फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   World ›   Coronavirus effect on India and other countries, PM Modi bangladesh visit cancelled

कोरोना : पीएम मोदी का बांग्लादेश दौरा रद्द, इटली में 1.60 करोड़ लोग घरों में कैद

Mon, 09 Mar 2020 04:42 AM IST
गौरव पाण्डेय वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला
वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला Published by: गौरव पाण्डेय Updated Mon, 09 Mar 2020 04:42 AM IST
सार

कोरानावायरस के कारण प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 17 मार्च को बांग्लादेश का दौरा रद्द कर दिया है। इससे पहले कोरोनावायरस के चलते ही प्रधानमंत्री ने अपना ब्रुसेल्स दौरा रद्द कर दिया था, जहां यूरोपीय संघ की बैठक में उन्हें हिस्सा लेना था।

विज्ञापन
Coronavirus effect on India and other countries, PM Modi bangladesh visit cancelled
वुहान एयरपोर्ट पर यात्रियों की जांच करते सुरक्षाकर्मी - फोटो : पीटीआई

विस्तार

कोरानावायरस के कारण प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 17 मार्च को बांग्लादेश का दौरा रद्द कर दिया है। दरअसल बांग्लादेश सरकार ने शेख मुजीबुर रहमान की जयंती शताब्दी समारोह सार्वजनिक स्वास्थ्य घटनाओं को देखते हुए या तो स्थगित कर दिया है या कार्यक्रम को सीमित कर दिया है। इसी कार्यक्रम में प्रधानमंत्री को शिरकत करने के लिए ढाका जाना था। इससे पहले कोरोनावायरस के चलते ही प्रधानमंत्री ने अपना ब्रुसेल्स दौरा रद्द कर दिया था, जहां यूरोपीय संघ की बैठक में उन्हें हिस्सा लेना था।
विज्ञापन





वहीं, इटली सरकार ने बेहद कड़ाई करते हुए लोम्बार्डी और 14 दूसरे सूबों में लोगों के आने जाने पर रोक लगा दी है। इन लोगों को अब आने जाने के लिए सरकार से इजाजत लेनी होगी। इस आदेश के बाद अब लोग न तो इन प्रांतों में दाखिल हो सकेंगे और न ही वहां से बाहर जा सकेंगे। यह कदम कोरोना के संक्रमण को रोकने के लिए उठाया गया है। इससे अब एक करोड़ साठ लाख लोग अपने घरों में कैद होकर रह गये हैं। इस फैसले के बाद देश की एक चौथाई आबादी अब घरों से निकल नहीं सकेगी।
विज्ञापन


इटली के कई शहर कोरोना की चपेट में हैं। इनमें विश्वविख्यात नगर वेनिस और मिलान भी शामिल हैं। इससे भी गंभीर बात ये है कि इटली का उत्तरी इलाका इससे प्रभावित है जो देश की अर्थव्यवस्था को ऊर्जा देता है। इटली में रविवार तक कोरोना वायरस से मरने वालों की संख्या 233 हो गई।  अधिकारियों के मुताबिक वहां पिछले 24 घंटों में 36 लोगों की मौत हुई है। इसके अलावा संक्रमित मामलों की संख्या 5,883 हो गई है। चीन से बाहर इटली में ही सबसे अधिक मौतें दर्ज की गई हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन

इटली में एक दिन में 366 मरीजों की मौत

इटली में रविवार को एक ही दिन में कोरोनावायरस से 366 लोगों की मौत हो गई। वहीं एक ही दिन में 1492 नए मरीजों में इसकी पुष्टि हुई है और उनकी संख्या बढ़कर 7375 हो गई है। चीन के बाद इस वायरस से सबसे ज्यादा मौतें इटली में ही हुई है। ज्यादातर मौतें उत्तरी इटली के लोम्बार्डी क्षेत्र में हुई है।

इटली में सब सिनेमाघरों को बंद करने का आदेश

इटली ने कोरोना वायरस को फैलने से रोकने के अपने प्रयासों के तहत देश भर के सिनेमाघरों, थियेटरों और संग्रहालयों को बंद रखने का आदेश दिया है। प्रधानमंत्री ग्यूसेप कोंटे ने यह आदेश दिया। सरकार ने देश भर में स्कूलों, नाइट क्लबों और कसीनो को भी बंद कर दिया है।

प्रधानमंत्री गिप्से कॉन्टे ने कहा कि वह अपने नागरिकों के स्वास्थ्य की गारंटी देना चाहते हैं। इन कदमों से लोगों को तकलीफ होगी।  कुछ मामलों में छोटी तो कुछ मामलों में बड़ी। प्रधानमंत्री ने संवाददाताओं से कहा कि बिना ठोस वजह के इन इलाकों में न कोई जा सकेगा और न ही इनसे बाहर निकल सकेगा। देश आपातकालीन परिस्थिति का सामना कर रहा है और हमें इस वायरस के  संक्रमण को फैलने से रोकना है।

