China : चीन के शंघाई में दस्तक देने वाला है मुइफा तूफान, पढ़े देश-दुनिया की कुछ खास खबरें
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मुइफा नामक एक तूफान बुधवार को चीन के तट की ओर बढ़ते देखा गया है। इसके निंगबो बंदरगाह शहर के पास दस्तक देने का अनुमान जताया गया है। हांगकांग वेधशाला के मुताबिक, मुइफा तूफान के उत्तर-पूर्व की ओर बढ़ते समय अधिकतम 145 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। इसके बाद यह शंघाई शहर के पूर्वी हिस्से की तरफ रुख करेगा और फिर चीन के पूर्वोत्तर तट पर स्थित जियांग्सू और शैंगडोंग प्रांतों की ओर जाएगा। इसे देखते हुए निंगबो हवाई अड्डे पर सभी उड़ानें रद्द कर दी गई हैं।
पीओके में पाकिस्तानी भ्रष्टाचार के खिलाफ रैली
बुधवार को पीओके स्थित गिलगित-बाल्टिस्तान के निवासियों ने राज्य में फैले भ्रष्टाचार के खिलाफ एक विरोध रैली आयोजित की। विरोध का एक कारण इस अवैध कब्जे वाले क्षेत्रों में वेतन भुगतान न होना व प्राकृतिक संसाधनों का गलत दोहन भी शामिल है। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि पाकिस्तान सरकार भ्रष्ट व्यवस्था को बढ़ाकर स्थानीय लोगों को उनके अधिकारों व पारिश्रमिक से वंचित कर रही है।
उन्होंने कहा, अब उनके पास सड़कों पर उतरने के अलावा कोई विकल्प नहीं बचा है। बिजली विभाग के कर्मचारियों ने सरकार के खिलाफ यह कहते हुए विरोध किया कि सरकार ने उन्हें पिछले दो वर्षों में एक बार भी उनका पूरा वेतन नहीं दिया है। यह भेदभाव का अकेला मामला नहीं है। क्षेत्र के लोग भी कई तरह से राज्य नियोजित अत्याचारों से पीड़ित हैं। शीर्ष पदों पर बैठे अधिकारी इस भ्रष्ट व्यवस्था में सरकार का साथ देते हैं।
गोलीबारी में इस्राइली अफसर और दो फलस्तीनी आतंकियों की मौत
इस्राइली कब्जे वाले पश्चिमी तट पर बुधवार को एक चौकी के समीप फलस्तीनी बंदूकधारियों के हमले में जबरदस्त फायरिंग हुई। इसमें एक इस्राइली सैन्य अधिकारी की मौत हो गई जबकि दो फलस्तीनी लड़ाकों की भी मौत हो गई। फलस्तीनी स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा, इस्राइली सेना के हाथों दो फलस्तीनी मारे गए हैं। उधर, इस्राइली सेना ने कहा कि उत्तर पश्चिमी तट पर दो लोग सीमा के पास आते दिखे, तभी सैनिकों को वहां भेजने पर संदिग्धों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में दो फलस्तीनी आतंकी मारे गए जबकि एक इस्राइली अफसर मारा गया।
कई देशों की घरेलू राजनीति पर रूस ने खर्चे 30 करोड़ डॉलर
रूस ने 2014 से अब तक दो दर्जन से अधिक देशों में नेताओं तथा अन्य अधिकारियों को प्रभावित करने के लिए गोपनीय तरीके से 30 करोड़ डॉलर से ज्यादा खर्च किए हैं। अमेरिकी विदेश मंत्रालय ने इस संबंध में खुफिया सूचना सार्वजनिक करते हुए यह जानकारी दी है। इस सूचना में दुनियाभर में रूस के प्रति हमदर्दी दिखाने वाली नीतियों और पार्टियों के समर्थन में मॉस्को द्वारा चलाए जा रहे गोपनीय अभियान की समीक्षा की गई है।
