बड़ा हादसा: ग्रीस के पास नाव पलटी, 28 प्रवासी डूबे
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सीरिया और इराक़ में विद्रोही गतिविधियों के कारण यूरोप में हज़ारों प्रवासियों का दाखिल होना जारी है। दक्षिण जर्मनी में बड़ी संख्या में प्रवासी पहुँच रहे हैं।
उधर ग्रीस के कोस्टगार्ड ने कहा है कि एगियन सी में एक नौका के पलटने से एक बच्चे समेत कम से कम 28 लोग डूब गए हैं। कोस्टगार्ड के मुताबिक नौका में कम से कम 100 लोग सवार थे जब वह फ़ार्माकोनीसी टापू के पास पलट गई।
कुछ लोग ही तैर कर टापू तक पहुँच पाए जबकि 68 को कोस्टगार्ड ने बचाया। वहीं ख़बर है कि जर्मनी अपनी सीमा पर फिर कुछ कदम उठा रहा है ताकि बड़ी संख्या में आ रहे लोगों से निपटा जा सके। ये स्पष्ट नहीं है कि ये क्या कदम होंगे। जर्मनी के म्यूनिख में अधिकारियों ने कहा है कि शनिवार को 13 हज़ार लोग वहाँ पहुँचे हैं।
यूरोपीय देशों को अब संघर्ष करना पड़ रहा
स्थानीय प्रशासन ने आगाह किया है कि शरणार्थियों से निपटने के मामले में शहर उस स्थिति में है जहाँ और लोगों को लेना मुश्किल हो सकता है। सीरिया, इरीट्रिया और अफ़ग़ानिस्तान जैसे देशों से भाग कर आ रहे लोगों से निपटने में यूरोपीय देशों को अब संघर्ष करना पड़ रहा है।
जर्मनी में म्यूनिख ऐसे लोगों का मुख्य केंद्र बना हुआ जो बेहतर ज़िंदगी की तलाश में अपने देशों से भागकर आ रहे हैं। म्यूनिख के मेयर ने स्थानीय मीडिया से कहा है कि लोगों को रखने के लिए जगह की कमी हो रही है।
अधिकारी इस बात पर विचार कर रहे हैं कि 1972 ओलंपिक के समय बनी एक इमारत को अस्थाई तौर पर इस्तेमाल किया जाए। उधर जर्मनी की चांसलर एंगला मर्केल ने इतनी बड़ी संख्या में शरणार्थियों को आने देने के फ़ैसले का बचाव किया है।
हंगरी में अधिकारी सीमा को सील करने की तैयारी में जुटे
सर्बिया से हंगरी में भी रिकॉर्ड संख्या में लोग आ रहे हैं। शनिवार को करीब 4000 लोग हंगरी पहुँचे। हंगरी में अधिकारी सीमा को सील करने की तैयारी में जुटे हैं।
अधिकारियों के मुताबिक इस साल अब तक सर्बिया से हंगरी में करीब एक लाख 75 हज़ार लोग आ चुके हैं। हंगरी सीमा पर चार मीटर ऊँची दीवार 15 सितंबर तक पूरी करने की कोशिश में जुटा हुआ है।
उसके बाद से हंगरी में प्रवासियों को लेकर क़ानून कड़े कर दिए जाएँगे। शुक्रवार को फुटेज सामने आया था जिसमें प्रवासियों के सामने खाने के डिब्बे फेंके जा रहे थे और आलोचना हुई थी कि उनके साथ जानवरों जैसा बर्ताव हो रहा है।