कोरोना वायरसः विश्व में हर माह 10000 बच्चों की भूख से मौत, संक्रमित 1.66 करोड़ के पार
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विश्व में कोरोना वायरस से अब तक 1.66 करोड़ से ज्यादा लोग संक्रमित हो चुके हैं जबकि 6.57 लाख लोग इस महामारी में अपनी जान गंवा चुके हैं। अमेरिका और ब्राजील में संक्रमण दर लगातार बढ़ रही है। जबकि इससे गरीब देश सर्वाधिक प्रभावित हैं। संयुक्त राष्ट्र ने एक रिपोर्ट में कहा है कि महामारी के चलते हर माह भूख से दुनिया में 10,000 से ज्यादा बच्चे मारे जा रहे हैं।
संयुक्त राष्ट्र की रिपोर्ट बताती है कि गांव में पैदा कई उत्पाद बाजारों तक नहीं पहुंच पा रहे हैं और अधिकांश गांव खाद्य व मेडिकल सप्लाई से कट गए हैं। इस कारण भोजन की आपूर्ति की कमी के कारण भुखमरी बढ़ रही है। रिपोर्ट में आशंका जताई गई है कि एक वर्ष में 1.20 लाख बच्चों की मौत भोजन आपूर्ति में कमी के चलते हो सकती है। संयुक्त राष्ट्र के मुताबिक, हर माह 5.5 लाख से ज्यादा बच्चे कुपोषण का शिकार हो जाते हैं।
उसने चेताया कि बढ़ते कुपोषण के दीर्घकालिक नतीजे हो सकते हैं। डब्ल्यूएचओ के पोषण प्रमुख फ्रांसिस्को ब्रांका ने कहा, कोविड संकट का खाद्य सुरक्षा पर प्रभाव अब से कई वर्षों तक दिखता रहेगा। उधर, अमेरिका में महामारी से मरने वालों का आंकड़ा 1.50 लाख पार हो चुका है। देश में 44.33 लाख लोग अब तक संक्रमित हो चुके हैं। ब्राजील में मरने वालों की संख्या 87 हजार पार हो गई है।
14 दिन में वैक्सीन पर देंगे खुशखबरी : ट्रंप
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कोरोना वायरस के प्रकोप को देखते हुए दूसरी बार मास्क पहने हुए दिखाई दिए। उन्होंने कहा कि वह अगले 14 दिनों में इस संबंध में खुशखबरी देंगे। ट्रंप ने कहा कि कोरोना के इलाज के संबंध में मुझे लगता है कि अगले दो सप्ताह में हमारे पास कहने के लिए वास्तव में कुछ बहुत अच्छी खबर होगी। अगले दो हफ्तों में कुछ घोषणाएं होंगी।
चीन : संक्रमण की दूसरी लहर का खतरा
चीन में एक बार फिर संक्रमण का खतरा बढ़ रहा है। मई, जून में यहां संक्रमण के मामले थमने के बाद यहां एक दिन में रिकॉर्ड 68 संक्रमित मिले हैं, इसमें 34 बिना लक्षणों वाले हैं। देश में 391 मरीजों का अभी भी इलाज चल रहा है, इसमें 20 की हालत गंभीर है। चीन में संक्रमण के 83,959 मामले सामने आए हैं, जबकि 4,634 लोगों की मौत का दावा किया गया है।
पाकिस्तान : संक्रमितों की संख्या 2,74,908
पाकिस्तान ने पिछले तीन महीनों में कोरोना संक्रमितों की संख्या 2,74,908 हो गई है। हालांकि डॉक्टरों के मुताबिक, संक्रमण से मरने वालों की संख्या में 87 फीसदी की कमी देखी गई। वहीं, कुल मौतों का आंकड़ा 5,842 तक पहुंचा है।
ब्राजील : 23000 नए मामले, 600 की मौत
ब्राजील में पिछले 24 घंटों में कोविड-19 के 23 हजार से अधिक नए मामले दर्ज किए गए तथा 600 से ज्यादा मरीजों की मौत हुई है। स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि देश में पिछले 24 घंटे में कोविड-19 के 23,284 नए मामले दर्ज किए गए जिससे कुल संक्रमितों की संख्या 24.46 लाख पार हो गई है।
रूस में कोरोना के 5,395 नए मामले
रूस में कोरोना के संक्रमण के पांच हजार से ज्यादा नए मामलों के साथ, कुल संक्रमितों की संख्या आठ लाख का आंकड़ा पार चुकी है। रूस में एक दिन में कोरोना के 5,395 नए मामले दर्ज किए गए हैं, इसके साथ ही देश में कुल आंकड़ा 8,23,515 हो गया है। इसके अलावा 24 घंटों में 150 लोगों की मौत हो चुकी है, जिसके बाद अब तक कुल संख्या 13,504 तक पहुंच गई है।