इसमें रूस द्वारा लक्षित किसी विशेष देश का नाम नहीं लिया गया, लेकिन बताया गया कि अमेरिका चुनिंदा देशों को खुफिया सूचना मुहैया करा रहा है। बाइडन प्रशासन की ओर से रूस के सैन्य और राजनीतिक लक्ष्यों का खुलासा करने का यह ताजा प्रयास है। इससे पहले यूक्रेन पर रूसी हमले की सटीक भविष्यवाणी की गई थी। राष्ट्रपति जो बाइडन के शीर्ष राष्ट्रीय सुरक्षा अधिकारियों में से कई के पास मॉस्को के विरुद्ध काम करने का अनुभव है।
छह दशक सिनेमा पर राज करने वाली आइरीन पापास का निधन
यूनानी मूल की अभिनेत्री और रिकॉर्डिंग कलाकार आइरीन पापास का 93 साल की उम्र में निधन हो गया। नाटकीय प्रस्तुति और बेमिसाल खूबसूरती के लिए मशहूर आइरीन ने हॉलीवुड के साथ ही फ्रांसीसी और इटालियन सिनेमा में शानदार रोल किए। यूनान के संस्कृति मंत्रालय ने उनकी मृत्यु की पुष्टि करते हुए कहा, शानदार, राजसी, गतिमान आइरीन सिनेमा के पर्दे और थिएटर मंच पर यूनानी सुंदरता की मिसाल थीं।
आइरीन को उनकी फिल्मों द गन्स ऑफ नावारोन (1961) और जोबरा द ग्रीक (1964) से अंतरराष्ट्रीय पहचान मिली थीं। उन्होंने 50 से ज्यादा फिल्मों में काम किया। दक्षिण ग्रीक के कोरिंथ शहर के पास पहाड़ी गांव में जन्मी आइरीन के माता-पिता शिक्षक थे। परिवार की मर्जी के खिलाफ महज 18 साल उम्र में फिल्म निर्देशक अलकिस पापास से शादी करने के बाद उन्होंने घर छोड़ दिया। चार साल बाद ही उनका तलाक हो गया। 2004 में अमेरिकी अभिनेता मार्लिन ब्रांडो की मौत के बाद अखबार को दिए इंटरव्यू में उन्होंने खुलासा किया था कि दोनों में प्रेम था।
पेंटागन ने बाढ़ प्रभावित पाक में 10 सहायता मिशन भेजे
अमेरिका ने कहा है कि उसने पाकिस्तान में विनाशकारी बाढ़ से प्रभावित लोगों को दस लाख पाउंड से ज्यादा की मानवीय आपूर्ति और उपकरण पहुंचाने के लिए 10 मिशन भेजे हैं। यहां बाढ़ से करीब 1,400 मौतें हो चुकी है, जबकि 12,728 अन्य घायल हुए हैं और 17 लाख से अधिक घर, 40 लाख एकड़ से ज्यादा कृषि भूमि तथा 6,674 किलोमीटर लंबी सड़कें नष्ट हो गई हैं। अमेरिकी रक्षा मंत्रालय (पेंटागन) के प्रवक्ता पैट्रिक राइडर ने कहा, हम पाक को मदद कराने के ‘यूएस एजेंसी फॉर इंटरनेशनल डेवलपमेंट’ (यूएसएआईडी) के प्रयासों का समर्थन कर रहे हैं।
स्वीडन में पहली बार सरकार बनाएगी धुर दक्षिणपंथी पार्टी
स्वीडन में धुर दक्षिणपंथी गठबंधन ने पहली बार संसदीय चुनावों में निर्णायक बढ़त हासिल कर ली है। 349 सदस्यीय संसद में दक्षिणपंथी गठजोड़ को 98% मतों की गिनती के बाद 175 सीटें मिलना तय हो गया है। सत्तारूढ़ मध्यमार्गी गठबंधन को 174 सीटें मिल रही हैं। विपक्षी नेता उल्फ क्रिस्टरसन देश के नए प्रधानमंत्री होंगे। प्रधानमंत्री मैगडेलना एंडरसन ने हार कबूल करते हुए पद से इस्तीफा देने का एलान किया है। एंडरसन ने कहा, वे बृहस्पतिवार को सम्राट कार्ल 26वें गुस्ताव को अपना इस्तीफा सौंप देंगी।
