UPDATE: कोरोनावायरस से चीन में 1800 से ज्यादा की मौत, वुहान जाएगा सी-17 ग्लोबमास्टर विमान
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
चीन में कोरोनावायरस की वजह से मौत का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। सरकार की ओर से जारी ताजा जानकारी के मुताबिक अब यह आंकड़ा 1800 के पार हो गया है। चीन में घातक कोरोनावायरस से 98 और लोगों की मौत हो जाने से संक्रमण से मरने वालों की संख्या मंगलवार को 1,868 हो गई और अभी तक इसके कुल 72,436 मामलों की पुष्टि हो चुकी है।
राष्ट्रीय स्वास्थ्य आयोग (एनएचसी) ने बताया कि जिन 98 लोगों की जान गई उनमें से 93 हुबेई में जबकि तीन हेनान और एक-एक हेबेई और हुनान में मारे गए। हुबेई में इसके 1,807 नए मामले सामने आए हैं, जिसके साथ ही प्रांत में इससे संक्रमित लोगों की संख्या 59,989 इतनी हो गई। बाकी चीन में इसके कुल 1,432 नए मामले सामने आए हैं। आयोग ने बताया कि 1,097 मरीज काफी गंभीर है और 11,741 मरीजों की हालत नाजुक बनी है।
सरकारी समाचार एजेंसी ‘शिन्हुआ’ ने बताया कि हुबेई में अस्पताल में भर्ती 41,957 मरीजों में से 9,117 गंभीर हैं और 1,853 की हालत नाजुक बनी है। चीन में अभी तक कुल 12,552 लोगों को इलाज के बाद अस्पताल से छुट्टी दी जा चुकी है। जानिए आज का अपडेट--
वायुसेना का सी-17 विमान जाएगा वुहान
वुहान से भारतीयों को निकालने के लिए भारत सी-17 सैनिक विमान को 20 फरवरी को चीन भेज रहा है। इसके साथ ही इन्हें मेडिकल सुविधाएं भी दी जाएंगी। एयरफोर्स के सबसे बड़े विमान सी-17 ग्लोबमास्टर को वुहान भेजा जा रहा है ताकि यहां फंसे भारतीयों को निकाला जा सके।
दो से तीन महीनों के लिए एपीआई का स्टॉक
इंडिया फार्मास्युटिकल एलायंस (आईपीए) ने चीन से कच्चे माल के आयात की स्थिति को गंभीर बताते हुए कहा कि भारतीय दवा उद्योग के पास केवल दो से तीन महीनों के लिए सक्रिय फार्मास्युटिकल घटकों (एपीआई) का स्टॉक है। आईपीए के महासचिव सुदर्शन जैन ने बायोएशिया 2020 के मौके पर कहा कि वे लोग इस मुद्दे पर केंद्र के साथ संपर्क में हैं और कुछ एपीआई विनिर्माण इकाइयों के लिए तेजी से पर्यावरणीय मंजूरी की मांग कर रहे हैं, ताकि चीन पर निर्भरता कम हो। जैन ने बताया कि भारत चीन से 17,000 करोड़ रुपये के एपीआई का आयात करता है। चीन इस समय कोरोना वायरस से पीड़िता है और इस कारण उसका विदेश व्यापार बुरी तरह प्रभावित हुआ है।
उन्होंने कहा कि यह बेहद गंभीर स्थिति है। इस बात का पूरी तरह अंदाज कोई नहीं लगा सकता है कि क्या होने वाला है। हमारे पास दो से तीन महीने की खेप है। जैन ने मार्च से कुछ राहत मिलने की उम्मीद जताई। उन्होंने कहा कि यदि हमें मार्च के पहले सप्ताह (चीन से) से आपूर्ति मिलने लगी, तो हम समस्या से बाहर आने में सक्षम हो सकते हैं। इस बात का अनुमान लगाना बेहद कठिन है कि हालत कब सुधरेंगे।
आईटीबीपी के केंद्र से वुहान से निकाले गए 100 और लोगों को छुट्टी दी गई
चीन में कोरोना वायरस से सर्वाधिक प्रभावित वुहान से वापस लाए गए 400 लोगों में से करीब 100 और लोगों को दिल्ली में आईटीबीपी के पृथक केंद्र से मंगलवार को छुट्टी दे गई।