ट्रंप से हाथ मिलाने वाला कोरोना संक्रमित

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से कथित तौर पर हाथ मिलने वाला एक शख्स कोरोना से पीड़ित पाया गया है। अधिकारियों ने बताया कि कंजर्वेटिव पार्टी के वॉशिंगटन के समीप 26-29 फरवरी को एक कार्यक्रम हुआ था। ट्रंप के अलावा कैबिनेट के सदस्य और रव्हाइट हाउस के शीर्ष अधिकारी शामिल हुए थे। इसमें शामिल हुए एक शख्स के कोरोना पीड़ित होने की बात सामने आने के बाद हड़कंप मच गया। न्यू जर्सी के एक अस्पताल ने व्यक्ति की जांच की और पॉजिटिव नतीजे की घोषणा की। बाद में स्पष्टीकरण दिया गया कि ट्रंप का इससे कोई संपर्क नहीं हुआ और वह मुख्य कार्यक्रम में शामिल भी नहीं था। ट्रंप ने इसे लेकर एक सवाल में कहा कि वह चिंतित नहीं हैं और उनकी चुनावी अभियान की रैलियां जारी रहेंगी।

बांग्लादेश में मिले तीन संक्रमित मरीज

कोरोना के बांग्लादेश में तीन और मालदीव में दो मामले सामने आए हैं। बांग्लादेश के सरकारी शोध संस्थान आईईडीसीआर की निदेशक मीरजादा सबरीना ने रविवार को मीडिया को बताया कि प्रभावित लोगों की उम्र 20 से 35 के बीच है। इनमें से दो लोग हाल ही में इटली से लौट कर आए थे। इनमें संपर्क में आए तीन लोगों को बाकी लोगों से अलग कर दिया गया है। 

चार मार्च को ही प्रशासन चार देशों इटली, दक्षिण कोरिया, जापान और कुवैत से आने वाले ऐसे लोगों के आगमन पर रोक लगा चुका है जिनके पास वायरस फ्री मेडिकल सर्टिफिकेट नहीं है। उधर मालदीव में कोरोना के दो मामले सामने आए हैं। जानकारी आने के सामने आने के बाद कई द्वीपों पर होटलों को बंद कर दिया गया है। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी।

संक्रमित देशों से घिरा भारत

बांग्लादेश के अलावा सभी पड़ोसी देशों में कोरोना के मामले मिल चुके हैं। चीन तो इस बीमारी का मुख्य केंद्र है ही और इसके अलावा पाकिस्तान से छह मामले सामने आ चुके हैं। अफगानिस्तान में चार संक्रमित मरीज मिले हैं तो भूटान, नेपाल एवं श्रीलंका में एक -एक मरीज मिला है। इस तरह म्यांमार के अलावा सब निकटतम पड़ोसी देशों में कोरोना पीड़ित मिल चुके हैं। 

चीन, कोरिया में गिरा आंकड़ा 

चीन में एक दिन में सबसे कम 44 संक्रमण के मामले सामने आए। तकरीबन ये सारे मामले वुहान के हैं। जनवरी के बाद से संक्रमण के ये सबसे कम मामले सामने आए हैं। इसी तरह मरने वालों की संख्या भी कम होकर 27 दर्ज की गई है। एक महीने में ये सबसे कम मौतें हैं। यहां कोरोना अबतक 3,097 लोगों को लील चुका है। इसी तरह दक्षिण कोरिया में भी एक दिन में संक्रमण के कम मामले सामने आए हैं। 

चीन में कोरोना इमारत गिरने से दस मरे

चीन के ग्वांगझू शहर में कोरोना पीड़ितों को भर्ती करने के काम में इस्तेमाल हो रही ढही इमारत के मलबे से दस लोगों के शव बरामद हो चुके हैं। यह इमारत शनिवार शाम को गिरी थी। मलबे में फंसे 48 लोगों को बचा लिया गया है। 

अब तक 3097 की मौत, मरीजों की संख्या 80695 हुई

चीन में रविवार को कोरोनावायरस से संक्रमित 27 नए मरीजों की मौत हो गई। इसके साथ ही वहां इस वायरस से अब तक मरने वालों की संख्या 3097 हो गई है। हालांकि खुशी की बात यह है कि जनवरी में जब से इस वायरस का पता चला है तब से अब तक इसके नए संक्रमण की संख्या पहली बार 50 से कम मरीज का पता चला। 

