फ्रांस: प्रतिबंध हटने के बाद हो रही थी अवैध रेव पार्टी, पुलिस के साथ झड़प में कई घायल
फ्रांस के पश्चिमी भाग में अनधिकृत रेव पार्टी से लोगों को भगाने की कोशिश के दौरान पुलिस के साथ झड़प में 22 साल का एक युवक अपना हाथ गंवा बैठा और कई अन्य घायल हो गए। रेडॉन के ब्रिटनी शहर के समीप एक मैदान में शुक्रवार रात को तनाव फैल गया। दो दिन पहले ही फ्रांस ने रात्रि कर्फ्यू हटाया था, जो आठ महीनों से भी अधिक समय से लगा हुआ था।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
ऑनलाइन साझा की गई हिंसा की तस्वीरों में पुलिस लोगों पर आंसू गैस के गोले दागती हुई नजर आ रही है जबकि जवाब में पार्टी करने वाले लोग धातुओं के गोले, गैसोलिन बम और अन्य नुकसानदेह चीजें फेंकते हुए दिखाई दे रहे हैं। क्षेत्र के शीर्ष सरकारी अधिकारी इमैनुअल बर्थियर ने इसकी पुष्टि की। स्थानीय अधिकारियों के अनुसार वहां पर करीब 1500 लोग जुटे थे।
बर्थियर ने लोगों पर 'अक्षम्य' हिंसा का आरोप लगाते हुए कहा कि पुलिस को भीड़ को तितर-बितर करने में सात घंटे से अधिक समय लग गया और शनिवार सुबह भी अधिकारी मैदान खाली करवा रहे थे।उन्होंने बताया कि 22 साल के युवक के हाथ गंवा बैठने समेत रात की घटनाओं की जांच हो रही है, दोषियों के खिलाफ कानून के मुताबिक उचित कार्रवाई की जाएगी।
वहीं, इस हिंसा के दौरान एक युवक के हाथ गंवाने की घटना को लेकर क्षेत्रीय पुलिस प्रमुख पेरी सौवेग्रेन ने फ्रांस इंफो रेडियो से कहा कि माना जा रहा है कि शायद इस युवक ने कोई ऐसा सामान उठा लिया था, जिसमें उसके हाथ में लेने के दौरान ही विस्फोट हो गया। हालांकि, पुलिस प्रमुख सेवेग्रेन ने इस हिंसक घटना को लेकर और चीजें विस्तृत रूप से स्पष्ट नहीं कीं।
ब्रिटेन में महामारी के बाद से पहले संगीत महोत्सव का आयोजन
कोरोना वायरस महामारी फैलने के बाद से ब्रिटेन में पहला संगीत महोत्सव आयोजित किया गया, जिसमें हजारों प्रशंसकों ने भाग लिया। इन्होंने बारिश में गाना गाया और संगीत की धुनों पर थिरके। तीन दिवसीय ‘डाउनलोड फेस्टिवल’ मध्य इंग्लैंड के डोनिंगटन पार्क में हो रहा है और यह उन प्रायोगिक कार्यक्रमों की श्रृंखलाओं में से एक है, जिन्हें यह देखने के लिए आयोजित किया जा रहा है कि क्या कोविड-19 फैले बिना लोगों की बड़ी संख्या वाले आयोजनों को फिर से शुरू किया जा सकता है।
उल्लेखनीय है कि इस संगीत महोत्सव में करीब 10,000 प्रशंसकों ने 40 बैंड्स की प्रस्तुतियों को देखने के लिए टिकटें खरीदीं। बता दें कि कोरोना वायरस महामारी से पहले इसमें दस गुना अधिक प्रशंसक भाग लेते थे। कार्यक्रम शुरू होने से पहले सभी लोगों ने कोविड-19 जांच कराई गई। हालांकि, उन्हें मास्क पहनने या सामाजिक दूरी के नियम का पालन करने की आवश्यकता नहीं है। कार्यक्रम के प्रमोटर एंडी कोपिंग ने कहा कि बारिश के बावजूद कार्यक्रम में काफी उत्साह देखा गया।