पाकिस्तान : अपराधियों को सत्ता के शीर्ष पर बैठाने से अच्छा होता परमाणु बम गिरा देते, इमरान का छलका दर्द
इमरान खान ने यह भी दावा किया कि उनके पास पाकिस्तान के सत्ता प्रतिष्ठानों के अब भी फोन आते हैं, लेकिन उन्होंने उनके नंबर ब्लॉक कर रखे हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
इमरान खान ने यह भी दावा किया कि उनके पास पाकिस्तान के सत्ता प्रतिष्ठानों के अब भी फोन आते हैं, लेकिन उन्होंने उनके नंबर ब्लॉक कर रखे हैं। देश में जब तक चुनाव की तारीखों का एलान नहीं होगा तब तक वह उनसे बात नहीं करेंगे। पिछले माह अविश्वास प्रस्ताव के जरिए सत्ता से बेदखल किए गए इमरान खान ने पाकिस्तानी जनता से आह्वान किया कि वह संघीय राजधानी की ओर ऐतिहासिक मार्च के लिए तैयार रहे। जब जनता सड़कों पर उतरेगी तो कई विकल्प खुलेंगे।
शुक्रवार को पत्रकारों से चर्चा में पूर्व पाक पीएम ने यह बातें कहीं। डॉन में छपी रिपोर्ट के अनुसार इमरान खान ने कहा कि स्टैबिल्शमेंट की तरफ से संदेशे आ रहे हैं, लेकिन वे आम चुनाव की घोषणा होने तक किसी से बात नहीं करेंगे।
अमेरिका पर लगाया साजिश रचने का आरोप
जियो न्यूज चैनल की रिपोर्ट के अनुसार इमरान ने कहा कि अमेरिका ने उनकी सरकार गिराने के लिए विपक्षी नेताओं के साथ साजिश रची। इस साजिश का समर्थन करने वालों से इमरान ने कहा कि उन्हें पाकिस्तान के भविष्य की चिंता नहीं है। ऐस अपराधियों के सत्ता में आने से बेहतर होता कि पाकिस्तान पर एक परमाणु बम गिरा देते।
पाकिस्तान तहरीके इंसाफ (PTI) के अध्यक्ष इमरान खान ने कहा कि उन्हें पिछले साल जून में इस साजिश की भनक लग गई थी, लेकिन दुर्भाग्य से उनकी सरकार को कमजोर करने वाले सारे फैसले किए गए और सरकार चली गई।
दो मुद्दों पर सेना से था मतभेद
खान ने कहा कि उनके पाक स्टैब्लिशमेंट (पाक सेना) से अपनी सरकार के अंतिम दिन तक अच्छे रिश्ते थे, सिवाय दो मुद्दों को, जिन पर वह आंख से आंख नहीं मिलाते थे। शक्तिशाली धड़ा चाहता था कि पंजाब के सीएम पद से उस्मान बुजदार को हटाया जाए, लेकिन वह कहना चाहेंगे कि पंजाब से ज्यादा सिंध में भ्रष्टाचार था। पाक सेना के साथ बुजदार के अलावा दूसरी बात पर असहमति देश के गुप्तचर प्रमुख ले. जन. फैज हामिद को लेकर थी। पूर्व पीएम ने कहा कि वह सोच भी नहीं सकते थे कि भ्रष्टाचार 'शक्तिशाली तबकों' के लिए कोई मुद्दा नहीं था और वे इन अपराधियों को देश पर थोप देंगे, लेकिन दुर्भाग्य से, ऐसा हुआ।
रैली से पहले इमरान समर्थकों पर लाठीचार्ज, आंसूगैस दागी
पाकिस्तानी पुलिस ने सियालकोट में पूर्व पीएम इमरान खान की पार्टी ‘पीटीआई’ की होने वाली रैली के स्थल को खाली कराने की कार्रवाई शुरू कर दी है। शनिवार सुबह सियालकोट में पीटीआई कार्यकर्ताओं ने इमरान सरकार को हटाने के खिलाफ प्रदर्शन किया। इसके बाद पुलिस ने कार्यकर्ताओं पर आंसूगैस के गोले दागे और लाठीचार्ज किया।
जियो टीवी की रिपोर्ट के मुताबिक, पीटीआई ने अनुमति के बिना ईसाई समुदाय के स्वामित्व वाले सीटीआई मैदान पर रैली आयोजित की। इसकी शिकायत पर पुलिस ने जगह को खाली कराने की कार्रवाई शुरू की।
डॉन अखबार ने पीटीआई के ट्वीट का हवाला देते हुए कहा कि रैली से पहले नेता उस्मान डार व पार्टी के कई नेता हिरासत में ले लिए गए। इस दौरान टीवी फुटेज में पुलिस कर्मियों को रैली के लिए बनाए गए ढांचे को तोड़ते हुए देखा गया। जबकि ईसाई समुदाय ने उनकी जमीन पर रैली को लेकर आपत्ति जताई थी।