फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   World ›   Due to russia-Ukraine war fear of recession again, created seven special challenges for the world economy

फिर से मंदी का अंदेशा: यूक्रेन युद्ध से विश्व अर्थव्यवस्था के लिए पैदा हुई हैं सात खास चुनौतियां

Thu, 17 Mar 2022 07:01 PM IST
Harendra Chaudhary वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला, लंदन
वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला, लंदन Published by: Harendra Chaudhary Updated Thu, 17 Mar 2022 07:01 PM IST
विज्ञापन
सार
रूस पर लगाए गए प्रतिबंधों का खराब असर दुनिया की सकल घरेलू उत्पाद वृद्धि दर पर पड़ेगा। इसी हफ्ते विश्व बैंक ने भी ये आशंका जताई। उधर अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) ने भी कहा है कि प्रतिबंधों का वैश्विक अर्थव्यवस्था और वित्तीय बाजारों पर ‘गंभीर प्रभाव’ होगा...
loader
Due to russia-Ukraine war fear of recession again, created seven special challenges for the world economy
यूक्रेन में युद्ध के दौरान क्षतिग्रस्त हुई एक इमारत। - फोटो : PTI (File Photo)

विस्तार

यूक्रेन पर हमले के बाद लगाए गए बेहद सख्त प्रतिबंधों से रूसी अर्थव्यवस्था पर गंभीर मार पड़ी है। लेकिन इसके परिणाम विश्व अर्थव्यवस्था पर भी महसूस किए जा रहे हैं। कुछ अर्थशास्त्रियों ने ताजा घटनाओं के कारण वैश्विक मंदी और वित्तीय बाजारों में उथल-पुथल मचने की आशंका जताई है।



एक अनुमान यह है कि रूस पर लगाए गए प्रतिबंधों का खराब असर दुनिया की सकल घरेलू उत्पाद वृद्धि दर पर पड़ेगा। इसी हफ्ते विश्व बैंक ने भी ये आशंका जताई। उधर अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) ने भी कहा है कि प्रतिबंधों का वैश्विक अर्थव्यवस्था और वित्तीय बाजारों पर ‘गंभीर प्रभाव’ होगा।

चीन से आयात करना महंगा

दूसरा अनुमान यह लगाया है कि वैश्विक व्यापार में नई रुकावटें खड़ी होंगी। जर्मन थिंक टैंक किएल इंस्टीट्यूट (Kiel Institute) ने कहा है कि कोरोना महामारी के बाद अब जाकर विश्व व्यापार ने गति पकड़ना शुरू किया था। लेकिन अब नई समस्या पैदा हो गई है। चीन और यूरोप के बीच माल ढुलाई रूस से होकर गुजरने वाले रेल मार्ग से होती है। जब पिछले साल बंदरगाहों पर बोझ बढ़ गया था, तब इस रूट से यूरोप को बड़ी राहत मिली थी। लेकिन अब इसके जरिए कारोबार पर प्रतिबंधों का असर पड़ने की आशंका है। इससे यूरोप के लिए चीन से आयात करना महंगा हो सकता है।

तीसरा अंदेशा सप्लाई चेन संबंधी मुश्किलों के बढ़ने का है। यूक्रेन पर हमले के बाद से हजारों टैंकरों को रूस और यूक्रेन से बंदरगाहों की तरफ जाने से रोक दिया गया है। उन्हें काला सागर की तरफ से जाने की सलाह दी गई है। लेकिन वहां भीड़ बढ़ जाने के कारण परिवहन बेहद धीमी गति से हो रहा है। कोरोना महामारी के कारण सप्लाई चेन पहले से बाधित थे। इसमें अब एक नई समस्या खड़ी हो गई है।

चौथी चिंता संभावित खाद्य संकट को लेकर है। दुनिया भर में अनाज के दाम में बढ़ोतरी शुरू हो चुकी है। विश्व खाद्य एवं कृषि संगठन ने पिछले हफ्ते कहा था कि मौजूदा हालत के कारण दुनिया में खाद्य सामग्रियों का अभाव हो सकता है। संगठन के मुताबिक यूक्रेन पर हमले के बाद गेहूं और जौ की कीमत में 30 फीसदी से ज्यादा वृद्धि हुई है। रेपसीड ऑयल और सूरजमुखी के तेल के दाम 60 फीसदी तक बढ़े हैं। रूस और यूक्रेन दोनों गेहूं और कई दूसरे अनाजों के सबसे बड़े निर्यातकों में हैं।

रूस की जवाबी कार्रवाई बनी चिंता का सबब

पांचवां और बेहद अहम मोर्चा कच्चे तेल और प्राकृतिक गैस का है। यूरोप और अमेरिका में इन दोनों कमोडिटी की कीमतें तेजी से चढ़ी हैं। इनके अलावा कोयला, रेयर अर्थ, लकड़ी और प्लास्टिक के भाव में भी इजाफा हुआ है। विश्लेषकों के मुताबिक इन चीजों की महंगाई का असर हर तरह के उपभोक्ताओं पर पड़ रहा है।

छठी चिंता पश्चिमी प्रतिबंधों के खिलाफ रूस की जवाबी कार्रवाइयों से उठी है। पश्चिमी प्रतिबंधों के कारण रूस में दूरसंचार, मेडिकल, परिवहन, ऊर्जा और टेक्नोलॉजी से जुड़ी सेवाएं महंगी हो गई हैं। अब अगर रूस ने जवाबी कार्रवाई के तहत तेल और गैस के निर्यात में कटौती की, तो पश्चिमी देशों में आम लोगों की जिंदगी और महंगी हो जाएगी।

सातवीं चिंता यह है कि प्रतिबंधों और जवाबी प्रतिबंधों के असर से विश्व आर्थिक मंदी में फंस सकता है। बैंक ऑफ अमेरिका के ताजा सर्वे से सामने आया है कि निवेशक घबराए हुए हैं और वे अपनी नकदी की जमाखोरी कर रहे हैं। सर्वे में शामिल विशेषज्ञों के बहुमत ने कहा कि यूक्रेन संकट से मुद्रास्फीति की दर तमाम रिकॉर्ड तोड़ सकती है। लैफर टेंग्लर इन्वेस्टमेंट नाम की कंपनी की सीईओ नैंसी टेंग्लर ने एक इंटरव्यू में कहा- ‘मंदी का अंदेशा गहराता जा रहा है। बढ़ती महंगाई, ऊर्जा की बढ़ती लागत आदि ऐसे कारण हैं, जिनकी वजह से यूरो ज़ोन मंदी का शिकार हो जाने की आशंका है।’

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get latest World News headlines in Hindi related political news, sports news, Business news all breaking news and live updates. Stay updated with us for all latest Hindi news.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

Next Article

Followed