अल जजीरा की रिपोर्ट के अनुसार, बैठक के बाद, अंकारा से उड़ान भरने से पहले ब्लिंकन ने संवाददाताओं से कहा कि तुर्किये के विदेश मंत्री हाकन फिदान के साथ उनकी "बहुत अच्छी, लंबी और सार्थक बातचीत" हुई।

ब्लिंकन तुर्किये के विदेश मंत्री से मुलाकात के बाद क्या बोले?
उन्होंने कहा, "हमने गाजा में मानवीय संकट पर चर्चा की। इसमें जरूरतमंद लोगों को मानवीय सहायता मुहैया कराने के प्रयास भी शामिल हैं। हमने इस्राइल और फलस्तीनियों के लिए टिकाऊ, स्थायी शांति के उपायों पर भी बात की।" ब्लिंकन ने कहा, "पिछले कुछ वर्षों में तुर्किये ने एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है...हमने व्यापार और निवेश के माध्यम से अपने आर्थिक संबंधों को बढ़ाने के साथ-साथ अपनी आतंकवाद-रोधी साझेदारी को मजबूत करने के लिए अपने काम पर चर्चा की।"

इराक, फलस्तीन और जॉर्डन के बाद तुर्किये
अमेरिकी विदेश मंत्री ब्लिंकन की तुर्किये यात्रा तीन बड़े नेताओं से मुलाकात के बाद हुई है। इसी सप्ताहांत में उन्होंने इराक, फलस्तीन और जॉर्डन में अरब नेताओं के साथ तनावपूर्ण बैठकें कीं। अरब और मुस्लिम नेताओं ने गाजा पर एक महीने से जारी हमले के दौरान इस्राइल के प्रति वॉशिंगटन के अटूट समर्थन पर अपनी निराशा जाहिर की है। हिंसक संघर्ष में लगभग 11,000 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है। इनमें एक तिहाई से अधिक बच्चे भी शामिल हैं। यह भी रोचक है कि अमेरिकी राष्ट्रपति बाइडन युद्ध में "मानवीय विराम" की वकालत तो कर रहे हैं, लेकिन उन्होंने पूर्ण युद्धविराम के व्यापक आह्वान का पूरी तरह से समर्थन नहीं किया है।

इस्राइल तुर्किये की नजरों में "युद्ध अपराधी"
अल जजीरा की रिपोर्ट के अनुसार, इस्राइल ने शत्रुता को रोकने के अमेरिकी दबाव का विरोध किया है। अरब और मुस्लिम देशों ने गाजा में बढ़ती हताहतों की संख्या को कम करने के लिए तत्काल युद्धविराम पर जोर दिया है। विशेष रूप से, विदेश नीति में कुछ मौकों पर असहमति जताने के बावजूद, तुर्किये अमेरिका का एक रणनीतिक सहयोगी है। हालांकि, पश्चिम एशिया में तुर्किये इस्राइल के सबसे मुखर आलोचकों में से एक रहा है। तुर्किये इस्राइल पर "युद्ध अपराधी" के रूप में काम करने और "नरसंहार" करने का आरोप लगाता है।

क्या राष्ट्रपति एर्दोगन ने ब्लिंकन की उपेक्षा की?
हिंसक संघर्ष के कारण तुर्किये ने तेल अवीव से अपने राजदूत को वापस बुला लिया था। राष्ट्रपति रेसेप तैयप एर्दोगन ने सार्वजनिक रूप से कहा था कि उन्होंने बेंजामिन नेतन्याहू के साथ बातचीत "खारिज" कर दिया है। एर्दोगन ने अपने कथित दोहरे मानकों के लिए पश्चिमी शक्तियों की भी आलोचना की है। ब्लिंकन की यात्रा के दौरान, अमेरिका के प्रति तुर्किये की निराशा स्पष्ट तौर पर सामने आई। राष्ट्रपति एर्दोगन ब्लिंकन से मुलाकात के बजाय पूर्वोत्तर तुर्किये की यात्रा पर चले गए।

तुर्किये की धरती पर अमेरिका का मुखर विरोध
ब्लिंकन के आगमन से कुछ घंटे पहले, सैकड़ों प्रदर्शनकारियों ने दक्षिणपूर्वी तुर्किये में अमेरिकी सैनिकों की मेजबानी करने वाले एक एयरबेस के बाहर विरोध प्रदर्शन किया। इसके कारण पुलिस के साथ टकराव भी हुआ। सुरक्षाबलों को हालात काबू में करने के लिए आंसू गैस और पानी की बौछारों का सहारा लेना पड़ा। गाजा में जारी संघर्ष के बीच राष्ट्रपति एर्दोगन ने हिंसा को रोकने और एक स्वतंत्र फलस्तीनी राज्य की स्थापना के मुद्दे पर तुर्किये को मध्यस्थ बनाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि युद्धविराम कराने और गाजा में लगातार मानवीय सहायता सुनिश्चित करने के लिए तुर्किये क्षेत्रीय सहयोगियों के साथ "पर्दे के पीछे से काम" कर रहा है।


युद्धविराम पर तुर्किये की नीति
एर्दोगन ने शुक्रवार को कहा, "हमारी प्राथमिकता शीघ्र मानवीय युद्धविराम स्थापित करना है।" उन्होंने कहा कि तुर्किये "नए तंत्र पर काम कर रहा है जो हर किसी की सुरक्षा की गारंटी देगा, चाहे वे मुस्लिम हों, ईसाई हों या यहूदी हों।" अल जज़ीरा ने एर्दोगन के हवाले से कहा, "अंतरराष्ट्रीय शांति सम्मेलन के लिए आधार तैयार करने के हमारे प्रयास जारी हैं।"
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get latest World News headlines in Hindi related political news, sports news, Business news all breaking news and live updates. Stay updated with us for all latest Hindi news.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed