धूम्रपान की लत पड़ी भारी: जापान-ब्रिटेन की रस्साकशी में बांग्लादेश के फंसने का अंदेशा
जापान टुबैको की शिकायत है कि बैट ने अनुचित तरीकों का इस्तेमाल कर उसका बाजार छीना है। इस मामले में उसने प्रतिस्पर्धा आयोग में शिकायत दर्ज कराई थी। आरंभिक जांच में आयोग ने जापान टुबैको की शिकायत को सही माना। अब उसने इस मामले की विस्तृत जांच करने का फैसला किया है...
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बांग्लादेश सरकार को जल्द ही ब्रिटेन की कंपनी ब्रिटिश-अमेरिकन टुबैको (बैट) के खिलाफ मोर्चा खोलने पर मजबूर होना पड़ सकता है। बांग्लादेश के प्रतिस्पर्धा आयोग ने अपनी जांच में पाया है कि इस कंपनी ने बांग्लादेश के बाजार में अपने वर्चस्व का दुरुपयोग किया है। इसकी वजह से जापान की कंपनी- जापान टुबैको को नुकसान हुआ है। विश्लेषकों का कहना है कि आयोग की सिफारिशों पर अगर अवामी लीग सरकार कदम उठाती है, तो उसका असर ब्रिटेन के साथ बांग्लादेश के रिश्तों पर पड़ सकता है।
यूरोमोनिटर इंटरनेशनल नाम की संस्था के मुताबिक बांग्लादेश दक्षिण एशिया में सिगरेट का सबसे बड़ा बाजार है। यहां तंबाकू की खपत भारत और पाकिस्तान से भी ज्यादा है। अब जापान टुबैको नाम से जानी जाने वाली कंपनी का बांग्लादेश के तंबाकू बाजार में एक समय बड़ा हिस्सा था। टोक्यो स्थित कंपनी- जापान टुबैको ने 2018 में एक बड़ी खरीदारी की। उसने 1.48 बिलियन डॉलर में अकिज ग्रुप कंपनी को खरीद लिया था। बांग्लादेश के कॉरपोरेट सेक्टर में उसे सबसे बड़ी खरीदारी बताया गया था। लेकिन उस सौदे के बाद से जापान टुबैको के बाजार हिस्से में भारी गिरावट आई है।
प्रतिस्पर्धा आयोग में शिकायत
जापान टुबैको की शिकायत है कि बैट ने अनुचित तरीकों का इस्तेमाल कर उसका बाजार छीना है। इस मामले में उसने प्रतिस्पर्धा आयोग में शिकायत दर्ज कराई थी। आरंभिक जांच में आयोग ने जापान टुबैको की शिकायत को सही माना। अब उसने इस मामले की विस्तृत जांच करने का फैसला किया है। इसके तहत अपना फैसला देने के पहले आयोग एक बार फिर से बैट को अपना पक्ष रखने का मौका देगा।
वेबसाइट निक्कईएशिया.कॉम की एक रिपोर्ट के मुताबिक जब से अकिज ग्रुप की कंपनी जापान टुबैको के हाथ में आई है, बांग्लादेश के बाजार में उसका हिस्सा गिर कर लगभग 12 फीसदी रह गया है। जबकि खरीदारी के वक्त उसका हिस्सा तकरीबन 20 फीसदी था। उधर बैट का हिस्सा साढ़े 68 फीसदी से बढ़ कर लगभग 80 फीसदी हो गया है। बताया जाता है कि बांग्लादेश में हर साल 70 अरब सिगरेट की बिक्री होती है। देश की वयस्क आबादी में 35 फीसदी को धूम्रपान की लत है। बांग्लादेश की कुल आबादी साढ़े 16 करोड़ है।
जापान टुबैको की शिकायत है कि बैट बांग्लादेश के उन खुदरा कारोबारियों को दंडित करती है, जो जापान टुबैको की सिगरेट बेचते हैं। वह ऐसे कारोबारियों को धमकी देती है कि वह उन्हें अपने ब्रांड के सिगरेट की सप्लाई करना रोक देगी। जापान टुबैको का दावा है कि बैट का ये व्यवहार बांग्लादेश के प्रतिस्पर्धा कानून का उल्लंघन है। कंपनी ने कहा है कि बैट के ऐसे व्यवहार के कारण रिटेल कारोबारियों के पास सिर्फ बैट की सिगरेट रखने और बेचने के अलावा कोई और चारा नहीं बचता।
जापानी राजूदत ने बांग्लादेश के वित्त मंत्री को लिखा पत्र
जापान टुबैको की तरफ से ये मामला ढाका स्थित जापान के राजदूत ने भी उठाया था। पिछले साल उन्होंने इस बारे में बांग्लादेश के वित्त मंत्री मुस्तफा कमाल को पत्र लिखा था। उसमें उन्होंने ध्यान दिलाया था कि जापानी टुबैको कंपनी ने बांग्लादेश में अपने देश की तरफ से सबसे बड़ा निवेश किया है, इसलिए इस मामले पर जापानी निवेशकों की नजर है।
विश्लेषकों का कहना है कि प्रतिस्पर्धा आयोग का अंतिम फैसला आने के बाद बांग्लादेश सरकार को बैट के खिलाफ कार्रवाई करनी होगी। आशंका है कि तब इस मामले में ब्रिटिश सरकार भी दखल दे सकती है।