{"_id":"65db0b731279a1d88904b9fa","slug":"election-of-chief-minister-of-pakistan-s-punjab-province-to-take-place-tomorrow-2024-02-25","type":"story","status":"publish","title_hn":"Pakistan: कल होगा पाकिस्तान के पंजाब के CM का चुनाव, पूर्व PM शरीफ की बेटी पर टिकी हैं सबकी निगाहें","category":{"title":"World","title_hn":"दुनिया","slug":"world"}}
Pakistan: कल होगा पाकिस्तान के पंजाब के CM का चुनाव, पूर्व PM शरीफ की बेटी पर टिकी हैं सबकी निगाहें
Sun, 25 Feb 2024 03:16 PM IST
काव्या मिश्रा
वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला, इस्लामाबाद
वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला, इस्लामाबाद
Published by: काव्या मिश्रा
Updated Sun, 25 Feb 2024 03:16 PM IST
सार
पाकिस्तान के इतिहास में पीएमएल-एन की उपाध्यक्ष मरियम का पहली महिला मुख्यमंत्री बनना तय माना जा रहा है क्योंकि उनकी पार्टी के पास अब पंजाब विधानसभा में दो-तिहाई बहुमत है।
विज्ञापन
मरियम नवाज और इमरान खान
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
पाकिस्तान के तीन बार के पूर्व प्रधानमंत्री नवाज शरीफ की बेटी मरियम नवाज पंजाब प्रांत की पहली महिला मुख्यमंत्री बनेंगी। वह कल सीएम के रूप में निर्वाचित होने जा रही हैं। शरीफ के नेतृत्व वाली पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज (पीएमएल-एन) ने पंजाब विधानसभा में स्पीकर और डिप्टी स्पीकर दोनों पद हासिल कर लिए हैं।
विज्ञापन
पंजाब विधानसभा के सचिव आमेर हबीब ने कहा, 'पंजाब के मुख्यमंत्री का चुनाव सोमवार को होगा। उम्मीदवार रविवार को अपना नामांकन पत्र दाखिल कर सकते हैं।'
विज्ञापन
पहली महिला मुख्यमंत्री बनना तय
चूंकि, पाकिस्तान के इतिहास में पीएमएल-एन की उपाध्यक्ष मरियम का पहली महिला मुख्यमंत्री बनना तय माना जा रहा है क्योंकि उनकी पार्टी के पास अब पंजाब विधानसभा में दो-तिहाई बहुमत है। इसलिए पद को अपने नाम करने में कोई समस्या नहीं आएगी। बता दें, मुख्यमंत्री पद के लिए चुनाव पीएमएल-एन की मरियम नवाज और पीटीआई समर्थित सुन्नी इत्तेहाद काउंसिल (एसआईसी) के उम्मीदवार राणा आफताब अहमद के बीच होगा।
विज्ञापन
इन लोगों ने जमाई अपनी गद्दी
पंजाब विधानसभा के मैराथन सत्र में शनिवार को विधायकों ने गुप्त मतदान के जरिए पीएमएल-एन नेता मलिक अहमद खान को सदन का संरक्षक और जहीर इकबाल चन्नार को उपमुख्यमंत्री चुना। मलिक अहमद खान शरीफ के वफादार हैं, जिन्होंने पीटीआई समर्थित सुन्नी इत्तेहाद काउंसिल (एसआईसी) के उम्मीदवार मलिक अहमद खान बछार को हराया था। पीएमएल-एन के उम्मीदवारों को उनके सहयोगियों, पीपीपी, पाकिस्तान मुस्लिम लीग-क्यू (पीएमएल-क्यू) और इत्तेहकम-ए-पाकिस्तान पार्टी (आईपीपी) का समर्थन भी मिला।
किस नेता को कितने वोट मिले
विधानसभा में डाले गए कुल 322 मतों में से मलिक अहमद खान को 224 मत मिले जबकि अहमद बछार को 96 मत मिले। दो वोट खारिज कर दिए गए। जहीर इकबाल को 220 वोट मिले और एसआईसी/पीटीआई के मोइन रियाज को 103 वोट मिले। सत्र के दौरान एसआईसी ने पीएमएल-एन पर उसके जनादेश को चुराने का आरोप लगाया।
पाकिस्तान में आठ फरवरी को आम चुनाव हुए थे। इस चुनाव में सुन्नी इत्तेहाद काउंसिल ने एक भी सीट नहीं जीती थी। हालांकि, पिछले हफ्ते दोनों राजनीतिक दलों के बीच हुए समझौते के तहत पीटीआई समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार पार्टी में शामिल हो गए। वहीं, पाकिस्तान चुनाव आयोग ने अभी तक महिलाओं के लिए 24 और अल्पसंख्यकों के लिए तीन आरक्षित सीटें आवंटित नहीं की हैं।
पीटीआई ने बदला अपना उम्मीदवार
इस बीच पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) ने शनिवार को पंजाब के मुख्यमंत्री पद के लिए उम्मीदवार का नाम बदल दिया था। पार्टी ने कहा था कि मौजूदा राजनीतिक तनाव को देखते हुए विचार-विमर्श के बाद उम्मीदवार बदलने का निर्णय लिया गया है। मियां असलम इकबाल की जगह अब राणा आफताब अहमद खान को पंजाब के मुख्यमंत्री के लिए पार्टी का नया उम्मीदवार घोषित किया है।
पीटीआई महासचिव हम्माद अजहर ने सोशल मीडिया एक्स पर कहा, पार्टी नेतृत्व ने राणा आफताब से विचार-विमर्श करने के बाद उन्हें नामांकित करने का निर्णय लिया।