ड्रैगन का जवाब: विदेशी प्रतिबंधों से निपटने के लिए चीन ने पारित किया नया कानून
मानवाधिकारों के उल्लंघन के आरोपों के बाद चीन के खिलाफ यूरोपीय संघ, ब्रिटेन, अमेरिका और कनाडा की ओरसे समन्वित प्रयास के रूप में प्रतिबंध शुरू किए गए थे। इसके जवाब में चीन ने यूरोपीय अधिकारियों पर प्रतिबंध लगा दिया था। दूसरी ओर चीन ने अमेरिका द्वारा टिकटॉक और वीचैट पर प्रतिबंध को हटाने के बाद राष्ट्रपति जो बाइडन का स्वागत किया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
चीन की संसद ने गुरुवार को विदेशी प्रतिबंध विरोधी कानून पारित कर दिया। इस कानून के तहत चीनी अधिकारियों और संस्थाओं के खिलाफ विदेशी प्रतिबंधों को रोकने के लिए व्यापक कानूनी सुरक्षा प्रदान की जा सकेगी। चीन की संसद नेशनल पीपुल्स कांग्रेस (एनपीसी) की स्थायी समिति ने यह कानून पारित किया।
हांगकांग में चीन का राष्ट्रीय सुरक्षा कानून लागू किए जाने और शिनजियांग क्षेत्र में मुस्लिम उइगरों के खिलाफ मानवाधिकारों के उल्लंघन के आरोपों को लेकर कई चीनी संस्थाओं और अधिकारियों के खिलाफ अमेरिका और यूरोपीय संघ के देशों द्वारा प्रतिबंध लगाए जाने की पृष्ठभूमि में यह कानून पारित किया गया।
चीनी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता वांग वेनबिन ने कानून का बचाव किया। उन्होंने कहा कि चीन की राष्ट्रीय संप्रभुता, गरिमा और प्रमुख हितों की रक्षा करने और पश्चिमी आधिपत्य और सत्ता की राजनीति का विरोध करने के लिए सरकार ने कुछ देशों के संबंधित लोगों व संस्थाओं के खिलाफ जवाबी कदमों की घोषणा की है।
उन्होंने इस बात से साफ तौर पर इनकार किया कि यह कानून अन्य देशों के साथ चीन के संबंधों को प्रभावित करेगा। वेनबिन ने कहा, 'हम मानते हैं कि विदेशी प्रतिबंधों का मुकाबला करने के लिए देश में एक विशिष्ट कानून होना आवश्यक है ताकि जवाबी उपाय के लिए हमारे पास कानूनी आधार और गारंटी हो।'
उल्लेखनीय है कि चीन के कानूनी विशेषज्ञों का कहना है कि विदेशी प्रतिबंध विरोधी कानून चीन में अपनी तरह का पहला कानून है। उनके अनुसार इस कानून को लागू करने से विभिन्न देशों की ओर से उठाए गए एकतरफा और भेदभावपूर्ण कदमों के खिलाफ देश को मजबूत कानूनी समर्थन और गारंटी मिल सकेगी।
टिकटॉक-वीचैट पर पाबंदी हटाने का बाइडन का आदेश सही कदम
चीन ने अपने लोकप्रिय ऐप टिकटॉक और वीचैट पर प्रतिबंध लगाने के पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के समय के शासकीय आदेश को वापस लेने के अमेरिका के कदम का स्वागत किया। चीन ने इसे सही दिशा में उठाया गया सकारात्मक कदम करार दिया।
सरकार द्वारा संचालित चैनल सीजीटीएन ने वाणिज्य मंत्रालय के प्रवक्ता गाओ फेंग के हवाले से कहा कि अमेरिका को चीन की कंपनियों के साथ उचित और निष्पक्ष व्यवहार करना चाहिए और साथ ही व्यापार के विषयों में राजनीति को लाने से बचना चाहिए।
बता दें कि व्हाइट हाउस ने बुधवार कोसोशल मीडिया प्लेटफॉर्म टिकटॉक और मैसेजिंग ऐप वीचैट पर पिछली सरकार के प्रतिबंध को हटा लिया था। उसने चीनी एप के साथ राष्ट्रीय सुरक्षा के जोखिमों का पता लगाने के उद्देश्य से अपनी समीक्षा की बात कही थी।
चीन के दोनों ऐप पर लगी पाबंदी हटाने का अमेरिका का आदेश चीन में राहत के तौर पर आया है। वैसे बाइडन प्रशासन चीन के खिलाफ ट्रंप के समय लागू कड़ी नीतियों को अमल में ला रहा है और इससे दुनिया की दो बड़ी अर्थव्यवस्थाओं के बीच मतभेद गहरा रहे हैं।