Pakistan: पूर्व सेना प्रमुख जनरल बाजवा के करीबी रिश्तेदार को समन, खाते में संदिग्ध लेनदेन की जांच कर रही FIA
Pakistan: संघीय जांच एजेंसी ने पाकिस्तान के पूर्व सेना प्रमुख जनरल कमर जावेद बाजवा के एक करीबी रिश्तेदार को समन जारी किया है और उन्हें 23 अक्तूबर को पेश होने के लिए कहा गया है। एजेंसी उनके खाते में संदिग्ध लेन-देन के आरोपों की जांच कर रही है।
विस्तार
पाकिस्तान की शीर्ष जांच एजेंसी ने पूर्व सेना प्रमुख जनरल कमर जावेद बाजवा के एक करीबी रिश्तेदार को समन जारी किया है। उन्हें 23 अक्तूबर को पेश होने को कहा गया है। एजेंसी उनके खातों में भारी मात्रा में संदिग्ध लेनदेन के आरोपों की जांच कर रही है। स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स में शनिवार को यह जानकारी दी गई है।
बाजवा के करीबी रिश्तेदार मुहम्मद सबीर हमीद को लाहौर के पंजाब जोन में संघीय जांच एजेंसी (एफआईए) के धन शोधन रोधी सर्कल (एएमएलसी) ने तलब किया है।
नोटिस के मुताबिक, यह समन घोषित कारोबारी प्रोफाइल के विपरीत उनके खातों में भारी मात्रा में संदिग्ध लेनदेन के आरोप पर एजेंसी में चल रही आपराधिक जांच के तहत जारी किया है। उन्हें 23 अक्तूबर को एफआईए के समक्ष पेश होने का निर्देश दिया गया है। सबीर ने 19 बैंक खाते (14 स्थानीय और पांच विदेशी) रखे और कुल 5.5 अरब रुपये का कर्ज कारोबार किया।
उन्हें निर्देश दिया गया है कि वह अपने द्वारा दौरा किए गए सभी देशों की सूची लाएं और अपनी यात्राओं के उद्देश्य को साझा करें। सबीर को यह भी निर्देश दिया गया है कि वह अपनी, अपनी पत्नी और परिवार के सदस्यों के पास मौजूद सभी ऑफशोर/शेल कंपनियों और व्यापारिक वाहनों की सूची लाएं, जिसमें उनकी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय संपत्तियों और उसके परिवार के सदस्यों का रिकॉर्ड भी शामिल हो। एफआईए ने उनके या उनकी ओर से की गई सभी विदेशी मुद्रा खरीद का ब्योरा मांगा है।
उनके या उनकी जीवनसाथी या परिवार के सदस्यों द्वारा पाकिस्तान से बाहर ले जाई गई विदेशी मुद्रा का विवरण भी मांगा गया है। इस बीच, परिवार के करीबी सूत्रों के हवाले से रिपोर्ट में कहा गया है कि सबीर ने सभी आरोपों का खंडन करते हुए कहा है कि उन्हें नोटिस व्यावसायिक प्रतिद्वंद्विता के कारण भेजा गया है, क्योंकि उनके विरोधियों ने सरकारी विभाग को झूठी जानकारी प्रदान की है।