Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   World ›   donald-trump-fbi-investigation-nvidia-ceo-jensen-huang-chinese-agent-affair

जेन्सेन हुआंग के मामले में एफबीआई कर रही जांच: ट्रंप बोले- एनवीडिया सीईओ को पता नहीं था कि महिला है चीनी जासूस

Tue, 10 Nov 2026 07:28 AM IST
देवेश त्रिपाठी पीटीआई, वॉशिंगटन
पीटीआई, वॉशिंगटन Published by: देवेश त्रिपाठी Updated Tue, 10 Nov 2026 07:28 AM IST
सार

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि एफबीआई एनवीडिया के सीईओ जेन्सेन हुआंग के कथित चीनी एजेंट से संबंधों की जांच कर रही है। हालांकि, उन्होंने हुआंग को किसी परेशानी में पड़ने की आशंका से इनकार किया। न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिकी खुफिया एजेंसियों का मानना है कि एलिस हुआंग नाम की महिला बीजिंग के लिए जानकारी जुटा रही थी।

विज्ञापन
donald-trump-fbi-investigation-nvidia-ceo-jensen-huang-chinese-agent-affair
जेन्सेन हुआंग के अफेयर से अमेरिका में हलचल - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स

विस्तार

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि संघीय जांच ब्यूरो (एफबीआई) एनवीडिया के सीईओ जेन्सेन हुआंग के कथित चीनी सरकारी एजेंट के साथ संबंधों की जांच कर रहा है। हालांकि, ट्रंप ने कहा कि उन्हें नहीं लगता कि इस मामले में हुआंग को चिंता करने की जरूरत है।
विज्ञापन


सोमवार को व्हाइट हाउस में पत्रकारों से बातचीत के दौरान ट्रंप ने कहा कि एफबीआई किसी अन्य मामले के सिलसिले में इसकी जांच कर रही है और उन्हें लगता है कि हुआंग ठीक रहेंगे। ट्रंप ने एनवीडिया के सीईओ जेन्सेन हुआंग का बचाव करते हुए कहा कि उन्हें इस बात की जानकारी नहीं थी कि जिस महिला के साथ उनके संबंधों की खबर सामने आई है, वह कथित तौर पर चीनी जासूस थी।
विज्ञापन


डोनाल्ड ट्रंप ने की जेन्सेन हुआंग से फोन पर बात
ट्रंप ने हुआंग को एक उच्च स्तर का व्यक्ति बताते हुए उम्मीद जताई कि इस मामले में अमेरिका की राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ी कोई जानकारी प्रभावित नहीं हुई है। उन्होंने बताया कि वह हुआंग को लंबे समय से जानते हैं और उन्हें एक अच्छा व्यक्ति मानते हैं। ट्रंप ने एनवीडिया को दुनिया की सबसे बड़ी कंपनियों में से एक बताते हुए कहा कि हुआंग ने अपनी चिप तकनीक के दम पर कंपनी को इस मुकाम तक पहुंचाया है।
विज्ञापन
विज्ञापन


अमेरिकी राष्ट्रपति ने हुआंग से बातचीत का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि उन्होंने एनवीडिया सीईओ से पूछा था कि क्या उन्हें महिला के चीनी खुफिया एजेंसी से कथित संबंधों की जानकारी थी। ट्रंप के मुताबिक, हुआंग ने जवाब दिया, "मुझे बिल्कुल पता नहीं था कि वह जासूस थी और मैं वास्तव में उनकी बात पर विश्वास करता हूं।"

जेन्सेन हुआंग मामले ने बढ़ाई अमेरिका की चिंता
हुआंग के विवाहेतर संबंधों की खबर सामने आने के बाद अमेरिकी राजनीति और टेक्नोलॉजी जगत में हलचल मची हुई है। इस मामले ने यह चिंता भी बढ़ा दी है कि क्या चीन को एनवीडिया की उन अत्याधुनिक चिप्स तक पहुंच मिली है, जिनका इस्तेमाल आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के विकास में हो रहा है।

ट्रंप ने बताया कि उन्होंने हुआंग से बात की है। उन्होंने कहा कि वह सिर्फ यह जानना चाहते थे कि हुआंग कैसा महसूस कर रहे हैं। ट्रंप के मुताबिक, हुआंग ने उनसे कहा कि उन्हें बिल्कुल जानकारी नहीं थी कि संबंधित महिला जासूस थी।

