परमाणु निरस्त्रीकरण के बाद किम जोंग की हर इच्छा पूरी करेंगे ट्रंप : मून
दक्षिण कोरियाई राष्ट्रपति मून जेई इन ने कहा है कि यदि उत्तर कोरिया के नेता परमाणु निरस्त्रीकरण पर अपना वादा निभाते हैं तो अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप उनकी हर इच्छा पूरी करने को तैयार हैं। उन्होंने जी-20 शिखर सम्मेलन से इतर रविवार को ट्रंप से हुई वार्ता के बाद यह बात कही।
दक्षिण कोरियाई राष्ट्रपति ने ट्रंप और किम के बीच होने वाली दूसरी शिखर वार्ता के लिए अधिकारियों की तैयारी के बीच पत्रकारों को अमेरिकी राष्ट्रपति के संदेश से अवगत कराया। इससे पहले उत्तर कोरिया ने ने अमेरिका से सुरक्षा गारंटी और अंतरराष्ट्रीय प्रतिबंधों से राहत की मांग की थी।
मून जेई इन के दफ्तर से जारी बयान के मुताबिक ट्रंप ने मून से मुलाकात कर उनसे इस साल सियोल यात्रा करने पर उत्तर कोरियाई नेता को उनका संदेश देने को कहा। अर्जेंटीना से न्यूजीलैंड जाने के दौरान मून ने संवाददाताओं से कहा कि ट्रंप का किम जोंग के प्रति मित्रवत रवैया है और वह उन्हें पसंद करते हैं और इसलिए उनकी इच्छा है कि किम अपने शेष समझौतों को लागू करें। इसके बाद किम जो चाहेंगे उसे वह पूरा करेंगे।
निरस्त्रीकरण के कदम उठाए उत्तर कोरिया : बान की मून
संयुक्त राष्ट्र के पूर्व महासचिव बान की मून ने उत्तर कोरिया के नेता किम जोंग-उन से आग्रह किया है कि यदि वे चाहते हैं कि उनके देश पर लगा प्रतिबंध हटे तो वह पूर्ण परमाणु निरस्त्रीकरण की दिशा में ठोस कदम उठाएं और वैश्विक भरोसा हासिल करें। मून ने कहा, कई विफल कोशिशों के बाद उत्तर कोरिया के परमाणु निरस्त्रीकरण के लिए यह सही समय है और यह मौका गंवाना नहीं चाहिए।
मून ने दक्षिण कोरिया, अमेरिका, चीन, जापान व रूस का जिक्र करते हुए कहा कि पूरा विश्व इसके लिए तैयार है। उन्होंने कहा कि उत्तर कोरिया ने भले ही वार्ता का विकल्प चुना है, लेकिन संकट अभी खत्म नहीं हुआ। उन्होंने उत्तर कोरिया के एटमी हथियारों की जांच अंतरराष्ट्रीय संगठन से कराने को जरूरी बताया।