दुनिया में महामारी से कुल 64.79 लाख लोग संक्रमित, पाक में मंत्री की मौत, ब्राजील में हालात खराब
दुनिया में कोरोना वायरस के चलते संक्रमितों की संख्या 64.79 लाख तक पहुंच गई है, जबकि मृतकों की संख्या 3.82 लाख पार हो चुकी है। अमेरिका में भी पिछले 24 घंटे में संक्रमित बढ़े हैं, जबकि ब्राजील में हालात लगातार बिगड़ रहे हैं। इस बीच पाकिस्तान में सिंध प्रांत के मंत्री की संक्रमण से मौत हो गई है।
पाकिस्तान के दक्षिण-पूर्वी सिंध प्रांत में कोविड-19 से एक प्रांतीय मंत्री की मौत हो गई है। समाचार पत्र डॉन के मुताबिक, सिंध के मानव संसाधन मंत्री गुलाम मुर्तजा बलोच 14 मई को संक्रमित पाए गए थे, जिसकी जानकारी उन्होंने ट्विटर पर साझा करते हुए लोगों से उनके जल्द स्वस्थ होने की दुआ करने की अपील की थी।
लेकिन सिंध के मुख्यमंत्री मुराद अली शाह ने कहा कि कोरोना वायरस के चलते बलोच का निधन हो गया। दरअसल, पाकिस्तान में लॉकडाउन हटाने के बाद से हालात लगातार बिगड़ रहे हैं और अब तक 1,683 लोगों की मौत हो गई है। दूसरी तरफ, ब्राजील में हालात काफी खराब हैं।
यहां पिछले दो दिनों में 1,262 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि अब तक कुल 32 हजार से ज्यादा मौतें हो चुकी हैं। अमेरिका में स्वास्थ्य अधिकारियों ने प्रदर्शनों के चलते संक्रमितों की संख्या बढ़ने की चेतावनी दी है।
ब्राजील : एक दिन में 1,262 लोगों ने तोड़ा दम
कोरोना से बुरी तरह प्रभावित ब्राजील में बीते 24 घंटों में 1,262 लोगों की मौत हुई है। इसके साथ ही देश में अब तक कोरोना से होने वाली मौतों का संख्या अब 32 हजार के पार चली गई है। ये आंकड़ा ऐसे वक्त आया है जब ब्राजील में कई शहर लॉकडाउन से बाहर निकल रहे हैं। यहां रियो डी जेनेरियो में समुद्र तट पर भारी संख्या में लोग दिखाई दिए और साओ पाउलो में भी आर्थिक गतिविधियां शुरू की गई हैं।
पैन अमेरिकन हेल्थ ऑर्गेनाइजेशन के निदेशक मार्कोस एस्पीनाल ने कहा है कि लॉकडाउन में ढील के चलते यह वायरस अभी और पैर पसार सकता है। इससे पहले राष्ट्रपति बोलसोनारो कोरोना वायरस को मामूली फ्लू कह चुके हैं, जिससे होने वाली मौतों को टाला नहीं जा सकता।
ब्रिटेन में मौतों की संख्या 40 हजार के पार
जॉन्स हॉपकिंस यूनिवर्सिटी के अनुसार ब्रिटेन में कोरोना से मरने वालों की संख्या 40 हजार के पार पहुंच चुकी है। ब्रिटेन में गरीबी के मुद्दे पर विरोध—प्रदर्शन कर रहे कार्यकर्ताओं का कहना है कि लॉकडाउन के पहले महीने, मार्च में देश के खाद्यान्न बैंकों पर भारी दवाब पड़ा है। वहीं अप्रैल में मांग रिकॉर्ड स्तर पर रही है। सामाजिक सुरक्षा नेटवर्क इस स्थिति को रोकने में नाकाफी रही है।
फ्रांस में एक दिन में 100 से अधिक मौत
बीते 13 दिनों में पहली बार 24 घंटों के अंदर फ्रांस में कोराना वायरस की वजह से 100 से अधिक मौत हुई है। देश में हाल में लॉकडाउन के नियमों में ढील दी गई है। बता दें कि यहां के वित्त मंत्री ब्रूनो ले मेयर ने कहा था कि लॉकडाउन से देश की अर्थव्यवस्था में 11 फीसदी की गिरावट आ सकती है।
चीन: कोरोना के पांच नए मामले
चीन में कोरोना वायरस के पांच नए मामले सामने आए हैं, जिनमें से चार मरीजों में बीमारी के लक्षण नहीं दिखाई दिए, जबकि कोविड-19 का केंद्र रहे वुहान से संक्रमण का कोई मामला सामने नहीं आया। एनएचसी के अनुसार, कोरोना वायरस का विदेश से आया एक मामला और चार बिना लक्षण वाले मामले सामने आए। अभी यह स्पष्ट नहीं है कि बिना लक्षण वाले मरीज कहां से सामने आए हैं।
दक्षिण कोरिया: कोविड-19 के 49 नए मामले दर्ज
दक्षिण कोरिया में कोविड-19 के 49 नए मामले सामने आए हैं, जिससे देश में चिंता बढ़ गई है, क्योंकि यहां लाखों बच्चों ने स्कूल जाना शुरू कर दिया है। कोरिया बीमारी नियंत्रण एवं रोकथाम केंद्र की ओर से बुधवार को जारी आंकड़ों के अनुसार देश में संक्रमण के 11,590 मामले हैं और 273 लोगों की मौत हो चुकी है। नए मामले में से कुछ सियोल मेट्रोपोलिटन क्षेत्र से हैं।