चीन के राष्ट्रीय स्वास्थ्य आयोग ने कहा है कि सभी 27 मौतें वायरस से प्रभावित हुबेई प्रांत में हुई है। चीन में शनिवार तक तक संक्रमण के कुल मरीजों की संख्या बढ़ कर 80695 हो गई है। 20,500 मरीजों का अब भी इलाज चल रहा है, जबकि 57065 मरीजों को उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। उधर कोरोनावायरस के डर से 19 से 26 अप्रैल तक होने वाले बीजिंग अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव को स्थगित कर दिया गया है।

ईरान में एक ही दिन में 49 की मौत

ईरान ने कोरोना वायरस से 49 और लोगों की मौत की रविवार को जानकारी दी। देश में वायरस फैलने की शुरुआत से अब तक यह एक दिन में होने वाली सबसे ज्यादा मौतें हैं। नये मामलों के साथ ही यहां वायरस से मरने वालों की संख्या 194 पर पहुंच गई है। यह वायरस ईरान के सभी 31 प्रांतों में फैल चुका है। यहां 6,566 लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई है।

मलयेशिया और थाइलैंड ने क्रूज को रुकने से मना किया 

करीब दो हजार पर्यटकों वाले एक क्रूज को मलयेशिया और थाइलैंड ने लंगर डालने की अनुमति नहीं दी है। इस जहाज पर 64 इतालवी पर्यटक भी हैं। कोस्टा फारचूना नामक इस क्रूज को पहले फुकेट में आने की इजाजत नहीं दी गई बाद में मलयेशिया के पेनांग मे भी इसे आने नहीं दिया गया। इसके बाद क्रूज सिंगापुर की ओर रवाना हो गया। गौरतलब है कि वेस्टरडम नामक जहाज को इसी तरह पांच देशों ने आने से मना कर दिया था। । 

यह भी पड़ा असर

  • दुबई के मंदिरों में होली मिलन समारोह रद्द किया गया 
  • बीजिंग में होने वाला इंटरनेशनल फिल्म समारोह रद्द 
  • ईरान एयर ने यूरोप की सभी उड़ानें कैंसिल कीं
  • फ्रांस में दो सांसद हुए पीड़ित
  • न्यूयार्क में इमरजेंसी लागू

चीन : 100 साल के व्यक्ति ने दी जानलेवा कोरोनावायरस को मात

चीन में सौ साल की आयु का एक व्यक्ति कोरोनावायरस से संक्रमित होने के बाद पूरी तरह ठीक हो गया है। यह व्यक्ति कोरोना को हराने वाला सबसे अधिक आयु का व्यक्ति बन गया है। बता दें कि चीन में अभी तक कोरोनावायरस संक्रमण के 80 हजार से ज्यादा मामले सामने आ चुके हैं साथ ही देश में तीन हजार से ज्यादा लोगों की मौत गो चुकी है।

चीनी समाचार एजेंसी शिन्हुआ के मुताबिक, इस व्यक्ति को शनिवार को वुहान के एक अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। उसे हुबेई के एक अस्पताल में 24 फरवरी को भर्ती किया गया था। सांस संबंधी समस्याओं के अलावा उसे अल्जाइमर, हाइपरटेंशन और हृदय की समस्या थी। उसे 13 दिन तक थेरेपी में रखा गया और एंटी वायरल दवाओं, प्लाज्मा ट्रांसफ्यूजन और पारंपरिक चीनी दवाओं से उसका इलाज किया गया।

सऊदी अरब में भी एक इलाके में की नाकाबंदी  

सऊदी अरब ने इटली की तर्ज पर अपने एक इलाके में लॉकडाउन का एलान कर दिया। देश के पूर्वी प्रांत के कातिफ इलाके में अब आवाजाही पर पूरी तरह रोक लग गई है। यह कदम कोरोना के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए उठाया गया है। कातिफ इलाके में कोरोना संक्रमण के 11 मामले पाए गए हैं। हालांकि खाने पीने के सामान की आपूर्ति बनी रहेगी। कातिफ की आबादी करीब पांच लाख है। 

झज्जर एनसीआई और एम्स के ट्रामा सेंटर अलर्ट पर

कोरोनावायरस को लेकर दिल्ली के एम्स ट्रामा सेंटर और झज्जर स्थित एम्स के राष्ट्रीय कैंसर संस्थान (एनसीआई) को अलर्ट मोड पर रखा गया है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने ट्रामा सेंटर के नए आपातकालीन वार्ड में संदिग्ध मरीजों के लिए पृथक बिस्तर तैयार करने के आदेश जारी किए हैं। 

पृथक केंद्र में किसी भी समय करीब 20 रोगियों को रखने की व्यवस्था होगी और मामले के पॉजिटिव होने की पुष्टि होते ही संबंधित रोगी को उपचार के लिए एनसीआई झज्जर में स्थानांतरित कर दिया जाएगा। एक अलग से प्रवेश द्वार बनाया गया है, जहां एंबुलेंस से रोगी आ सकेंगे। 

