Cryptocurrency: क्रिप्टो कारोबार पर लगातार गिर रही हैं बिजलियां, दिवालिया घोषित होने वाली है यह कंपनी
Cryptocurrency: सिंगापुर और हांगकांग में क्रिप्टो बाजार से जुड़े कारोबारियों ने कहा है कि वे अब इस बाजार में लंबी मंदी की आशंका महसूस कर रहे हैं। उनके मुताबिक एफटीएक्स के ढहने से पूरे बाजार में बेचैनी फैली हुई है। इस कारण क्रिप्टो निवेश का मूल्य तेजी से गिर रहा है...
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
क्रिप्टो करेंसी बाजार को और भी गंभीर झटके लगने की आशंका है। अमेरिका में सोशल मीडिया पर बुधवार को यह चर्चा जोर पकड़ती दिखी कि दुनिया में क्रिप्टो ऋण देने वाली एक बड़ी कंपनी ब्लॉक-एफआई भी खुद दिवालिया घोषित करने वाली है। दो दिन पहले इस कंपनी ने कहा था कि दिवालिया होने की अर्जी दे चुकी कंपनी- एफटीएक्स में उसका भी काफी धन लगा था, जो अब डूबता दिख रहा है।
सिंगापुर और हांगकांग में क्रिप्टो बाजार से जुड़े कारोबारियों ने कहा है कि वे अब इस बाजार में लंबी मंदी की आशंका महसूस कर रहे हैं। उनके मुताबिक एफटीएक्स के ढहने से पूरे बाजार में बेचैनी फैली हुई है। इस कारण क्रिप्टो निवेश का मूल्य तेजी से गिर रहा है। एफटीएक्स के कुछ घोटालों में शामिल रहने की खबरों ने चिंता और बढ़ा दी है। इससे ये आशंका गहराई है कि अभी इस मामले में ऐसे खुलासे हो सकते हैं, जिनका दूरगामी असर होगा।
एफटीएक्स की स्थापना सैम बैंकमैन-फ्राइड ने की थी। देखते-देखते क्रिप्टो की दुनिया की वे सबसे प्रमुख शख्सियतों में एक बन गए थे। लेकिन पिछले हफ्ते एक क्रिप्टो वेबसाइट पर खबर छपी कि एफटीएक्स के पास निवेशकों का पैसा लौटाने योग्य धन नहीं है। उसके बाद बहुत से निवेशकों ने अपना पैसा निकालना शुरू कर दिया। इससे कंपनी का पूरा कारोबार ढह गया और उसने दिवालिया होने की अर्जी दे दी। उसके बाद क्रिप्टो हेज फंड थ्री ऐरो कैपिटल, सेल्सियश नेटवर्क और बेबेल फाइनेंस के भी संकटग्रस्त होने की खबरें आ चुकी हैं।
दक्षिण-पूर्व एशिया के सबसे बड़े बैंक डीबीएस ग्रुप के विश्लेषकों तैमूर बेग और चांग वेई लियांग ने अपनी एक ताजा रिपोर्ट में बताया है कि एफटीएक्स की घटना सामने आने के बाद से तमाम क्रिप्टो करेंसियों के भाव में भारी गिरावट आई है। वैसे भी इन मुद्राओं के भाव निचले स्तर पर थे। दो सबसे बड़ी क्रिप्टो करेंसी बिटकॉइन और इथेरियम के भाव में इस साल 65 फीसदी की गिरावट आ चुकी है। दोनों विश्लेषकों ने कहा है- ‘संभवतः गिरावट का दौर अभी थमा नहीं है। प्रमुख कंपनियों के फेल होने, नकदी के अभाव, धोखाधड़ी, विनियामकों की जांच, पूंजी भाव के अभाव आदि के कारण बहुत से निवेशकों के मन में भरोसे का संकट पैदा हो गया है।’
पर्यवेक्षकों ने इस दौर को ‘क्रिप्ट विंटर’ नाम दिया है। सभी क्रिप्टो करेंसियों का कुल पूंजीगत भाव (कैपिटलाइजेशन) पिछले नवंबर में तीन ट्रिलियन डॉलर तक पहुंच गया था। इस वर्ष जुलाई तक यह घट कर एक ट्रिलियन डॉलर से भी कम रह गया। अब हालिया घटनाओं से इसके और भी नीचे जाने का अनुमान है।
क्रिप्टो गेमिंग प्लेटफॉर्म mech.com के सह-संस्थापक काइल क्लेमर ने वेबसाइट निक्कईएशिया.कॉम से कहा- ‘एफटीएक्स के फेल होने का व्यापक असर हुआ है। इस कंपनी ने कई चीजों हाथ डाल रखे थे।’ उन्होंने कहा कि इस घटना के पहले भी अमेरिकी सेंट्रल बैंक- फेडरल रिजर्व के ब्याज दर बढ़ाने के कारण क्रिप्टों मुद्राओं के भाव में गिरावट आ रही थी। अब निवेशक क्रिप्टो जैसे अस्थिर भाव वाली मुद्राओं में पैसा लगाने से बच रहे हैं। क्लेमर ने कहा- ‘दिसंबर बहुत मुश्किल महीना साबित होगा। अब इस कारोबार मे पारदर्शिता लाने की मांग तेज होकर निर्णायक मोड़ पर पहुंच गई है।’