अधिकारियों ने बताया कि उन्हें वुहान से वापस लाने के बाद से आईटीबीपी के पृथक केंद्र में रखा गया था। इससे एक दिन पहले भारत तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) के केंद्र से लगभग 200 लोगों को छुट्टी दी गई थी। इस केंद्र में कुल 406 लोगों को रखा गया था, जिसमें सात मालदीव के नागरिक हैं। डॉक्टरों ने उनके कोरोना वायरस से मुक्त होने की घोषणा की थी जिसके बाद आईटीबीपी के केंद्र से 406 में से 302 लोगों को अबतक छुट्टी दी जा चुकी है।
दवाओं-मास्क की कमी नहीं: सीतारमण
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने आज कहा कि सरकार कोरोना वायरस का घरेलू उद्योगों पर पड़ने वाले प्रभाव से निपटने के लिए जल्दी ही उपायों की घोषणा करेगी। उन्होंने चीन में फैले खतरनाक वायरस से उत्पन्न स्थिति को लेकर उद्योग प्रतिनिधियों के साथ समीक्षा बैठक के बाद संवाददाताओं से बातचीत में यह जानकारी दी। सीतारमण ने कहा कि वह विभिन्न मंत्रालयों के सचिवों के साथ कल (बुधवार) बैठक करेंगी और उसके बाद प्रधानमंत्री कार्यालय के परामर्श से स्थिति से निपटने के उपायों की घोषणा की जाएगी।
वित्त मंत्री ने कहा कि कोरोना वायरस के कारण मूल्य वृद्धि को लेकर अब तक कोई चिंता जैसी बात नहीं है। वहीं ‘मेक इन इंडिया’ कार्यक्रम में कोरोना वायरस के प्रभाव के बारे में बात करना अभी जल्दबाजी होगी। वित्त मंत्री ने यह भी कहा कि दवाइयों या चिकित्सा उपकरणों की कमी की कोई रिपोर्ट नहीं है। इसके बजाए औषधि उद्योग कुछ सामानों के निर्यात पर से पाबंदी हटाने की मांग कर रहा है।
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा, भारत के अस्पतालों में मास्क और दवाओं की कोई कमी नहीं है। इस तरह की कोई रिपोर्ट नहीं है। इसके उलट इसका निर्माताओं ने इसके निर्यात पर लगी रोक हटाने की मांग की है।
Union Finance Minister Nirmala Sitharaman on 'is there any report of shortage of medicines/masks in hospitals in India': There is no such report. In fact there was demand from those who manufacture medical devices to remove ban on exports. #Coronavirus pic.twitter.com/Kjfbbu6mUy
— ANI (@ANI) February 18, 2020
वुहान से लाए गए भारतीयों को मानेसर केंद्र से मिली छुट्टी
चीन में कोरोना वायरस के संक्रमण वाले क्षेत्र वुहान से स्वदेश लाए गए भारतीय नागरिकों में संक्रमण का ख़तरा समाप्त होने की पुष्टि के बाद इन्हें मानेसर स्थित पृथक केंद्र से आज छुट्टी मिली। हरियाणा में गुरुग्राम के पास स्थित पृथक केंद्र से मंगलवार को 220 लोगों को छुट्टी मिली। वुहान से लाए गए 647 भारतीय और मालदीव के सात नागरिकों को दिल्ली के छावला और हरियाणा के मानेसर स्थित आईटीबीपी और सेना के पृथक केंद्रों में कोरोना वाइरस सम्बंधी चिकित्सा निगरानी के लिए रखा गया था। इनमें छावला केंद्र में मौजूद 406 नागरिकों में से 200 को सोमवार को स्वास्थ्य मंत्री हर्षवर्धन की मौजूदगी में छुट्टी दी गई थी।
संक्रमित भारतीयों की स्थिति में हो रहा है सुधार: राजदूत
जापान में समुद्र तट के पास अलग खड़े किए गये क्रूज जहाज पर सवार और कोरोना वायरस से संक्रमित छह भारतीयों की स्थिति में सुधार हो रहा है। भारतीय दूतावास ने मंगलवार को जानकारी दी कि जहाज पर इस घातक वायरस के 88 नये मामले सामने आए हैं जिससे इससे संक्रमित व्यक्तियों की कुल संख्या 542 हो गई है। जापान के तट पर इस महीने की शुरुआत में पहुंचे इस क्रूज जहाज पर सवार 3,711 लोगों में से कुल 138 भारतीय हैं। इनमें चालक दल के 132 सदस्य और छह यात्री शामिल हैं।