हुआंग ने पत्नी और कंपनी से मांगी माफी
जेन्सेन हुआंग ने अपनी पत्नी और कंपनी से माफी मांगते हुए विवाहेतर संबंध होने की बात स्वीकार की है। उन्होंने एनवीडिया की वेबसाइट पर एक खुला पत्र जारी किया। इसमें उन्होंने कहा कि वह जांच का समर्थन करते हैं और इसमें पूरा सहयोग करेंगे।
हुआंग ने अपने पत्र में कहा, "मैं अपने देश और अपनी कंपनी से प्यार करता हूं। मैं एनवीडिया की सुरक्षा करने और अमेरिका की राष्ट्रीय सुरक्षा का समर्थन करने के लिए प्रतिबद्ध हूं।"

एनवीडिया ने रविवार को घोषणा की थी कि वह उन खबरों की स्वतंत्र जांच कर रही है, जिनमें कहा गया है कि हुआंग विदेशी खुफिया एजेंसी के निशाने पर थे। इस मामले पर अमेरिकी संसद में भी चर्चा शुरू हो गई है। डेमोक्रेटिक पार्टी के वरिष्ठ नेताओं सीनेटर मार्क वार्नर और प्रतिनिधि सभा के सदस्य हकीम जेफ्रीज ने सोमवार को कहा कि वे इस मामले की आगे जांच करना चाहते हैं।

जेफ्रीज ने बताया कि सीआईए निदेशक और राष्ट्रीय खुफिया निदेशक के साथ बंद कमरे में हुई बैठक में भी एनवीडिया का मुद्दा उठा था। यह बैठक मुख्य रूप से ईरान से जुड़े मामलों पर केंद्रित थी। उन्होंने कहा कि इस पूरे मामले और अमेरिका की राष्ट्रीय सुरक्षा पर इसके संभावित असर को समझने के लिए विस्तृत जानकारी मांगी जाएगी।

चीन ने जासूसी की साजिश से किया इनकार
अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप अगले सप्ताह एशिया-प्रशांत आर्थिक सहयोग (एपीईसी) शिखर सम्मेलन के दौरान चीन के शेनझेन में राष्ट्रपति शी जिनपिंग से मुलाकात करने वाले हैं। हालांकि, उनसे पूछा गया कि क्या वह इस मामले को शी के सामने उठाएंगे, तो उन्होंने स्पष्ट जवाब नहीं दिया। ट्रंप ने कहा कि शायद वह इस मुद्दे पर बात नहीं करेंगे। उन्होंने कहा कि संभव है कि शी जिनपिंग खुद उनसे इस बारे में पूछें। ट्रंप ने हुआंग को सम्मानित व्यक्ति बताते हुए कहा कि वह उन्हें अच्छी तरह जानते हैं।

इस बीच, चीन ने सोमवार को हुआंग को कथित जासूसी के जाल में फंसाने की कोशिश के आरोपों को खारिज कर दिया। चीनी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता गुओ जियाकुन ने कहा कि चीनी जासूस से जुड़ा आरोप बेबुनियाद है और यह चीन को बदनाम करने की कोशिश है।

बीजिंग इससे पहले न्यूयॉर्क टाइम्स की उस रिपोर्ट को भी खारिज कर चुका है, जिसमें कहा गया था कि हुआंग के एलिस हुआंग नाम की चीनी नागरिक से करीबी संबंध थे। एलिस हुआंग सिंगापुर की एक कंपनी से जुड़ी थीं, जिस पर पिछले साल एनवीडिया की उन्नत कंप्यूटर चिप्स को अवैध तरीके से चीन भेजने के आरोप लगे थे।

ट्रंप को एआई नियमों में ढील देने के लिए मनाते रहे हैं हुआंग
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस उद्योग में एनवीडिया और जेन्सेन हुआंग की अहम भूमिका है। दुनिया की कई प्रमुख एआई कंपनियां अपने सिस्टम चलाने के लिए एनवीडिया की विशेष चिप्स पर निर्भर हैं। हुआंग ने एआई को नियंत्रित करने वाले नियमों में ढील देने के लिए भी ट्रंप प्रशासन के सामने अपनी बात रखी है। उनका तर्क रहा है कि तकनीक से जुड़े सुरक्षा जोखिमों से निपटने के लिए मौजूदा कानून पर्याप्त हो सकते हैं और कंपनियों को अपने उत्पादों के इस्तेमाल के प्रति जिम्मेदार होना चाहिए।

इसके अलावा, हुआंग ने अमेरिका से चीन को एनवीडिया की चिप्स बेचने पर लगी पाबंदियों में ढील देने की पैरवी भी की है। इस साल ट्रंप ने एनवीडिया की H200 चिप्स चीन को बेचने की अनुमति देने पर सहमति जताई थी। हालांकि, यह स्पष्ट नहीं है कि चीन अपनी कंपनियों को बड़ी संख्या में ये चिप्स खरीदने की अनुमति देगा या नहीं।

