US: ‘अमेरिका हमास के खिलाफ हो रहे हमले में इस्राइल के साथ खड़ा रहेगा’, चिली के राष्ट्रपति से जो बाइडन
बाइडन ने गुरुवार को व्हाइट हाउस में चिली के राष्ट्रपति गेब्रियल बोरिक के साथ बैठक में अपना रुख स्पष्ट किया। उन्होंने कहा कि हमास आतंकवादियों के खिलाफ इस्राइल के साथ अमेरिका खड़ा है।
विस्तार
इस्राइल और हमास के बीच युद्ध करीब एक महीने से जारी है। हमलों के बीच, अमेरिका लगातार इस्राइल का साथ दे रहा है। अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन ने एक बार फिर अपने समर्थन की पुष्टि कर दी है। उन्होंने साफ कह दिया है कि वॉशिंगटन इस्राइल के साथ खड़ा रहेगा।
गाजा में चल रहे जमीनी हमले में...
बाइडन ने गुरुवार को व्हाइट हाउस में चिली के राष्ट्रपति गेब्रियल बोरिक के साथ बैठक में अपना रुख स्पष्ट किया। उन्होंने हमास आतंकवादियों के खिलाफ गाजा में चल रहे जमीनी हमले में इस्राइल के लिए अपने समर्थन की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि इस्राइल को अंतरराष्ट्रीय मानवीय कानून के अनुरूप खुद की रक्षा करने का अधिकार है। इसलिए अमेरिका उनके साथ खड़ा रहेगा। वहीं, अमेरिकी राष्ट्रपति ने गाजा में नागरिकों को भोजन, पानी और चिकित्सा देखभाल सहित जीवन रक्षक मानवीय सहायता को बनाए रखने के प्रयासों की भी पुष्टि की है।
अंतरराष्ट्रीय समुदाय के महत्व पर भी चर्चा
दोनों नेताओं ने संयुक्त राज्य अमेरिका और चिली के बीच द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने के लिए मुलाकात की। बैठक के दौरान दोनों नेताओं ने वेनेजुएला में अगले साल में होने वाले समावेशी चुनावों के समर्थन में आने के लिए अंतरराष्ट्रीय समुदाय के महत्व पर भी चर्चा की। मौके पर जलवायु संकट से निपटने के लिए साझा प्रतिबद्धता पर भी बात की।
यूक्रेन को समर्थन रहेगा जारी
इसके अलावा, बाइडन ने यूक्रेन का समर्थन जारी रखने के महत्व पर भी जोर दिया। साथ ही यूक्रेन के खिलाफ रूस के युद्ध के वैश्विक प्रभावों के बारे में विशेष रूप से खाद्य और ऊर्जा सुरक्षा पर चिंता व्यक्त की।