जापान सरकार ने मंगलवार को कहा कि कोविड-19 (कोरोना वायरस) के पॉजिटिव मामलों का पता लगाने के लिए अंतिम जांच पूरी हो गई है। सरकार ने बताया कि 88 और मामले पॉजिटिव पाए गए है जिससे जहाज पर इससे संक्रमित लोगों की संख्या 542 हो गई है। क्रूज से पिछले महीने हांगकांग में उतरे एक यात्री के कोविड-19 से संक्रमित होने की पुष्टि होने के कारण जहाज को अलग-थलग रखा गया है।
चीनी राजदूत बोले, नियंत्रण में महामारी
भारत में चीन के राजदूत सुन वीडोंग ने कहा कोरोनावायरस महामारी अब नियंत्रण में है। पिछले 14 दिनों में इससे पीड़ित लोगों की संख्या लगातार घट रही है। उन्होंने कहा, चीन और भारत इसे लेकर सीधी बातचीत कर रहे हैं। हाल ही में पीएम मोदी ने चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग को पत्र भी लिखा था।
Sun Weidong, Chinese Envoy to India: The epidemic is generally now under control. As of February 17, outside Hubei province, the number of confirmed cases have been declining for 14 consecutive days across China. #Coronavirus pic.twitter.com/D2vA9jyJzs
— ANI (@ANI) February 18, 2020
जापान में शिप पर फंसे दो और भारतीय संक्रमित
जापान के योकोहामा पोर्ट पर रोके गए डायमंड प्रिंसेज जहाज पर दो और भारतीयों में कोरोनावायरस का संक्रमण पाया गया है। जापान में स्थित भारतीय दूतावास ने सोमवार को कहा कि इससे पहले चार भारतीयों में संक्रमण पाया गया था। उनकी स्थिति में अब सुधार हो रहा है। दोनों भारतीय क्रू मेंबर्स के सदस्यों समेत सभी को इलाज के लिए ऑब्जर्वेशन सेंटर भेज दिया गया है। भारतीय दूतावास ने कहा कि जहाज पर कुल 138 भारतीय हैं, जिनमें से संक्रमित लोगों की संख्या अब छह हो गई है।क्रूज जहाज पर 99 और लोगों में कोरोनावायरस के संक्रमण की पुष्टि होने के बाद अब कोरोनावायरस के पुष्ट मामलों की संख्या 454 हो गई है। जापानी मीडिया ने सोमवार को स्वास्थ्य मंत्रालय के नए आंकड़ों का हवाला देते हुए यह जानकारी दी। यह भी स्पष्ट नहीं है कि इस आंकड़े में वो 14 अमेरिकी नागरिक शामिल हैं या नहीं जो कोरोनावायरस के संक्रमण से ग्रस्त पाये गये थे और जिन्हें मरीजों को निकाल कर ले जाने वाले विमान में जाने की इजाजत दे दी गई थी।
जापान में भारतीय दूतावास ने कहा कि सभी 6 भारतीयों का इलाज हो रहा है और इनमें सुधार दिख रहा है।
हांगकांग में 60 मामलों की पुष्टि
हांगकांग में सोमवार तक इसके 60 मामलों की पुष्टि हो गई थी, जहां इससे एक व्यक्ति की जान जा चुकी है। वहीं मकाउ में 10 और ताइवान में इससे एक व्यक्ति की जान जाने सहित 22 मामले अभी तक सामने आए हैं। कोरोनावायरस से मुकाबले के प्रयासों में वैश्विक विशेषज्ञ भी शामिल हो गए हैं। चीन ने 12 सदस्यों वाली डब्ल्यूएचओ की टीम के आने की पुष्टि की है, जिसमें अमेरिका के विशेषज्ञ भी शामिल हैं।
एलईडी बल्ब हो सकते हैं महंगे