अंत के करीब कोरोना मार्च 2020 के बाद सबसे कम मौतें
विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) के प्रमुख ने कोरोना महामारी को लेकर बुधवार को राहत भरी बात कही। उन्होंने कहा, मार्च 2020 के बाद से इस महामारी से वैश्विक स्तर पर सबसे कम मौतें दर्ज की गई हैं, जो कि वर्षों से चल रहे वैश्विक प्रकोप में एक महत्वपूर्ण मोड़ हो सकता है। जिनेवा में प्रेस वार्ता में डब्ल्यूएचओ के महानिदेशक टेड्रॉस अदनॉम गैब्रेयसस ने कहा, दुनिया कभी भी कोविड-19 को रोकने के लिए इससे अच्छी स्थिति में नहीं रही। भले ही अभी हम वहां नहीं पहुंचे हैं, लेकिन महामारी का अंत नजदीक दिखाई दे रहा है। यूएन स्वास्थ्य एजेंसी ने महामारी पर अपनी साप्ताहिक रिपोर्ट में बताया कि बीते सप्ताह वैश्विक स्तर पर कोरोना से मौतें 22 फीसदी गिरकर 11,000 रह गईं। साथ ही नए मामले 28 फीसदी कम हुए और 31 लाख रह गए।
कई देशों की घरेलू राजनीति पर रूस ने खर्च किए 30 करोड़ डॉलर
रूस ने 2014 से अब तक दो दर्जन से अधिक देशों में नेताओं तथा अन्य अधिकारियों को प्रभावित करने के लिए गोपनीय तरीके से 30 करोड़ डॉलर से ज्यादा खर्च किए हैं। अमेरिकी विदेश मंत्रालय ने इस संबंध में खुफिया सूचना सार्वजनिक करते हुए यह जानकारी दी है। इस सूचना में दुनियाभर में रूस के प्रति हमदर्दी दिखाने वाली नीतियों और पार्टियों के समर्थन में मॉस्को द्वारा चलाए जा रहे गोपनीय अभियान की समीक्षा की गई है।
इसमें रूस द्वारा लक्षित किसी विशेष देश का नाम नहीं लिया गया, लेकिन बताया गया कि अमेरिका चुनिंदा देशों को खुफिया सूचना मुहैया करा रहा है। बाइडन प्रशासन की ओर से रूस के सैन्य और राजनीतिक लक्ष्यों का खुलासा करने का यह ताजा प्रयास है। इससे पहले यूक्रेन पर रूसी हमले की सटीक भविष्यवाणी की गई थी।
छत्रपति शिवाजी के 12वें वंशज शिवाजीराजे भोसले का निधन
छत्रपति शिवाजी महाराज के 12वें वंशज छत्रपति शिवाजारीजे भोसले का निधन हो गया। वह 75 साल के थे और काफी दिनों से बीमार थे। मंगलवार को उन्होंने पुणे के एक अस्पताल में अंतिम सांस ली। उनके निधन से सातारा में शोक की लहर है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने छत्रपति शिवाजीराजे भोसले के निधन पर शोक व्यक्त किया है।
ईडी के समक्ष नहीं पेश हुए पश्चिम बंगाल के कानून मंत्री मलय घटक
कोयला तस्करी मामले में बुधवार को पं.बंगाल के कानून मंत्री मलय घटक ईडी के सामने पेश नहीं हुए। उन्हें दिल्ली स्थित कार्यालय तलब किया गया था जबकि वह बंगाल विधानसभा के विशेष सत्र में हिस्सा लेने पहुंचे। इससे पहले सीबीआई ने पिछले बुधवार को उनके आसनसोल व कोलकाता स्थित छह ठिकानों पर छापे मारे थे।
