आखिर क्यों गंजे हो गए थे सीनियर बुश? पढ़िए उनसे जुड़ी कुछ दिलचस्प बातें
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति जॉर्ज एच डब्ल्यू बुश का 94 साल की उम्र में शुक्रवार को निधन हो गया। वो किसी भी अमेरिकी राष्ट्रपति से अधिक उम्र तक जीने वाले राष्ट्रपति थे। उन्होंने 1989 से 1993 तक अमेरिकी राष्ट्रपति का पद संभाला। उन्हें दुनिया के सबसे ताकतवर नेताओं में से एक माना जाता था।
सीनियर बुश का जन्म 12 जून, 1924 को अमेरिका के मिल्टन में हुआ था, लेकिन उनकी शुरुआती शिक्षा ग्रीनविच में हुई, क्योंकि उनके जन्म के तुरंत बाद उनका परिवार ग्रीनविच आकर बस गया था। बचपन से ही अपनी दिलचस्प बातों की वजह से वो लोगों चहेते बन गए थे। उनके इसी गुण के कारण आसपास के लोग उन्हें पॉपी बुलाया करते थे।
स्कूली गतिविधियों में भी बुश बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते थे। हालांकि दूसरे विश्वयुद्ध के दौरान साल 1941 में पर्ल हार्बर में हुए हमले ने उन्हें इतना झकझोर दिया कि उन्होंने अपनी पढ़ाई-लिखाई छोड़ दी और महज 18 साल की उम्र में अमेरिकी नेवी में शामिल हो गए। उसके बाद उनके जीवन में कई ऐसे मोड़ आए, जहां उन्होंने खुद को सबसे बेहतर साबित करके दिखाया।
उस दौर में सबसे कम उम्र के पायलट थे बुश
1940 के दशक में बुश अमेरिका के सबसे कम उम्र के विमान चालक थे। हालांकि उन्होंने सिर्फ 4 साल तक ही अमेरिकी नेवी में काम किया और उसके बाद फिर से पढ़ाई में लग गए और उन्होंने येल यूनिवर्सिटी से आर्ट्स में ग्रेजुएशन किया।
बड़ी दिलचस्प है सीनियर बुश की शादी की कहानी
नेवी में अपने कार्यकाल के दौरान ही सीनियर बुश की मुलाकात बारबरा पीयर्स से हुई थी। तब उन्हें कहां पता था कि वहीं उनकी जीवनसंगिनी भी बनेंगी। बारबरा से मुलाकातों का सिलसिला जैसे-जैसे आगे बढ़ता गया, बुश का प्यार भी और गहराता गया। आखिरकार दोनों ने बाद में शादी कर ली। बुश और बारबरा दोनों 73 सालों तक साथ रहे, जो एक रिकॉर्ड ही है, क्योंकि इतने समय तक अमेरिका का कोई भी राष्ट्रपति अपनी पत्नी के साथ नहीं रहा है। बारबरा का निधन भी इसी साल अप्रैल में हुआ था।
ये उपलब्धि भी है सीनियर बुश के नाम
सीनियर बुश ने साल 1963 में अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत की थी। उस समय वे टेक्सास से रिपब्लिकन पार्टी के चेयरमैन चुने गए थे। उसके बाद तो वो लगातार आगे बढ़ते रहे, जब तक राष्ट्रपति के पद तक न पहुंच गए। बता दें कि साल 1836 के बाद बुश पहले ऐसे उपराष्ट्रपति थे जो राष्ट्रपति भी बने थे।
गंजे भी हो गए थे सीनियर बुश?
एक बार ल्यूकीमिया से पीड़ित एक बच्चे के प्रति समर्थन दिखाने के लिए अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति सीनियर बुश ने सिर के बाल कटा दिए थे। दरअसल, उनकी सुरक्षा में लगे एक सीक्रेट सर्विस एजेंट का दो वर्षीय बेटे को कैंसर के इलाज के दौरान अपने बाल गंवाने पड़े थे। बुश ने उस बच्चे के प्रति अपना सहानुभूति दिखाते हुए अपने भी सिर के बाल कटा दिए थे।
सीनियर बुश पर यौन उत्पीड़न के भी लगे थे आरोप
सीनियर बुश पर यौन उत्पीड़न के भी आरोप लगे थे। एक अभिनेत्री हीथर लिंड ने उनपर ये आरोप पिछले साल ही लगाया था। अभिनेत्री का कहना था कि पूर्व राष्ट्रपति जॉर्ज बुश सीनियर ने अपनी व्हीलचेयर पर बैठे-बैठे उसे पीछे से छुआ था और फोटो खिंचाने के दौरान गंदा मजाक किया था।
हालांकि सीनियर बुश ने बाद में इस आरोप पर माफी मांग ली थी। उनके एक प्रवक्ता का कहा था, 'राष्ट्रपति बुश किसी भी सूरत में कभी जान-बूझकर किसी को तकलीफ नहीं देते और अगर उनकी हंसी-मजाक की कोशिश से कोई आहत हुआ है तो वो इसके लिए पूरी गंभीरता से माफी मांगते हैं।'