चीन में कोरोनावायरस का संक्रमण फैलने की वजह से भारत में कई चीजें महंगी हो रही हैं। इसके असर के चलते मार्च में एलईडी बल्ब 10 फीसदी महंगे हो सकते हैं। इलेक्ट्रिक लैम्प एंड कंपोनेंट मैन्युफैक्चरर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (ईएलसीओएमए) ने चीन से सप्लाई घटने की वजह से कीमतें बढ़ने की आशंका जताई है। ईएलसीओएमए ने बताया कि देश में एलईडी बल्ब मैन्युफैक्चरिंग में इस्तेमाल होने वाले 30 फीसदी कंपोनेंट चीन से आते हैं, लेकिन अभी सप्लाई कम हो रही है क्योंकि, कोरोनावायरस फैलने की वजह से चीन में प्रोडक्शन कम हो रहा है।
भारत में 16 हजार करोड़ रुपये के सोलर प्रोजेक्ट पर असर
भारत के दवा उद्योग के बाद अब नवीकरणीय ऊर्जा क्षेत्र पर वायरस का खतरा मंडराने लगा है। रेटिंग एजेंसी क्रिसिल ने सोमवार को जारी एक रिपोर्ट में चिंता जताई कि कोरोना के कारण भारत में 16 हजार करोड़ रुपये के सोलर प्रोजेक्ट पर असर पड़ सकता है।मालदीव के सात नागरिक लौटे घर
दिल्ली के छावला में भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP) संगरोध सुविधा में कोरोनावायरस की स्क्रीनिंग के बाद एक बच्चे सहित सात मालदीव के नागरिकों को उनके देश भेज दिया गया। भारत सरकार द्वारा इन नागरिकों को चीन के वुहान से निकाला गया था।मां का शव वापस लाने की अपील
मुंबई निवासी पुनीत मेहरा, जिनकी मां ने 24 जनवरी को बीजिंग के रास्ते मेलबर्न से मुंबई के लिए उड़ान भरने के बाद चीन के एक अस्पताल में अपनी जान गंवा दी थी, उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और विदेश मंत्री एस जयशंकर से अपनी मां का शव जल्द से जल्द वापस लाने की अपील की है। पुनीत मेहरा ने कहा कि किसी कारणवश परिवहन प्रक्रिया शुरू नहीं की जा सकी है, मुझे नहीं पता कि यह कोरोनोवायरस के कारण है या कोई और वजह है। बहुत समय बीत चुका है और मेरी मां का शव अभी तक वापस नहीं आया है, मुझे नहीं पता कि वह किस स्थिति में है। मैं प्रधानमंत्री और सरकार से शव वापस लाने की अपील करता हूं।सोलर प्रोजेक्ट : कुल लागत का करीब 60 फीसदी चीन से
क्रिसिल के अनुसार, सोलर प्रोजेक्ट में इस्तेमाल होने वाले मॉड्यूल्स का ज्यादातर आयात चीन से होता है, जो कुल लागत का करीब 60 फीसदी रहता है। कोरोना वायरस की वजह से वहां कारोबारी गतिविधियां प्रभावित हैं, जिससे भारत के 3 मेगावाट के सोलर प्रोजेक्ट निर्माण में देरी हो सकती है।
पावर पर्चेज एग्रीमेंट के मानक नियमों के तहत अगर कोई प्रोजेक्ट तय सीमा के भीतर तैयार नहीं होता, तो उस पर जुर्माने का प्रावधान रहता है। साथ ही टैरिफ के मोलभाव पर भी इसका असर पड़ता है और डेवलपर्स बैंक गारंटी भुनाने जैसा कदम भी उठा सकते हैं।
चीन के वेंडर्स ने भारतीय डेवलपर्स को पहले ही आगाह कर दिया है कि कारोबारी गतिविधियों में जारी सुस्ती की वजह से उपकरणों के उत्पादन, गुणवत्ता जांच और आपूर्ति में देरी हो सकती है। देश में इस्तेमाल होने वाला 80 फीसदी सोलर सेल और मॉड्यूल्स चीन से आयात होता है।
तीन साल तक प्रभावित रहेगा वैश्विक स्टील उत्पादन
केंद्रीय इस्पात मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने सोमवार को कहा कि चीन में फैले कोरोना वायरस के असर से वैश्विक स्टील उत्पादन अगले 2-3 साल तक प्रभावित रहेगा। चीन एलॉय का सबसे बड़ा उत्पादक देश है। इसके असर से भारतीय इस्पात उद्योग को बचाने के लिए केंद्रीय मंत्री ने घरेलू कंपनियों से उत्पादन बढ़ाने का आह्वान किया है। खासतौर से स्टील उत्पादन, ताकि वैश्विक बाजार में भागीदारी बढ़ा सकें।