सॉवरेन गोल्ड बॉन्ड की 2016-17 में जारी चौथी सीरीज को समय से पहले भी भुना सकते हैं। इस पर निवेशकों को 75.49 फीसदी का फायदा होगा। आरबीआई ने कहा, इसे 5,077 रुपये प्रति ग्राम के आधार पर भुनाया जा सकता है, जिसकी तारीख 17 सितंबर होगी। इस भाव को सोमवार से शुक्रवार के बीच सोने के बंद भाव के आधार पर रखा गया है। इस बॉन्ड का भाव 2016-17 में 2,943 रुपये प्रति ग्राम तय किया गया था। हालांकि, इस पर 50 रुपये का डिस्काउंट था, जिससे यह घटकर 2,893 रुपये हो गया था। उस आधार पर इसमें 75.49 फीसदी का फायदा मिलेगा। सॉवरेन गोल्ड बॉन्ड स्कीम 8 वर्षों के लिए होती है।
कर चोरी रोकने के लिए अधिकारियों को मिलेगा एआई प्रशिक्षण
केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा कि कर चोरी रोकने के लिए राजस्व विभाग के अधिकारियों को आधुनिक तकनीक का प्रशिक्षण दिया जाएगा। उन्हें आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के साधनों और डाटा को बेहतर समझने के लिए भी प्रशिक्षित किया जाएगा। उन्होंने कहा, ऐसा देखा गया है कि गलत रिफंड का दावा कर सरकारी खजाने को नुकसान पहुंचाया जा रहा है। इसके लिए कई फर्जी कंपनियां भी बनाई जा रही हैं।
शीर्ष-15 साझेदारों में भारत के साथ सबसे तेज बढ़ा कारोबार : अमेरिका
अमेरिका और उसके शीर्ष-15 साझेदार देशों के बीच बीते एक साल में व्यापार में वृद्धि हुई है, लेकिन सबसे अधिक वृद्धि भारत के साथ होने वाले व्यापार में हुई है। अमेरिका की महावाणिज्य दूत मेलिंडा पावेक ने उद्योग मंडल सीआईआई के कार्यक्रम में कहा, 2022 के पहले छह महीने में भारत और अमेरिका के बीच 67 अरब डॉलर का व्यापार हुआ है। जनवरी से जून के बीच अमेरिका ने भारत को 23 अरब डॉलर का निर्यात किया, जबकि भारत ने अमेरिका को 44 अरब डॉलर का निर्यात किया है। उन्होंने कहा, अमेरिकी कंपनियां भारत के लिए एफडीआई का सबसे बड़ा स्रोत हैं। 2021 में अमेरिका और भारत के बीच 157 अरब डॉलर का द्विपक्षीय कारोबार हुआ था।
वैज्ञानिकों को मिला नया फंगस, चंद दिन में मस्तिष्क को कर सकता है संक्रमित
यूटा स्वास्थ्य विश्वविद्यालय के शोधार्थियों ने एक ऐसे फंगस संक्रमण का पता लगाया है जो न सिर्फ रक्त के जरिए सीधे मष्तिष्क तक पहुंचने की क्षमता रखता है बल्कि मरीज को कुछ ही दिन के भीतर गंभीर स्थिति में भी ला सकता है। एक शोध के जरिए बताया गया है कि यह फंगस शरीर में प्रवेश करने के बाद पहले फेफड़ों तक पहुंचता है और फिर मस्तिष्क को संक्रमित कर सकता है। चूहों पर हुए इस अध्ययन में यह भी बताया कि फंगस को मष्तिष्क तक का सफर तय करने में बहुत अधिक दिन का समय नहीं लगता है।
सेल होस्ट एंड माइक्रोब नामक मेडिकल जर्नल में प्रकाशित इस अध्ययन में शोधार्थियों ने क्रिप्टोकोकस नियोफॉर्मन्स नामक फंगस संक्रमण की पहचान की है। शोधार्थियों का दावा है कि इस अध्ययन के जरिए भविष्य में फंगस को रोकने या फिर मनुष्यों को बचाने के लिए अपनायी जाने वालीं नई रणनीतियों में मदद कर सकता है। दरअसल, क्रिप्टोकोकस नियोफॉर्मन्स नामक संक्रमण मस्तिष्क की एक दुर्लभ लेकिन घातक सूजन का प्रमुख कारण है।
