{"_id":"62692e83f2c7fb38d871e905","slug":"bilawal-bhutto-zardari-took-oath-as-foreign-minister-of-pakistan-maryam-nawaz-withdraws-plea-for-return-of-passport-news-in-hindi","type":"story","status":"publish","title_hn":"पाकिस्तान: बिलावल भुट्टो ने ली विदेश मंत्री पद की शपथ, मरियम नवाज ने पासपोर्ट के लिए हाईकोर्ट से याचिका वापस ली","category":{"title":"World","title_hn":"दुनिया","slug":"world"}}
पाकिस्तान: बिलावल भुट्टो ने ली विदेश मंत्री पद की शपथ, मरियम नवाज ने पासपोर्ट के लिए हाईकोर्ट से याचिका वापस ली
Wed, 27 Apr 2022 06:28 PM IST
गौरव पाण्डेय
वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला, इस्लामाबाद
वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला, इस्लामाबाद
Published by: गौरव पाण्डेय
Updated Wed, 27 Apr 2022 06:28 PM IST
सार
बिलावल भुट्टो जरदारी को पाकिस्तान की नई सरकार में विदेश मंत्री का पद दिया गया है। बुधवार को राष्ट्रपति ने उन्हें पद की शपथ दिलाई। वहीं, मरयम नवाज ने अपना पासपोर्ट पाने के लिए लाहौर हाईकोर्ट में एक याचिका दाखिल की थी, जिसे उन्होंने आज वापस ले लिया।
विज्ञापन
विदेश मंत्री पद की शपथ लेते बिलावल भुट्टो जरदारी
- फोटो : twitter/AseefaBZ
विस्तार
पाकिस्तान पीपल्स पार्टी (पीपीपी) के अध्यक्ष बिलावल भुट्टो जरदारी को प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ के नेतृत्व वाली नई सरकार में विदेश मंत्री का ओहदा दिया गया है। जरदारी ने बुधवार को इस पद की शपथ ग्रहण की। दूसरी ओर, देश के पूर्व प्रधानमंत्री नवाज शरीफ की बेटी मरयम नवाज ने अपना पासपोर्ट पाने के लिए लाहौर हाईकोर्ट में दाखिल याचिका वापस ले ली है।
विज्ञापन
राष्ट्रपति आरिफ अल्वी ने 33 वर्षीय बिलावल भुट्टो जरदारी को राष्ट्रपति आवास पर आयोजित एक साधारण समारोह में विदेश मंत्री पद की शपथ दिलाई। इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ भी मौजूद रहे। शपथ लेने से लगभग एक सप्ताह पहले बिलावल भुट्टो जरदारी ने पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज (पीएमएल-एन) के प्रमुख नवाज शरीफ से लंदन में मुलाकात की थी।
विज्ञापन
इस दौरान नवाज शरीफ और जरदारी ने देश में राजनीतिक हालात पर चर्चा की थी और राजनीतिक व राष्ट्रीय हितों के मुद्दों पर साथ मिल कर काम करने का संकल्प लिया था। पीपीपी पाकिस्तान में वर्तमान गठबंधन सरकार की दूसरी सबसे बड़ी पार्टी है। पिछले सप्ताह नई कैबिनेट गठन के पहले चरण में बिलावल भुट्टो जरदारी की गैरमौजूदगी ने कई सवाल खड़े किए थे।
विज्ञापन
पाक के सबसे युवा विदेश मंत्री बने बिलावल जरदारी
महज 33 साल की उम्र में पाकिस्तान के विदेश मंत्री बनने वाले बिलावल भुट्टो जरदारी यह पद संभालने वाले सबसे युवा नेता बन गए हैं। शपथ ग्रहण करने के बाद उन्होंने कहा कि पाकिस्तान के युवाओं को कभी भी अपने सपनों को पूरा करने की कोशिश नहीं छोड़नी चाहिए। कुछ भी असंभव नहीं है। शपथ ग्रहण करने के बाद जरदारी ने प्रधानमंत्री के साथ एक बैठक भी की।
मरयम नवाज ने पासपोर्ट के लिए याचिका वापस ली
पीएमएल-एन की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मरयम नवाज ने बुधवार को लाहौर हाईकोर्ट में दाखिल अपनी एक याचिका वापस ले ली है। यह याचिका उन्होंने अपना पासपोर्ट पाने के लिए दाखिल की थी ताकि वह उमरा तीर्थयात्रा करने के लिए सऊदी अरब की यात्रा कर सकें। 48 वर्षीय मरयम ने हाईकोर्ट में अपना पासपोर्ट 2019 के एक भ्रष्टाचार के मामले में जमानत के लिए जमा किया था।
नेशनल अकाउंटेबिलिटी ब्यूरो (एनएबी) ने आशंका जताई थी कि मरयम नवाज देश छोड़ सकती हैं। न्यायाधीशों की ओर से एक के बाद एक खुद को अलग करने के कारण याचिका पर सुनवाई के लिए कम से कम चार पीठों के गठन के बाद मरियम ने याचिका वापस ले ली है। बुधवार को एक विशेष खंड पीठ से उनके वकील ने कहा कि हम याचिका वापस लेना चाहते हैं।
अमेरिका से दुश्मनी बर्दाश्त नहीं कर सकता पाकिस्तान: शरीफ
इस बीच पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने कहा है कि पाकिस्तान अमेरिका के साथ दुश्मनी बिल्कुल भी नहीं रख सकता। इसके साथ ही उन्होंने संकल्प लिया कि इमरान खान की पिछली सरकार की दोषपूर्ण विदेश नीतियों के कारण देश से दूर हो गए सभी सहयोगियों तथा दोस्तों के साथ संबंध सुधारने पर जोर दिया जाएगा।
ईद के बाद पाकिस्तान लौटेंगे नवाज शरीफ
10 साल के लिए वैध पासपोर्ट जारी होने के एक दिन बाद पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री नवाज शरीफ के ईद के बाद वतन लौटने की बात सामने आई है। संघीय मंत्री जावेद लतीफ ने कहा कि स्वदेश वापसी के बाद कोर्ट का सामना करेंगे। उन्होंने कहा, यदि स्वदेश वापसी के बाद नवाज शरीफ गिरफ्तार नहीं हुए तो वह पीएमएल-एन की सभाओं का नेतृत्व करेंगे। उनके वापस आने की तारीख फिलहाल तय नहीं है। नवाज शरीफ पर भ्रष्टाचार के कई केस दर्ज हैं।