प्रधान ने कहा कि 1 करोड़ टन स्पेशल स्टील के उत्पादन का रणनीतिक खाका तैयार कर लिया गया है, जिसकी लागत 50 हजार करोड़ रुपये आएगी और इससे 50 हजार लोगों को रोजगार मिल सकेगा। भारत अभी सालाना 10.6 करोड़ टन स्टील उत्पादन के साथ दुनिया का दूसरा बड़ा उत्पादक देश है।
लेकिन यह पहले स्थान पर काबिज चीन के मुकाबले काफी पीछे है, जिसने 2018 में 92.83 करोड़ टन एलॉय का उत्पादन किया था। प्रधान ने कहा कि जब वैश्विक स्तर पर एक देश दबाव में होता है, तो दूसरे देश को मिलता है। भारत में श्रमशक्ति की कमी नहीं है।
गिरती अर्थव्यवस्थाओं पर लगाम लगाने की कोशिशें
चीन के केंद्रीय बैंक ने अपने मध्यम अवधि के कर्ज पर ब्याज दर में कटौती कर दी है। इसकी वजह है कि नीति निर्माता देश की अर्थव्यवस्था को होने वाले नुकसान को सीमित करने की हर संभव कोशिश कर रहे हैं। चीन की प्रभावित अर्थव्यवस्था का संकेत नए आवासों की कीमतों में गिरावट से मिलने लगा है।
नए घर की कीमतें में बीते जनवरी में लगभग दो साल की सबसे कमजोर दर से वृद्धि हुई। उधर पड़ोसी देश सिंगापुर ने सोमवार को अपने 2020 की अनुमानित विकास दर और निर्यात में कटौती की। यह कदम कोरोनो वायरस के प्रकोप से इस साल मंदी की मार की संभावना को देखते हुए उठाया गया है।
जापान सम्राट नहीं मनाएंगे बर्थडे
जापान के सम्राट नोरुहितो सार्वजनिक तौर पर अपना जन्मदिन नहीं मनाएंगे। डर है कि सार्वजनिक तौर पर बर्थडे मनाने से लोगों के एकत्र होने से कोरोना वायरस के फैलने का खतरा बढ़ सकता है। राजमहल से मिली जानकारी के अनुसार सम्राट के जन्मदिन पर आम लोगों के महल में प्रवेश को रद्द कर दिया गया है।
जापान सरकार ने यहां लोगों के जमा होने की संख्या को नियंत्रण करने के उपाय अपना रही है। इसके तहत अगले महीने होने वाली टोक्यो मैराथन को देखने वाली संख्या को भी सीमित किया जा रहा है।
चाकू की नोंक पर छीने टॉयलेट पेपर
हांगकांग में टॉयलेट पेपर जैसी सामान्य चीज की हुई लूट लोगों में कोरोना को लेकर फैले डर की कहानी कह रही है। यहां के एक सुपरमार्केट से सामान की डिलीवरी करने वाले युवक से कुछ लोगों ने चाकू की नोंक पर टॉयलेट पेपर के 50 पैकेट ही लूट लिए। पुलिस ने बताया कि इनकी कीमत महज 220 डॉलर ही थी। हालांकि पुलिस ने बाद में इन लुटेरों को पकड़ कर सामान बरामद कर लिया।
नेशनल पीपुल्स कांग्रेस की सालाना बैठक टालने पर विचार
चीन सरकार, नेशनल पीपुल्स कांग्रेस की सालाना बैठक को टालने पर विचार कर रही है। अगर ऐसा होता है तो 1970 के दशक के अंत में समाप्त हुई सांस्कृतिक क्रांति के बाद यह पहला मौका होगा जब यह बैठक तय समय पर नहीं हो सकेगी। इस बैठक में करीब तीन हजार सांसद भाग लेते हैं।
चीन में राजनीतिक रुप से इस बैठक को सबसे महत्वपूर्ण बैठक माना जाता है और इसमें देश में सत्ता पर काबिज कम्युनिस्ट पार्टी के कामकाज का लेखा जोखा रखा जाता है। यह सालाना बैठक 2003 में सार्स के खतरे के समय भी नहीं रोकी गई थी। इकसे पूर्ण सत्र की बैठक पांच मार्च को होनी है। अब इसके भविष्य का फैसला 24 फरवरी को होगा। इस दिन यह तय होगा कि बैठक टाली जाए या फिर कैसे भी करके इसे संपन्न किया जाए।