UK: ब्रिटेन के राजा चार्ल्स-3 ने संसद के उद्घाटन सत्र को किया संबोधित, सुनक सरकार की योजनाओं को किया पेश
राजा ने अपनी दिवंगत मां महारानी एलिजाबेथ-2 को श्रद्धांजलि देते हुए अपने भाषण की शुरुआत की थी। प्रधानमंत्री ऋषि सुनक के शासन में ब्रिटेन के इतिहास में पहली बार किसी 70 वर्ष से अधिक उम्र के राजा ने संसद सत्र का उद्धाटन किया है।
विस्तार
ब्रिटेन के राजा चार्ल्स-3 ने मंगलवार को राजा के रूप में अपना पहला भाषण दिया। इसी के साथ उन्होंने अगले चुनाव से पहले प्रधानमंत्री ऋषि सुनक की योजनाओं को पेश किया। बता दें, रानी कैमिला के साथ राजा चार्ल्स संसद का औपचारिक राजकीय उद्घाटन करने पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने सुनक सरकार की तारीफ की और इस्राइल-हमास युद्ध पर भी अपना पक्ष रखा।
पढ़िए क्या बोले राजा
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, राजा ने अपनी दिवंगत मां महारानी एलिजाबेथ-2 को श्रद्धांजलि देते हुए अपने भाषण की शुरुआत की थी। प्रधानमंत्री ऋषि सुनक के शासन में ब्रिटेन के इतिहास में पहली बार किसी 70 वर्ष से अधिक उम्र के राजा ने संसद सत्र का उद्धाटन किया है। चार्ल्स-3 ने कहा कि मेरी प्यारी मां द्वारा इस देश के प्रति स्थापित सेवा और समर्पण की विरासत को ध्यान में रखते हुए मैं कई वर्षों बाद भाषण दे रहा हूं। मेरे मंत्रियों का ध्यान आर्थिक विकास को बढ़ाने और आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वास्थ्य और सुरक्षा मुहैया कराने पर है। राजा ने आगे कहा कि मेरी सरकार महंगाई को कम करने, परिवारों के जीवनयापन को बेहतर बनाने के लिए काम कर रही है। व्यवसायों को धन मुहैया कराना और नए रोजगार मुहैया कराने के लिए भी मेरी सरकार प्रतिबद्ध है।
हमास हमले की निंदा
चार्ल्स-3 ने आगे कहा कि इस्राइल-हमास के बीच लंबे समय से युद्ध जारी है। मैं हमास के आतंकियों की निंदा करता हूं। हम आतंकवादियों के खिलाफ इस्राइल में शांति चाहते हैं। मेरे मंत्री यूक्रेन का समर्थन कर रहे हैं। नाटो को मजबूत करने के लिए वे अंतरराष्ट्रीय भागीदारों के साथ मिलकर काम कर रहे हैं। मेरे मंत्री गतिशील अर्थव्यवस्थाओं के साथ व्यापार समझौतों पर बातचीत करना जारी रखेंगे। इससे यूनाइटेड किंगडम में नौकरियां और विकास होगा। मेरी सरकार वर्तमान में भारत के साथ मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) पर बातचीत कर रहा है, जो इस समय तेरहवें दौर की वार्ता में है। उन्होंने कहा कि मैं नवंबर के अंत में राजकीय यात्रा पर आने वाले कोरिया गणराज्य के राष्ट्रपति और उनकी पत्नी किम केओन का स्वागत करने के लिए उत्सुक हूं।