कोयला तस्करी : फरार 15 आरोपियों के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी
पश्चिम बंगाल में कोयले के अवैध खनन और तस्करी मामले में फरार 15 आरोपियों के खिलाफ आसनसोल स्थित सीबीआई की विशेष अदालत ने गिरफ्तारी वारंट जारी किया है। सीबीआई की अपील पर यह कार्रवाई की गई है। बता दें कि अगस्त में सीबीआई ने 41 आरोपियों के खिलाफ पहली चार्जशीट दायर की थी। सूत्रों के मुताबिक, सीबीआई ने 15 आरोपियों को पूछताछ के लिए कई बार नोटिस भेजा, लेकिन वे हाजिर नहीं हुए। इसके बाद अदालत ने भी नोटिस जारी किया, लेकिन आरोपी फरार ही रहे। इसके बाद काफी समय बीतने पर सीबीआई ने अदालत से सभी के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी करने की अपील की। इस मामले में तृणमूल नेता विनय मिश्रा और रत्नेश भी फरार बताए जाते हैं।
केरल में एनआईए विशेष अदालत ने आईएस आतंकी को दोषी ठहराया
विशेष एनआईए अदालत ने बुधवार को आईएस के एक आतंकी को दोषी करार दिया है। उसे कतर से लौटने के बाद 2019 में केरल के एक हवाई अड्डे से गिरफ्तार किया गया था।
एनआईए के एक प्रवक्ता ने बताया कि शाइबू निहार वीके उर्फ अबु मरियम को एर्नाकुलम विशेष अदालत द्वारा आईएस से जुड़े मामले में भारतीय दंड संहिता और गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम के तहत दोषी ठहराया गया है। मामला शुरुआती तौर पर नवंबर 2017 में पुलिस ने दर्ज किया था।
महिला सहकर्मी को प्रताड़ित करने पर पुलिस अफसर गिरफ्तार
महिला सहकर्मी का पीछा करने, मारपीट करने और अश्लील संदेश भेजने के आरोप में मुंबई में एक सहायक पुलिस निरीक्षक (एपीआई) को गिरफ्तार किया गया है। कांदिवली के कुरार थाने के अधिकारी ने बताया, आरोपी एपीआई दीपक बाबूराव देशमुख के खिलाफ उसकी महिला सहकर्मी ने शिकायत दी थी। केस दर्ज कर मंगलवार देर रात उसे गिरफ्तार किया गया।
28 अक्तूबर से सिक्किम की यात्रा करेंगे दलाईलामा
तिब्बती बौद्ध धर्मगुरु दलाईलामा 28 अक्तूबर से सिक्किम की पांच दिवसीय यात्रा करेंगे। बुधवार को राज्यमंत्री वेन सोनम लामा ने यह जानकारी दी। दरअसल, मुख्यमंत्री पीएस तमांग ने दलाईलामा को सिक्किम आने का निमंत्रण भेजा था। राज्यमंत्री वेन सोनम ने बताया कि दलाईलामा ने सिक्किम जाने की इच्छा व्यक्त की है और उन्होंने 28 अक्तूबर से 1 नवंबर के बीच आने के निमंत्रण को स्वीकार कर लिया है।
कांग्रेस अध्यक्ष पद चुनाव : 9 हजार प्रतिनिधियों को पहली बार जारी हुए फोटोयुक्त पहचान पत्र
कांग्रेस के नए अध्यक्ष के चुनाव की तैयारियां तेज हो गई हैं। मतदान में शामिल होने वाले सभी राज्यों के नौ हजार प्रतिनिधियों की पहचान को लेकर कोई गड़बड़ी न हो इसके लिए पहली बार पार्टी ने फोटोयुक्त पहचान पत्र जारी किए हैं। पार्टी के केंद्रीय चुनाव प्राधिकरण की ओर से बुधवार को राज्यों को क्यूआर कोड वाले मतदाता पहचान पत्र जारी किए गए।