Bangladesh: बांग्लादेश में दिसंबर तक होंगे आम चुनाव, मोहम्मद यूनुस ने खालिदा जिया की पार्टी को दिया आश्वासन
बीएनपी के महासचिव मिर्जा फखरुल इस्लाम आलमगीर ने कहा कि बैठक के बाद यूनुस ने उन्हें बताया कि सरकार दिसंबर तक चुनाव कराने के लिए काम कर रही है। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी ने बार-बार सरकार से चुनाव जल्दी कराने का अनुरोध किया है।
विस्तार
बांग्लादेश की अंतरिम सरकार बांग्लादेश आम चुनाव दिसंबर 2025 में कराने की तैयारी कर रही है। इस बात का दावा बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) के बीएनपी महासचिव मिर्जा फखरुल इस्लाम ने की। उन्होंने कहा कि सोमवार को अंतरिम सरकार के मुख्य सलाहाकार मोहम्मद यूनुस ने बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री खालिदा जिया की पार्टी बीएनपी को भरोसा दिलाया कि उनकी अंतरिम सरकार दिसंबर तक आम चुनाव कराएगी।
बीएनपी महासचिव मिर्जा ने दी जानकारी
बीएनपी महासचिव मिर्जा फखरुल इस्लाम आलमगीर ने पत्रकारों से बातचीत में बताया कि बैठक के बाद यूनुस ने उन्हें बताया कि सरकार दिसंबर तक चुनाव कराने के लिए काम कर रही है। आलमगीर ने कहा कि उनकी पार्टी ने बार-बार सरकार से चुनाव जल्दी कराने का अनुरोध किया है। उन्होंने यह भी कहा कि अगर न्यूनतम सुधारों को पूरा किया जाए और चुनाव आयोग के साथ बातचीत करके आम सहमति बनाई जाए, तो चुनाव जल्दी कराए जा सकते हैं।
सरकार की आलोचना की
आलमगीर ने हाल ही में हुई घटनाओं पर भी सरकार की आलोचना की, जैसे कि धानमंडी की घटना, जिसमें बांग्लादेश के संस्थापक शेख मुजीबुर रहमान के घर को भीड़ ने तोड़ दिया था। उन्होंने कहा कि सरकार इन घटनाओं की जिम्मेदारी से बच नहीं सकती, और इन घटनाओं के कारण कानून-व्यवस्था की स्थिति बिगड़ी है।
बढ़ती महंगाई पर जताई चिंता
आलमगीर ने यह भी कहा कि पार्टी के प्रतिनिधिमंडल ने बढ़ती महंगाई पर चिंता जताई, जो सरकार की एक बड़ी विफलता है। हालांकि, सरकार ने कहा कि वह इसे नियंत्रित करने के प्रयास कर रही है। साथ ही आलमगीर ने सरकार के हालिया सुरक्षा अभियान डेविल हंट पर भी चिंता व्यक्त की।
आम चुनाव से पहले और कोई चुनाव स्वीकार नहीं- आलमगीर
उन्होंने कहा कि इस अभियान में निर्दोष लोगों को नहीं फंसाना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि बीएनपी राष्ट्रीय चुनाव से पहले किसी भी स्थानीय चुनाव को स्वीकार नहीं करेगी। इसके अलावा, नज़रुल इस्लाम खान के नेतृत्व में एक और बीएनपी प्रतिनिधिमंडल ने मुख्य चुनाव आयुक्त एएमएस नासिर उद्दीन से मुलाकात की, ताकि चुनाव की तैयारियों का जायजा लिया जा सके।