{"_id":"62707f6c-c916-11e2-9e8a-d4ae52bc57c2","slug":"new-york-mayor-found-letter-with-poison","type":"story","status":"publish","title_hn":"अब न्यूयार्क के मेयर को मिली ज़हरबुझी चिट्ठी","category":{"title":"America","title_hn":"अमेरिका","slug":"america"}}
अब न्यूयार्क के मेयर को मिली ज़हरबुझी चिट्ठी
बीबीसी
Updated Thu, 30 May 2013 04:17 PM IST
विज्ञापन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पुलिस ने कहा है कि न्यूयार्क के मेयर माइकल ब्लूमबर्ग को भेजी गई दो चिट्ठियों की शुरुआती जांच में ख़तरनाक ज़हर रीसिन मिला है।
विज्ञापन
पुलिस का कहना है कि चिट्ठी लिखने वाले ने हथियारों से संबंधित क़ानून पर जारी बहस को लेकर मेयर ब्लूमबर्ग को धमकी दी थी।
इनमें से एक चिट्ठी के संपर्क में आने वाले आपातकालीन सेवा के कर्मियों में रीसिन के प्रभाव के कुछ लक्षण नज़र आए।
हालांकि अभी यह साफ़ नहीं हुआ है कि इन चिट्ठियों और अन्य प्रमुख लोगों को भेजी गईं रीसिन से युक्त चिट्ठियों में कोई संबंध है या नहीं।
किसने भेजी ज़हरीली चिट्ठी?
राष्ट्रपति बराक ओबामा, मिसीसिपी के सीनेटर और न्यायाधीश को इस तरह की चिट्ठियां भेजने का आरोप मिसीसिपी के एक व्यक्ति पर लगाया गया है।न्यायाधीश को चिट्ठी भेजने के आरोप में वॉशिंगटन में एक व्यक्ति को गिरफ़्तार किया गया है।
पुलिस का कहना है कि ब्लूमबर्ग को भेजी गई चिट्ठियों की जाँच में रीसिन की मौज़दगी के संकेत मिले हैं। रीसिन को अरंडी के बीजों से निकाला जाता है।
यह सायनाइड से हज़ार गुना अधिक ज़हरीला होता है। सूंघने, चखने या इसकी सूई लगाने पर यह ख़तरनाक़ साबित हो सकता है। हालांकि इसके प्रभाव से बचा जा सकता है।
ब्लूमबर्ग को जो दो चिट्ठियां भेजी गई थीं, उनमें से एक को मैनहट्टन पोस्ट ऑफ़िस में शुक्रवार को और दूसरी को वॉशिंगटन स्थित उनके दफ़्तर में रविवार को खोला गया था।
विज्ञापन
बंदूक पर बहस
न्यूयार्क सिटी पुलिस विभाग (एनवाईपीडी) की ओर से जारी एक बयान में कहा गया है, ''इस चिट्ठी के संपर्क में आए असैनिक कर्मियों में तो इसका कोई लक्षण नज़र नहीं आया। लेकिन पोस्टल सुविधा में खोली गई चिट्ठी के संपर्क में आए आपात सेवा के कर्मियों में शनिवार को कुछ लक्षण दिखाई दिए। उनकी जांच की गई। लेकिन तब से वे स्वस्थ हैं।''
विज्ञापन
एनवाईपीडी ने बयान में कहा है कि संघीय जांच एजेंसी के ज्वाइंट टेररिस्ट टास्क फ़ोर्स और एनवाईडीपी इस मामले की जांच कर रहे हैं। मेयर की सुरक्षा की ज़िम्मेदारी एनवाईपीडी के पास है।
मेयर ब्लूमबर्ग बंदूकों को लेकर सख्त क़ानून के प्रखर समर्थक हैं।पिछले साल दिसंबर में कनेक्टीकट के एक स्कूल में हुई गोलीबारी में हुई 26 लोगों की मौत के बाद बंदूक क़ानून पर जारी बहस को लेकर अमरीकी बंटे हुए हैं। यह वहाँ का प्रमुख राजनीतिक मुद्दा बन गया है।