भारतीय मूल के ब्रिटिश सांसद कीथ वाज ने की सेवानिवृत्ति की घोषणा
कोकीन केस में दोषी भारतीय मूल के सबसे पुराने ब्रिटिश सांसद कीथ वाज ने रविवार को संसद से अपनी सेवानिवृत्ति की घोषणा की। उन्होंने यह घोषणा तब की जब लगभग 10 दिन पहले उन्हें ब्रिटिश संसद ने छह महीने के लिये निलंबित कर दिया था।
दरअसल, संसद की एक समिति की रिपोर्ट में यह पाया गया कि उन्होंने पुरुष यौनकर्मियों के लिए कोकीन खरीदने की इच्छा जाहिर की थी, जिसके बाद उनके खिलाफ यह कदम उठाया गया।
वाज 1987 से ही लेबर पार्टी की तरफ से लीसेस्टर ईस्ट सीट से सांसद हैं। उन्होंने रविवार रात एक बयान में कहा कि वह 12 दिसंबर को होने वाले आम चुनावों में हिस्सा नहीं लेंगे।
वाज ने अपनी वेबसाइट पर पोस्ट किये गए एक बयान में कहा, “मैंने लीसेस्टर ईस्ट से 32 साल तक सांसद रहने के बाद सेवानिवृत्ति का मन बनाया है। मैंने आठ आम चुनाव जीते हैं।”