UK: ब्रिटेन के प्रधानमंत्री स्टार्मर ने अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप से की मुलाकात, गाजा के हालात पर हुई चर्चा
UK: ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर ने स्कॉटलैंड में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से मुलाकात की और गाजा संकट पर अमेरिका से अधिक भूमिका निभाने आग्रह किया। दोनों नेताओं ने गाजा, यूक्रेन युद्ध, फलस्तीन को मान्यता और व्यापार समझौतों जैसे अहम मुद्दों पर चर्चा की।
विस्तार
ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर ने सोमवार को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से स्कॉटलैंड में मुलाकात की और गाजा में जारी मानवीय संकट पर अमेरिका की भूमिका बढ़ाने का आग्रह किया। स्टार्मर और उनकी पत्नी विक्टोरिया ट्रंप के टर्नबेरी गोल्फ कोर्स पर पहुंचे। ट्रंप ने उन्हें संपत्ति दिखाई और बातचीत की, लेकिन स्टार्मर ने शुरुआत में ही कहा कि गाजा की 'नाजुक स्थिति' उनकी बातचीत का अहम मुद्दा होगी।
जब ट्रंप से पूछा गया कि क्या उन्हें लगता है कि गाजा में भुखमरी की स्थिति को बढ़ा-चढ़ाकर बताया जा रहा है, जैसा कि इस्राइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा था, तो उन्होंने जवाब दिया, टीवी देखकर लगता है कि बच्चे सच में भूखे हैं। स्टार्मर ने और सख्ती से कहा, ब्रिटेन के लोग जो देख रहे हैं, उससे बहुत परेशान हैं।
ये भी पढ़ें: संघर्ष विराम का श्रेय लेने से बाज नहीं आ रहे ट्रंप, बोले- मैं नहीं होता तो भारत-पाकिस्तान लड़ रहे होते
ट्रंप ने माना कि गाजा की स्थिति को लेकर इस्राइल की भी जिम्मेदार है, लेकिन उसने बंधकों की सुरक्षा को लेकर सीमाएं झेली हैं। उन्होंने कहा, मुझे लगता है इस्राइल कुछ और कर सकता है। हालांकि, उन्होंने विस्तार से कुछ नहीं बताया। प्रधानमंत्री स्टार्मर टर्नबेरी के बाद एबरडीन के पास ट्रंप के दूसरे गोल्फ कोर्स की यात्रा करेंगे, जहां मंगलवार को तीसरे गोल्फ कोर्स का उद्घाटन होना है। ट्रंप ने अपने गोल्फ कोर्स की तारीफ करते हुए कहा था कि यह दुनिया का सबसे बेहतरीन गोल्फ कोर्स है। हालांकि बातचीत में गाजा, यूक्रेन युद्ध और व्यापार समझौते जैसे गंभीर मुद्दों पर भी चर्चा हुई।
स्टार्मर ने ट्रंप से आग्रह किया कि अमेरिका इस्राइल पर दबाव बनाए, ताकि गाजा में और अधिक मानवीय सहायता पहुंच सके। ब्रिटेन पहले ही जॉर्डन की मदद से गाजा में राहत सामग्री भेजने की योजना में शामिल है। ब्रिटिश मंत्री जोनाथन रेनॉल्ड्स ने भी माना कि इस संकट में असली बदलाव केवल अमेरिका ही ला सकता है। स्टार्मर पर उनकी लेबर पार्टी का दबाव है कि वह फ्रांस की तरह फलस्तीन को एक स्वतंत्र देश के रूप में मान्यता दें, लेकिन उन्होंने कहा कि यह एक व्यापक योजना का हिस्सा होना चाहिए। ट्रंप ने इस पर कोई विरोध नहीं जताया। यूक्रेन युद्ध को खत्म करने के लिए बातचीत की संभावना पर भी चर्चा हुई। ट्रंप ने पहले ही रूस को 50 दिनों में बातचीत शुरू करने का अल्टीमेटम दिया है और अब वह इस समय को और कम करना चाहते हैं।
ये भी पढ़ें: 'इस्राइल से व्यापार करने वाली किसी भी कंपनी के जहाज को बनाएंगे निशाना', हूती विद्रोहियों ने दी चेतावनी
ट्रंप और स्टार्मर ने टैरिफ और व्यापार समझौतों पर भी चर्चा की। मई में दोनों ने एक साझा व्यापार प्रस्ताव पर सहमति दी थी, जिससे ब्रिटेन के ऑटो क्षेत्र पर अमेरिकी टैरिफ 25% से घटाकर 10% किए गए और अमेरिका से अधिक बीफ आयात का वादा किया गया। हालांकि, कुछ मुद्दे जैसे ब्रिटिश स्टील और स्कॉच व्हिस्की पर टैरिफ अभी भी लंबित हैं। स्कॉटलैंड के प्रथम मंत्री जॉन स्विनी ने ट्रंप से 10% टैरिफ हटाने की मांग की। ट्रंप की इस यात्रा के दौरान विरोध प्रदर्शन भी हुआ, जब शनिवार ट्रंप गोल्फ खेल रहे थे।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get latest World News headlines in Hindi related political news, sports news, Business news all breaking news and live updates. Stay updated with us for all latest Hindi news.