Trump Vs Musk: निर्वासन की धमकी के बाद बदले एलन मस्क के सुर, कहा- ट्रंप ने वैश्विक संघर्ष को अच्छे से हल किया
बिग ब्यूटीफुल बिल की आलोचना करने पर ट्रंप ने कहा था कि वह मस्क को निर्वासित करने पर विचार कर सकते हैं। इसके बाद अरबपति एलन मस्क के सुर बदल गए। मस्क ने एक्स पर ट्रंप की एक पोस्ट साझा करते हुए उनको वैश्विक संघर्षों को हल करने का श्रेय दिया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बिग ब्यूटीफुल बिल को लेकर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और अरबपति एलन मस्क के बीच विवाद में नया मोड़ आया है। ट्रंप की निर्वासन की धमकी के बाद मस्क के सुर बदल गए हैं। मस्क ने ट्रंप की तारीफ करते हुए कहा कि उन्होंने वैश्विक संघर्षों को बेहतर तरीके से हल किया है। एलन मस्क ने ट्रंप की निर्वासन वाली धमकी का भी जवाब दिया।
एलन मस्क के बिग ब्यूटीफुल बिल की आलोचना करने पर ट्रंप ने कहा था कि वह मस्क को निर्वासित करने पर विचार कर सकते हैं। उनका प्रशासन टेस्ला प्रमुख की एजेंसी 'DOGE' या सरकारी दक्षता विभाग को उनके खिलाफ ही इस्तेमाल कर सकता है। उन्होंने कहा कि हमें एलन पर DOGE लगाना पड़ सकता है। आप जानते हैं कि DOGE क्या है? DOGE वह राक्षस है, जो वापस जाकर एलन को ही खा सकता है।
ये भी पढ़ें: एक बार फिर फिसली डोनाल्ड ट्रंप की जुबान, पूर्व राष्ट्रपति जो बाइडन के लिए कहे आपत्तिजनक शब्द
मस्क बोले- ट्रंप ने श्रेय देने वाला काम किया
निर्वासन की धमकी के बाद एलन मस्क ने एक्स पर ट्रंप के ट्रुथ सोशल पोस्ट को साझा करते हुए लिखा कि इस्राइल ने गाजा में 60 दिनों के युद्ध विराम पर सहमति व्यक्त की है। उन्होंने वैश्विक संघर्षों को हल करने के लिए ट्रंप को श्रेय दिया। उन्होंने लिखा कि जहां श्रेय देना चाहिए, वहां श्रेय दिया जाना चाहिए। इससे पहले निर्वासन की धमकी का जवाब देते हुए मस्क ने कहा था कि इस मामले को आगे बढ़ाना बहुत लुभावना है। बहुत ही ज्यादा दिलचस्प है। हालांकि, मैं अभी इससे दूर रहूंगा।
'बिग ब्यूटीफुल बिल' के विरोध में क्यों हैं मस्क?
मस्क ट्रंप के 'बिग ब्यूटीफुल बिल' की आलोचना कर रहे हैं, क्योंकि इसमें इलेक्ट्रिक वाहनों को मिलने वाले फायदे कम हो जाएंगे, मदद कम कर दी जाएगी और समर्थन देने के उपाय भी हटा दिए जाएंगे। उन्होंने बिल के पक्ष में मतदान करने वाले सांसदों को चुनावी चुनौतियों के लिए आगाह भी किया है।
कैसे बिगड़ी ट्रंप और मस्क में बात?
ट्रंप और मस्क की यह तकरार इसलिए भी चौंकाने वाली है, क्योंकि मस्क ने 2024 के चुनाव में ट्रंप का पूरी ताकत के साथ समर्थन किया था। मस्क रिपब्लिकन के लिए सबसे बड़े दानकर्ता थे। उन्होंने ट्रंप के साथ चुनावी रैलियों में मंच भी साझा किया था और ट्रंप के लिए समर्थन जुटाया था। ट्रंप की जीत के बाद भी हर वक्त अमेरिकी राष्ट्रपति के साथ नजर आते थे।
ये भी पढ़ें: संघर्षविराम की जगी उम्मीदें, ट्रंप बोले- इस्राइल 60 दिन के सीजफायर पर सहमत; हमास को दी चेतावनी
ओवल ऑफिस में भी अक्सर मस्क और ट्रंप साथ दिखाई देते थे। हालांकि, फिर मस्क ने DOGE से इस्तीफा दे दिया और फिर बात बिगड़ती चली गई। इसकी वजह भी बिग ब्यूटीफुल बिल को ही बताया गया। नौबत यहां तक आ गई थी कि मस्क ने 'अमेरिका पार्टी' नामक एक नई राजनीतिक पार्टी के गठन का आह्वान कर दिया था।