एनवीडिया ने अगस्त में नियामकीय फाइलिंग में बताया था कि चीन में उसने बहुत कम मात्रा में चिप्स बेची हैं, क्योंकि चीनी सरकार ने ऐसी खरीद पर प्रतिबंध लगाए हुए हैं। H200 एनवीडिया की सबसे अत्याधुनिक चिप नहीं है, लेकिन इसे उन्नत तकनीक वाली चिप माना जाता है। इससे पहले हुआंग ने H20 चिप्स की चीन को बिक्री की अनुमति देने के लिए भी ट्रंप प्रशासन से पैरवी की थी। इन चिप्स को अमेरिकी निर्यात प्रतिबंधों का पालन करने के लिए तैयार किया गया था।

जून में एसोसिएटेड प्रेस को दिए एक इंटरव्यू में हुआंग ने कहा था कि राष्ट्रीय सुरक्षा हमेशा सभी तकनीकों के लिए सबसे बड़ी प्राथमिकता होनी चाहिए। हालांकि, निर्यात नियंत्रण से जुड़ी नीतियां बनाने से पहले संबंधित जोखिमों को स्पष्ट रूप से समझना जरूरी है।

विवाद के बीच एनवीडिया के शेयरों में गिरावट
इस विवाद का असर एनवीडिया के शेयरों पर भी दिखाई दिया। सोमवार को कारोबार के दौरान कंपनी के शेयरों में चार प्रतिशत से अधिक की गिरावट दर्ज की गई। पिछले बुधवार से अब तक Nvidia के शेयर करीब 11 प्रतिशत तक टूट चुके हैं।

सिंगापुर की डेटा सेंटर कंपनी पर भी नजर
न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, एलिस हुआंग सिंगापुर स्थित डेटा सेंटर कंपनी मेगास्पीड इंटरनेशनल की पूर्व अधिकारी थीं। कंपनी की वेबसाइट पर एनवीडिया के साथ उसकी साझेदारी का प्रमुखता से उल्लेख किया गया है। सोमवार को सिंगापुर में छुट्टी होने के कारण कई कार्यालय बंद थे। मेगास्पीड इंटरनेशनल और सिंगापुर के गृह मंत्रालय ने इस मामले पर टिप्पणी के अनुरोधों का तत्काल जवाब नहीं दिया।

एनवीडिया दुनिया की सबसे मूल्यवान सूचीबद्ध कंपनियों में शामिल है। इस सूची में एपल और माइक्रोसॉफ्ट भी शामिल हैं। चीन को कंपनी की चिप्स की बिक्री पहले भी अमेरिकी नियामकों की निगरानी में रही है। अमेरिका की कोशिश रही है कि चीन को इस तरह की उन्नत तकनीक तक पहुंच सीमित रखी जाए।

मामले में उठ रहे कौन से सवाल?
वॉशिंगटन स्थित कंसल्टेंसी एशिया ग्रुप के डिजिटल प्रैक्टिस प्रमुख जॉर्ज चेन ने कहा कि इस मामले में दो अहम सवाल हैं। पहला, क्या हुआंग को जासूसी से जुड़ी किसी गतिविधि की जानकारी थी और दूसरा, क्या कोई गोपनीय या रणनीतिक रूप से संवेदनशील जानकारी लीक हुई है। उन्होंने कहा कि इन सवालों का जवाब अटकलों के बजाय सबूतों के आधार पर तलाशना होगा।

चीन के सरकारी मीडिया ने भी इस मामले को प्रमुखता से उठाया है। वहां की मीडिया रिपोर्टों में हुआंग के अफेयर स्वीकार करने पर ज्यादा ध्यान दिया गया है, जबकि सरकारी मीडिया ने मुख्य रूप से सरकार के आधिकारिक रुख को दोहराया है। कुछ मीडिया संस्थानों ने न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट को अमेरिका और चीन के संबंधों में तनाव पैदा करने की कोशिश बताया है।


सरकारी अखबार ग्लोबल टाइम्स ने लिखा कि जब भी चीन और अमेरिका के संबंधों में सुधार होने लगता है, तो अक्सर कुछ लोग पर्दे के पीछे से निशाना साधने लगते हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get latest World News headlines in Hindi related political news, sports news, Business news all breaking news and live updates. Stay updated with us for all latest Hindi news.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed