Jaishankar Nepal Visit: जयशंकर ने काठमांडू में पशुपतिनाथ मंदिर में पूजा की; नेपाल दौरे पर हैं विदेश मंत्री
विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर ने नेपाल के काठमांडू में पशुपतिनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना की। नेपाल के दौरे पर गए विदेश मंत्री ने ट्वीट किया कि आज सुबह पशुपतिनाथ मंदिर के दर्शन करने का सौभाग्य मिला। दोनों देशों के लोगों की भलाई और भारत-नेपाल संबंधों के लिए प्रार्थना की।
#WATCH विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर ने नेपाल के काठमांडू में पशुपतिनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना की। pic.twitter.com/6S8WbgUs7b
विज्ञापन
— ANI_HindiNews (@AHindinews) January 5, 2024
उन्होंने यात्रा के दूसरे दिन देश में अपने कार्यक्रमों की शुरुआत करने से पहले सुबह-सुबह पशुपतिनाथ मंदिर में दर्शन किए। काठमांडू के पूर्वी बाहरी भाग में पवित्र बागमती नदी के किनारे स्थित पशुपतिनाथ नेपाल में सबसे प्रसिद्ध हिंदू मंदिर है। दुनियाभर से हजारों हिंदू श्रद्धालु इस मंदिर के दर्शन करने आते हैं। सदियों पुराना यह मंदिर हिंदू देवता शिव को समर्पित हैं और वह पशुओं के संरक्षक पशुपति के अपने अवतार में यहां विराजमान हैं।
नेपाल को 7.5 करोड़ डॉलर देगा भारत
विदेश मंत्री ने शुक्रवार को कहा कि भारत पिछले साल आए भूकंप से प्रभावित नेपाल के पश्चिमी जिले में बुनियादी ढांचे के पुनर्निर्माण के लिए 7.5 करोड़ डॉलर का वित्तीय पैकेज देगा। काठमांडू में नेपाल के अपने समकक्ष एनपी सौद के साथ त्रिुभवन विश्वविद्यालय केंद्रीय पुस्तकालय और अन्य पुनर्निर्माण परियोजनाओं का संयुक्त रूप से उद्घाटन करने के दौरान इसका एलान किया गया। परियोजनाएं नेपाल में 2015 में आए भूकंप के बाद शुरू की गई थीं। जयशंकर 2024 में विदेश की अपनी पहली यात्रा पर गुरुवार को नेपाल पहुंचे थे।
नेपाल के शीर्ष नेताओं से मुलाकात की
जयशंकर ने गुरुवार को नेपाल के राष्ट्रपति रामचंद्र पौडेल और प्रधानमंत्री पुष्प कमल दाहाल ‘प्रचंड’ से मुलाकात की। तथा इस दौरान दोनों पक्षों ने सदियों पुराने, विशिष्ट तथा बहुआयामी नेपाल-भारत संबंधों पर व्यापक चर्चा की। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से उन्हें शुभकामनाएं भी दीं। बैठक के बाद जयशंकर ने कहा कि प्रधानमंत्री प्रचंड से मुलाकात की। प्रधानमंत्री मोदी की हार्दिक शुभकामनाएं प्रेषित कीं। जून 2023 में हुई उनकी सफल भारत यात्रा का स्मरण किया जिसने हमारे संबंधों को नयी गति प्रदान की है।