मरीजों के इतिहास और रोग की गंभीरता को देखते हुए उन्हें लाल, पीले एवं हरे मामले के तौर पर चिह्नित किया जाएगा। एनसीआई में पृथक बिस्तर क्षमता को वर्तमान में 25 सीटों से बढ़ाकर 125 करने के निर्देश मिले हैं। अभी तक दिल्ली में तीन कोरोना के मामले आ चुके हैं, जबकि एम्स की रिपोर्ट में एक महिला को भी पॉजिटिव माना है, जिसकी दोबारा जांच पुणे में की जा रही है। 

बताया गया है कि बीते शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की बैठक के बाद ये आदेश जारी किए गए हैं। इसके अलावा स्वास्थ्य मंत्रालय ने भी राज्यों से कहा है कि जिला, प्रखंड और गांव स्तरों पर त्वरित प्रतिक्रिया दल का गठन करें।

जयपुर : इतालवी जोड़े की हालत में सुधार

कोरोनावायरस से संक्रमित इतालवी जोड़े की हालत में सुधार हो रहा है। कोरोना की पुष्टि होने के बाद इतालवी जोड़े को एसएमएस अस्पताल में  भर्ती कराया गया था। अतिरिक्त मुख्य सचिव (चिकित्सा व स्वास्थ्य) रोहित कुमार सिंह ने रविवार को बताया, इतालवी व्यक्ति को बुखार नहीं है और उनकी स्थिति में लगातार सुधार हो रहा है। उनका ब्लड काउंट सामान्य है और निमोनिया के लक्षण अब नहीं हैं। अगले सात से दस दिन में उनकी हालत पूरी तरह ठीक हो जाएगी, जिसके बाद उन्हें छुट्टी दे दी जाएगी। वहीं, उनकी पत्नी भी पहले से बेहतर है। सिंह ने बताया, राज्य में अब तक कुल 303 सैंपल लिए गए थे, जिनमें से 300 नेगेटिव पाए गए। इतालवी जोड़े के अलावा एक व्यक्ति की रिपोर्ट अभी मिलना बाकी है।

तमिलनाडु में 27 लोगों को निगरानी में रखा गया 

तमिलनाडु में कोरोना का पहला मामला मिलने के बाद 45 लोगों को निगरानी में रखा गया है। राज्य के स्वास्थ्य सचिव बीला राजेश ने रविवार को बताया, 45 वर्षीय संक्रमित व्यक्ति के संपर्क में आने वाले 27 लोगों को उनके घर में अलग से निगरानी में रखा गया है। यह व्यक्ति 28 फरवरी को ओमान से आया था और शनिवार को उसका टेस्ट पॉजिटिव पाया गया था। 

इस बीच, दोहा के रास्ते अमेरिका से चेन्नई पहुंचे एक किशोर को एयरपोर्ट पर बुखार से पीड़ित पाए जाने के बाद अस्पताल भेज दिया गया है। यह किशोर अपने पिता के साथ आया था। एयरपोर्ट पर स्क्रीनिंग के बाद उसे अस्पताल भेजा गया है, जहां उसके टेस्ट किए जाएंगे। किशोर और उसके पिता तमिलनाडु के रहने वाले हैं। 

मामला पॉजिटिव होते ही मरीज को भेजा जाएगा एनसीआई

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने एम्स प्रशासन से कहा है कि जय प्रकाश नारायण एपेक्स ट्रॉमा सेंटर की नयी आपातकालीन शाखा में कोरोना मरीजों के लिए अलग से बिस्तर तैयार रखा जाए। आधिकारिक सूत्रों ने कहा कि इस पृथक केंद्र में किसी भी समय करीब 20 रोगियों को रखने की व्यवस्था होगी और मामले के पॉजिटिव होने की पुष्टि होते ही संबंधित रोगी को उपचार के लिए एनसीआई झज्जर भेज दिया जाएगा। 

एक अलग से प्रवेश द्वार बनाया गया है जहां एंबुलेंस से रोगी आ सकेंगे। रोगियों के इतिहास और रोग की गंभीरता को देखते हुए उन्हें लाल, पीले एवं हरे मामले के तौर पर चिह्नित किया जाएगा। इसके अलावा मंत्रालय ने झज्जर में राष्ट्रीय कैंसर संस्थान (एनसीआई) से कहा है कि वह अपनी पृथक बिस्तर क्षमता को वर्तमान में 25 सीटों से बढ़ाकर 125 कर दे। 

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get latest World News headlines in Hindi related political news, sports news, Business news all breaking news and live updates. Stay updated with us for all latest Hindi news.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed